App

सौरव दास, अभिजीत और रांका के खिलाफ LOC जारी, देश नहीं छोड़ सकते, क्यों जारी हुआ लुकआउट सर्कुलर?

मुंबई पुलिस ने 'कॉकरोच जनता पार्टी' (CJP) के तीन बड़े नेताओं सौरव दास, अभिजीत दीपके और आशुतोष रांका के देश छोड़ने पर रोक लगा दी है. इन तीनों के खिलाफ ही लुकआउट सर्कुलर (LOC) जारी किया है. यह कार्रवाई गांधी जयंती पर शिवाजी पार्क में बिना इजाजत प्रदर्शन करने के मामले में की गई है. इस प्रदर्शन को लेकर इन तीनों नेताओं समेत 400 से ज़्यादा समर्थकों पर पहले से ही FIR दर्ज है.

सौरव दास, अभिजीत और रांका के खिलाफ LOC जारी, देश नहीं छोड़ सकते, क्यों जारी हुआ लुकआउट सर्कुलर?
Image Credit: सौरव दास, अभिजीत और रांका के खिलाफ मुंबई पुलिस ने जारी किया LOC

मुंबई पुलिस ने 26 नवंबर को 'कॉकरोच जनता पार्टी' (CJP) के नेताओं पर शिकंजा कसा है. सीजेपी के सह-संयोजक सौरव दास के अलावा संस्थापक अभिजीत दीपके और आशुतोष रांका के खिलाफ 'लुकआउट सर्कुलर' (LOC) जारी किया गया है. यह जानकारी मुंबई पुलिस ने दी है. मुंबई पुलिस की तरफ से बताया गया है कि 2 अक्टूबर को गांधी जयंती पर शिवाजी पार्क में बिना अनुमति किए गए विरोध प्रदर्शन को लेकर दर्ज की गई एफआईआर के तहत यह कार्रवाई की गई है.

अब सवाल ये है कि आखिर'लुकआउट सर्कुलर' क्या होता है? तो जान लीजिए कि यह एक तरह का अलर्ट नोटिस है. जांच एजेंसियां या पुलिस इस तब जारी करती हैं जब उन्हें किसी अपराधी या संदिग्ध के देश छोड़कर भागने का शक होता है. इसकी जानकारी सभी एयरपोर्ट और बॉर्डर पर भेज दी जाती है. ताकि जैसे ही वो शख्स विदेश जाने के लिए एयरपोर्ट पर अपना पासपोर्ट दिखाए तो कंप्यूटर तुरंत अलर्ट दे दे. फिर अधिकारी उसे वहीं रोकककर पुलिस के हवाले कर देते हैं.

हाईकोर्ट पहुंचा मामला

इसी 'लुकआउट सर्कुलर' की वजह से 23 नवंबर की रात सौरव दास को दिल्ली एयरपोर्ट पर लंदन जाने से रोका गया था. जिसके बाद उन्होंने दिल्ली हाईकोर्ट का दरवाजा खटखटाया. उनकी याचिका पर गुरुवार को सुनवाई भी हुई. सुनवाई के दौरान केंद्र सरकार के वकील ने अदालत को बताया कि मुंबई पुलिस ने 23 नवंबर को दास के खिलाफ LOC जारी किया था और उन्हें कारण बताओ नोटिस भी भेजा गया है, जिसका उन्होंने अभी तक जवाब नहीं दिया है.

सुनवाई के दौरान सौरव दास के वकील ने दलील दी कि अधिकारियों ने उन्हें सर्कुलर की कोई जानकारी या वजह नहीं बताई. इसके बाद जस्टिस अमित महाजन की बेंच ने केंद्र सरकार को नोटिस जारी कर जवाब मांगा है. इस मामले की अगली सुनवाई अब 9 दिसंबर को होना है.

मुंबई पुलिस का क्या कहना है?

इधर मुंबई पुलिस का कहना है कि सीजेपी के तीनों नेताओं अभिजीत दीपके, आशुतोष रांका और सौरव दास के देश छोड़कर बाहर जाने की आशंका थी. इसी को देखते हुए उन पर मामला दर्ज कर लुकआउट सर्कुलर जारी किया गया है, ताकि वे देश से बाहर न जा सकें.

