App

जब भारत के पास आकाश और S-400 है, तो 'भार्गवास्त्र' क्यों बनाया? चाहकर भी हवाई सीमा नहीं लांघ पाएगा दुश्मन

स्वार्म ड्रोन अटैक के बढ़ते खतरों को देखते हुए भारत अपनी क्षमताओं में लगातार विकास कर रहा है. ऐसे खतरों को ध्वस्त करने के लिए भारत ने एक अनोखे सिस्टम का विकास किया है, जो आसमान में मंडराते सैकड़ों ड्रोनों को भी तबाह कर सकता है.

जब भारत के पास आकाश और S-400 है, तो 'भार्गवास्त्र' क्यों बनाया? चाहकर भी हवाई सीमा नहीं लांघ पाएगा दुश्मन
Image Credit: पोखरण रेंज में रॉकेट दागता हुआ भारत का भार्गवास्त्र

चीन और पाकिस्तान की ओर से बढ़ते ड्रोन हमलों के खतरों को देखते हुए भारत तेजी से अपनी एंटी-ड्रोन किलिंग क्षमताओं को विकसित कर रहा है. इसके लिए भारत ने 'भार्गवास्त्र' नाम का अनोखा सिस्टम विकसित किया है. इस सिस्टम में रॉकेट और छोटे आकार की मिसाइलें लगी होती हैं, जो दुश्मन का ड्रोन देखते ही उसे उड़ाकर हवा में ही खाक कर देती हैं.

इस एंटी ड्रोन सिस्टम का विकास सोलर डिफेंस एंड एयरोस्पेस लिमिटेड यानी SDAL ने किया है. 'भार्गवास्त्र' असल में एक 'व्हीकल-माउंटेड काउंटर स्वार्म ड्रोन सिस्टम' (VMCSDS) है. राजस्थान के पोखरण फायरिंग रेंज में 20 से 24 नवंबर 2026 के बीच इसके इन-हाउस ट्रायल किए गए. जिसमें वह आसमान से आ रहे सभी दुश्मनों को सटीकता से तबाह करने में कामयाब रहा.

डिफेंस एक्सपर्टों के मुताबिक, भारत ने यह सिस्टम दुश्मन के ड्रोन झुंडों से निपटने के लिए तैयार किया है. इस सिस्टम में रॉकेट और छोटी मिसाइलें, दोनों लगे होते हैं. जिससे यह आसमान में मंडराते किसी भी खतरे को खत्म कर सकता है. इस सिस्टम में एक साथ कई ड्रोनों को निशाना बनाने की क्षमता है.

कैसे काम करता है 'भार्गवास्त्र'?

'भार्गवास्त्र' में एयर डिफेंस रॉकेट और गाइडेड माइक्रो-मिसाइलों को एक वाहन पर जोड़ा गया है. यह लंबी और कम, दोनों दूरियों से आने वाले खतरों से निपट सकता है. यह सिस्टम दो चरणों में काम करता है. पहले चरण में आसमान में दिख रहे ड्रोन के झुंड को बिखेरने या खत्म करने के लिए रॉकेट दागे जाते हैं.

इसके बाद भी अगर ड्रोन आगे बढ़ते हैं तो वाहन में लगी गाइडेड माइक्रो-मिसाइलें दागकर उन्हें गिरा दिया जाता है. चूंकि यह पूरा सिस्टम एक मिलिट्री ट्रक पर लोड है, इसलिए इसे रेगिस्तान, कठिन इलाकों या अन्य मोर्चों पर ले जाकर आसानी से तैनात किया जा सकता है.

इस सिस्टम के अगले हिस्से में एक कंट्रोल रूम में बना हुआ है. जबकि, ट्रक के ऊपर सेंसर, रडार और इलेक्ट्रो-ऑप्टिकल सिस्टम लगे हैं. ये सभी सिस्टम मिलकर आसमान में आ रहे ड्रोन, मिसाइलों, प्लेन की निगरानी करते हैं. जैसे ही रडार की ओर से दुश्मन के ड्रोन के आने का पता चलता है, तुरंत ही ऑटोमेटिक तरीके से रॉकेट और मिसाइलें एक्टिवेट हो जाती हैं और दुश्मन के ड्रोनों का बेड़ा आसमान में ही जलकर खत्म हो जाता है.

