App

5 रुपये के पाउच में 4 लाख रुपये किलो का केसर! इलायची के दावे पर घिरे सलमान खान, कार्रवाई की मांग

राजश्री पान मसाला के विज्ञापन को लेकर सलमान खान की मुश्किलें बढ़ सकती हैं. जोधपुर उपभोक्ता आयोग ने सलमान और कंपनी को नोटिस जारी किए हैं. याचिकाकर्ता ने हस्ताक्षरों की FSL जांच और सलमान को व्यक्तिगत रूप से बुलाने की मांग की है.

5 रुपये के पाउच में 4 लाख रुपये किलो का केसर! इलायची के दावे पर घिरे सलमान खान, कार्रवाई की मांग
Image Credit: Salman Khan and Rajshree Pan Masala

बॉलीवुड अभिनेता सलमान खान और राजश्री पान मसाला के विज्ञापन को लेकर चल रहा कानूनी विवाद एक बार फिर चर्चा में है. राजस्थान के जोधपुर में इस मामले में दायर पुनरीक्षण याचिका पर सुनवाई करते हुए राजस्थान राज्य उपभोक्ता विवाद प्रतितोष आयोग की सर्किट बेंच ने सलमान खान और राजश्री पान मसाला को नोटिस जारी किए हैं. मामले की अगली सुनवाई 19 जनवरी 2027 को होगी.

यह याचिका जोधपुर निवासी गजेन्द्र कुमार की ओर से पेश की गई है. याचिकाकर्ता के अधिवक्ता रामनिवास चौधरी के मुताबिक, याचिका में विज्ञापन को भ्रामक बताते हुए कार्रवाई की मांग की गई है. इसके साथ ही सलमान खान की ओर से पेश दस्तावेजों पर मौजूद हस्ताक्षरों की प्रामाणिकता पर भी सवाल उठाए गए हैं.

5 से 10 रुपये के पाउच में महंगा केसर होने पर सवाल
याचिकाकर्ता का आरोप है कि सलमान खान राजश्री पान मसाला के ब्रांड एंबेसडर के रूप में विज्ञापनों में नजर आते हैं. इन विज्ञापनों में उत्पाद को केसर और इलायची जैसे तत्वों से युक्त बताकर आकर्षक और प्रीमियम अंदाज में पेश किया जाता है.

याचिकाकर्ता ने सवाल उठाया है कि जब पान मसाले का एक पाउच 5 से 10 रुपये में मिलता है, तो उसमें करीब चार लाख रुपये किलो कीमत वाला केसर किस तरह शामिल किया जा सकता है. उनका कहना है कि इस तरह के प्रचार से आम उपभोक्ताओं और खासकर युवाओं के मन में उत्पाद को लेकर गलत धारणा बन सकती है.

याचिका में यह भी कहा गया है कि पान मसाले के सेवन से स्वास्थ्य संबंधी गंभीर खतरे जुड़े हैं. ऐसे में किसी सेलिब्रिटी की ओर से इसका प्रचार युवाओं को प्रभावित कर सकता है. इसी आधार पर विज्ञापन को उपभोक्ता संरक्षण अधिनियम 2019 के तहत भ्रामक बताते हुए कार्रवाई की मांग की गई है.

सलमान खान के हस्ताक्षरों की FSL जांच की मांग
इस मामले में दूसरा विवाद सलमान खान की ओर से उपभोक्ता आयोग में पेश किए गए वकालतनामे और अन्य दस्तावेजों पर मौजूद हस्ताक्षरों को लेकर है. याचिकाकर्ता का आरोप है कि दस्तावेजों पर किए गए हस्ताक्षर सलमान खान के वास्तविक हस्ताक्षर नहीं हैं.

इसी को लेकर उन्होंने जिला उपभोक्ता विवाद प्रतितोष आयोग (द्वितीय), जोधपुर में आपत्ति पेश की थी. इसमें सलमान खान को व्यक्तिगत रूप से आयोग में बुलाने और दस्तावेजों पर मौजूद हस्ताक्षरों का FSL यानी विधि विज्ञान प्रयोगशाला से मिलान कराने की मांग की गई थी. हालांकि, जिला आयोग ने उनकी मांग स्वीकार नहीं की.

19 जनवरी 2027 को होगी अगली सुनवाई
जिला आयोग के 16 सितंबर 2026 को पारित आदेश को चुनौती देते हुए गजेन्द्र कुमार ने राज्य उपभोक्ता आयोग की सर्किट बेंच में पुनरीक्षण याचिका दायर की. याचिकाकर्ता के अधिवक्ता रामनिवास चौधरी के अनुसार, राज्य आयोग में हुई सुनवाई के बाद पुनरीक्षण याचिका स्वीकार की गई और सलमान खान तथा राजश्री पान मसाला को नोटिस जारी किए गए.

अब इस मामले में 19 जनवरी 2027 को अगली सुनवाई होगी. फिलहाल, विज्ञापन को लेकर लगाए गए आरोपों और हस्ताक्षरों की प्रामाणिकता से जुड़े सवालों पर आयोग की आगे की कार्रवाई का इंतजार है. ध्यान रहे कि ये सभी आरोप याचिकाकर्ता की ओर से लगाए गए हैं, जिन पर अंतिम निर्णय होना बाकी है.

Reporter- राकेश भारद्वाज

Add Zee News as a Preferred Source

About the Author

Ansh Raj

Ansh Raj

अंश राज Zee News में सब-एडिटर के तौर पर कार्यरत हैं. रीजनल की हर छोटी-बड़ी खबर पर उनकी पैनी नजर रहती है. क्राइम, पॉलिटिक्स और पावर कॉरिडोर से जुड़ी खबरों में उनकी खास दिलचस्पी है. नई चीजों को सीखने की अक्सर फिराक में रहते हैं. डिजिटल मीडिया में करीब 3 साल का अनुभव रखने वाले अंश राज ने चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय से जर्नलिज्म में मास्टर्स किया है. खबरों की गंध को सबसे पहले पहचानना, उसकी तह तक पहुंचना, उसे सबसे पहले, सबसे तेज और सबसे बेहतर तरीके से दर्शकों तक पहुंचाना ही इनका मकसद है. यही अंश राज है.अंश राज से आप ansh.raj@india.com पर ईमेल के माध्यम से संपर्क कर सकते हैं. इसके अलावा, एक्स (ट्विटर) और फेसबुक के जरिए भी उनसे सीधा संवाद कर सकते हैं.
Read More