400 से ज्यादा समर्थकों पर भी दर्ज है FIR

दरअसल, यह पूरा मामला सीजेपी के 2 अक्टूबर को मुंबई के दादर स्थित शिवाजी पार्क में हुए 'चलो मुंबई' प्रदर्शन से जुड़ा है. उस दिन परमिशन नहीं होने के बावजूद प्रदर्शन में 400 से ज्यादा लोग जुटे थे और नारेबाजी की थी. जिसके बाद 3 अक्टूबर को गैर-कानूनी तरीके से भीड़ जुटाने के आरोप में एक एफआईआर दर्ज की गई. जिसमें अभिजीत दीपके, सौरव दास, आशुतोष रांका, प्रणव अहिरे, अजिंक्य शिंदे, आफरीन नवाज, सौम्या कोर्डे, अंकित भारद्वाज, विजय मलंगी और योगेश इंगले समेत 400 से अधिक समर्थकों को आरोपी बनाया गया था.

पासपोर्ट को लेकर विदेश मंत्रालय ने क्या कहा?

सौरव दास को दिल्ली एयरपोर्ट पर लंदन जाने से रोके जाने पर बुधवार को विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने भी जवाब दिया था. उन्होंने बताया था कि सौरव के पासपोर्ट में दर्ज जन्मस्थान की जानकारी को लेकर स्पष्टीकरण मांगा गया है. चेन्नई के रीजनल पासपोर्ट कार्यालय ने 23 नवंबर को उन्हें कारण बताओ नोटिस जारी कर 7 दिन में जवाब देने को कहा है. इस दौरान उन्हें पासपोर्ट का यूज न करने की सलाह दी गई है.

ब्रिटेन में क्या कार्यक्रम था सौरव दास का?

सौरव दास का कहना है कि उन्हें 'कॉकरोच मूवमेंट' विषय पर बोलने के लिए ब्रिटेन जाना था, लेकिन 23 नवंबर की रात 1 बजे लंदन की फ्लाइट पकड़ने से पहले ही उन्हें दिल्ली एयरपोर्ट के इमिग्रेशन काउंटर पर रोक लिया गया. फिर उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक वीडियो पोस्ट कर कहा था, 'इस कायर सरकार ने मुझे दिल्ली एयरपोर्ट पर रोक लिया, जबकि मैं ऑक्सफोर्ड यूनिवर्सिटी में लेक्चर देने के लिए लंदन जा रहा था. इस कायर सरकार ने मुझे लंदन जाने वाली फ्लाइट में नहीं चढ़ने दिया. मुझे ऑक्सफोर्ड, कैम्ब्रिज, LSE और एडिनबर्ग जैसे प्रतिष्ठित विश्वविद्यालयों से 'कॉकरोच मूवमेंट' पर बोलने के लिए आमंत्रित किया गया था. भारतीय छात्रों ने इन कार्यक्रमों को आयोजित करने में अपनी पूरी जान लगा दी थी, लेकिन यह 'बुद्धिजीवी-विरोधी' सरकार मेरे इन प्रतिष्ठित संस्थानों में जाने से डर गई.'

Add Zee News as a Preferred Source

About the Author

Bhoopendra Rai

Bhoopendra Rai

पत्रकारिता में 9 साल से सक्रिय भूपेंद्र कुमार राय Zee News में सीनियर सब एडिटर के तौर पर न्यूज टीम का हिस्सा हैं, देश विदेशी की खबरें कवर करते हैं. 2017 में ETV Bharat (हैदराबाद) से करियर की शुरुआत करने के बाद वे 2020 में Zee News पहुंचे, जहां 2022 तक काम किया. 2023 में News24 की स्पोर्ट्स टीम को लीड करने का मौका मिला. इसके बाद India Daily Live में बतौर चीफ सब एडिटर स्पोर्ट्स टीम के साथ जुड़े. 2024 में दोबारा News24 लौटे और नई स्पोर्ट्स वेबसाइट लॉन्चिंग का अहम हिस्सा रहे. अक्टूबर 2025 में News24 से अलविदा लेकर एक बार फिर Zee News पहुंचे हैं. खेलों में गहरी रुचि रखते हैं और क्रिकेट वर्ल्ड कप, एशियन गेम्स, ओलंपिक गेम्स, हॉकी वर्ल्ड कप समेत बड़े खेल इवेंट को कवर करने का अनुभव है. ब्रेकिंग न्यूज, क्रिकेट एनालिसिस और किस्से-कहानियों पर अच्छी पकड़ है. जी न्यूज में खेल से जुड़ी खबरों के बाद अब न्यूज टीम के साथ रियलटाइम न्यूज पर काम कर रहे हैं. एक्सप्लेनर और किसी भी मुद्दे पर रिसर्च के साथ उसे आसान भाषा में पाठकों तक पहुंचा रहे हैं. आप Bhoopendra.Rai@zeemedia.com पर सीधे ईमेल या फिर नीचे X और Facebook से जुड़ सकते हैं.
Read More