भारत क्यों विकसित कर रहा ऐसी क्षमता?

भारत की ओर से इस तरह की एंटी-ड्रोन क्षमता विकसित करने की सबसे बड़ी वजह उसके दुश्मन चीन और पाकिस्तान हैं. चीनी सेना बड़े ड्रोन झुंड की तकनीक पर काम कर रही है. उसने लद्दाख, उत्तराखंड और अरुणाचल प्रदेश से लगती एलएसी के पास ड्रोन बेस, हैंगर और सिग्नल जैमिंग सिस्टम भी लगाए हैं. इसकी वजह से ऊंचाई वाले इलाकों में भारत की सैन्य चौकियों और छावनियों के लिए ड्रोन हमले का खतरा काफी बढ़ गया है.

वहीं, पाकिस्तान अपनी आतंकी गतिविधियों को आगे बढ़ाने के लिए ड्रोन का इस्तेमाल कर रहा है. इसके सात ही, वह पंजाब, राजस्थान और जम्मू-कश्मीर की सीमा पर हथियार, विस्फोटक, नशीले पदार्थ और नकली नोट भी ड्रोनों के जरिए भेज रहा है. भारत पर हमले के लिए वह अपने सैन्य बेड़े में चीन और तुर्किये से विंग लूंग व बायराकटार जैसे ड्रोन जमा कर रहा है.

आकाशतीर है तो फिर 'भार्गवास्त्र' क्यों बनाया?

देश की दोनों सरहदों पर बढ़ते ड्रोन खतरे को देखते हुए भारत के लिए इस तरह की क्षमता विकसित करना अनिवार्य बना दिया है. वैसे भी, पारंपरिक सतह से हवा में मार करने वाली मिसाइलें महंगी होती हैं और बड़े लक्ष्यों के लिए बनाई जाती हैं. जबकि, छोटे ड्रोनों के झुंड पर महंगी मिसाइलें चलाना खर्चीला होता है और इससे मिसाइल भंडार भी जल्दी खत्म हो सकता है.

यहीं पर 'भार्गवास्त्र' सिस्टम की क्षमता काम आती है. आकाशतीर, पृथ्वी और बराक जैसी एयर डिफेंस में यूज होने वाली मिसाइलों की तुलना में 'भार्गवास्त्र' बहुत सस्ता है. इसका प्रतिक्रिया समय बहुत तेज है और एक साथ ड्रोन के पूरे झुंड को खत्म कर सकता है. ट्रक पर लोड होने की वजह से इसे हमले के बाद छिपाने और फुर्ती के साथ कहीं भी तैनात किया जा सकता है.

दुश्मनों से एक कदम आगे चल रहा भारत

कुल मिलाकर, पड़ोस के दोनों दुश्मनों से बढ़ रहे खतरों को देखते हुए भारत पूरी तरह सचेत है. वे जिस तरह के हथियार अपने बेड़े में शामिल कर रहे हैं, भारत उन हथियारों का तोड़ अपने भंडार में जोड़ रहा है. जिससे अगर उन्होंने कभी भी हमले का दुस्साहस किया तो भारत की तीनों सेनाएं उन्हें कबाड़ का ढेर बनाने में देर न करें. 'भार्गवास्त्र' ठीक यही काम करने जा रहा है. 

Add Zee News as a Preferred Source

About the Author

Devinder Kumar

Devinder Kumar

अनुभवी पत्रकार और अंतर्राष्ट्रीय मामलों के विश्लेषक हैं. पिछले 18 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय हैं. अमर उजाला और नवभारत टाइम्स जैसे प्रतिष्ठित संस्थानों में काम करने के बाद, वर्तमान में वे Zee News में कार्यरत हैं. देश-दुनिया और ब्रेकिंग न्यूज पर नजर रखते हैं. अंतर्राष्ट्रीय राजनीति, वैश्विक घटनाक्रमों और खोजपरक पत्रकारिता में विशेष पकड़ है.
Read More