)
हर किसी का सपना होता है कि अपना कारोबार हो, इसी कड़ी में लिंक्डइन ने एक रिपोर्ट जारी की है. लिंक्डइन की 2026 की रिसर्च में खुलासा हुआ है कि भारत के 85% लोग अपना बिजनेस शुरू करना चाहते हैं. Gen Z के 94% युवा उद्यमी बनने की इच्छा रखते हैं. रिपोर्ट के मुताबिक, AI टूल्स कारोबार शुरू करने और उसे चलाने में मददगार साबित हो रहे हैं. वहीं, प्रोफेशनल नेटवर्क और पर्सनल ब्रांडिंग की अहमियत भी बढ़ रही है.
भारत में उद्यमिता यानी एंटरप्रेन्योरशिप तेजी से लोकप्रिय करियर विकल्प बन रही है. लिंक्डइन की ताजा स्माल बिजनेस रिसर्च 2026 के मुताबिक, 85% भारतीय उत्तरदाताओं ने कहा कि वे अपना खुद का कारोबार शुरू करना चाहते हैं. ये आंकड़ा 46% के वैश्विक औसत से लगभग दोगुना है. इससे पता चलता है कि भारत में लोग अब स्वतंत्र रूप से काम करने और पारंपरिक करियर विकल्पों से अलग रास्ते तलाशने में ज्यादा दिलचस्पी दिखा रहे हैं.
ये रुझान खासतौर पर युवा पीढ़ी में देखने को मिल रहा है. सर्वे में शामिल Gen Z के 94% और मिलेनियल्स के 90% लोगों ने उद्यमी बनने की इच्छा जताई है. इसके अलावा, Gen Z के 70% उत्तरदाताओं की योजना अगले तीन वर्षों में अपना कारोबार या साइड हसल शुरू करने की है. महिला और पुरुषों के बीच भी उद्यमिता को लेकर दिलचस्पी लगभग समान है. सर्वे में 91% महिलाओं और 94% पुरुषों ने अपना बिजनेस शुरू करने की इच्छा जाहिर की.
इंडिया टुडे रिपोर्ट के मुताबिक, लिंक्डइन के प्लेटफॉर्म डेटा में भी यह बदलाव दिखाई दे रहा है. साल 2022 के बाद से अपने प्रोफाइल में 'Founder' का पदनाम जोड़ने वाले सदस्यों की संख्या में 190% की बढ़ोतरी हुई है. Gen Z सदस्यों के बीच ये ग्रोथ 383% रही है. प्लेटफॉर्म पर कुल फाउंडर्स में मिलेनियल की हिस्सेदारी सबसे ज्यादा 48% है.
आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) उद्यमी बनने की इच्छा रखने वाले लोगों और छोटे कारोबारियों के लिए एक अहम मददगार बनकर उभर रहा है. लिंक्डइन की रिसर्च के मुताबिक, सर्वे में शामिल भारत के 96% छोटे बिजनेस फाउंडर्स पहले से ही अपने कारोबार में AI का इस्तेमाल कर रहे हैं.
जिन फाउंडर्स ने कहा कि AI और डिजिटल टूल्स ने उन्हें अपना बिजनेस शुरू करने या चलाने में मदद की है. उनमें से 36% का कहना है कि इन तकनीकों की वजह से वे ऐसे प्रोडक्ट और सर्विस उपलब्ध करा पा रहे हैं, जिन्हें वे पहले नहीं दे सकते थे.
वहीं, 23% फाउंडर्स ने कहा कि अगर ये टूल्स उपलब्ध नहीं होते, तो उन्हें अपना कारोबार चलाने के लिए अतिरिक्त फंडिंग की जरूरत पड़ती.
AI का इस्तेमाल अब बिजनेस के कई कामों में किया जा रहा है. इसमें नए आइडिया तलाशना, रिसर्च करना, कस्टमर सपोर्ट और नए ग्राहकों तक पहुंच बनाना शामिल है. इसके अलावा, AI सीमित संसाधनों में कारोबार के संचालन और प्रोडक्टिविटी को बेहतर बनाने में भी मदद कर रहा है.
हालांकि, केवल तकनीक के दम पर सफल बिजनेस खड़ा करना आसान नहीं है.
ReSO AI की को-फाउंडर स्वाति पालीवाल ने लिंक्डइन न्यूज की रिपोर्ट में इस अंतर को रेखांकित किया. उनके मुताबिक, AI ने बिजनेस बनाना आसान जरूर कर दिया है, लेकिन ऐसे लोगों तक पहुंचना जो आपके बिजनेस पर भरोसा करें, अब भी एक बड़ी चुनौती है.
AI का इस्तेमाल बढ़ने के बावजूद कारोबार की तरक्की में लोगों के बीच संपर्क और प्रोफेशनल नेटवर्क की भूमिका महत्वपूर्ण बनी हुई है. लिंक्डइन की रिसर्च के मुताबिक, भारत के सर्वे में शामिल 88% फाउंडर्स ने माना कि उनके प्रोफेशनल नेटवर्क ने बिजनेस शुरू करने या उसे आगे बढ़ाने में मदद की है. इसके अलावा, 88% छोटे कारोबारियों का मानना है कि AI का इस्तेमाल बढ़ने के साथ प्रोफेशनल नेटवर्क की अहमियत और ज्यादा बढ़ जाएगी.
करीब 41% फाउंडर्स ने कहा कि वे बिजनेस से जुड़े महत्वपूर्ण फैसले लेते समय अपने प्रोफेशनल नेटवर्क पर भरोसा करते हैं. वहीं, 39% लोग एक्सपर्ट एडवाइजर्स और 38% लोग AI टूल्स की मदद लेते हैं.
आज के दौर में ऑनलाइन मौजूदगी भी उद्यमिता का अहम हिस्सा बनती जा रही है. लिंक्डइन की रिसर्च के मुताबिक, भारत के 80% छोटे बिजनेस फाउंडर्स ने कहा कि उन्हें अपनी विश्वसनीयता बढ़ाने और ज्यादा लोगों तक पहुंचने के लिए कंटेंट क्रिएटर भी बनना पड़ा है. करीब 88% फाउंडर्स ने बताया कि वे अपने कारोबार को आगे बढ़ाने के लिए पर्सनल ब्रांड बना रहे हैं. वहीं, 85% का मानना है कि उनकी पर्सनल ब्रांडिंग उनके बिजनेस की विश्वसनीयता बढ़ाती है.
रिपोर्ट में 'पोर्टफोलियो करियर' का ट्रेंड भी सामने आया है. इसका मतलब है कि उद्यमी अब केवल एक बिजनेस पर निर्भर रहने के बजाय कई कारोबार, साइड प्रोजेक्ट और कमाई के अलग-अलग स्रोत विकसित कर रहे हैं. भारत में सर्वे में शामिल करीब 75% छोटे कारोबारियों ने कहा कि उनके पास कमाई के एक से ज्यादा सोर्स हैं.
उद्यमिता चुनने के पीछे सबसे बड़ी वजह स्वतंत्र रूप से काम करने की आजादी है. 56% उत्तरदाताओं ने इसे अपना कारोबार शुरू करने का प्रमुख कारण बताया. इसके बाद 52% लोगों ने ज्यादा कमाई की संभावना और 49% ने काम पर अधिक नियंत्रण और लचीलापन मिलने को वजह बताया. वहीं, 41% लोगों ने कहा कि दूसरों के लिए रोजगार के अवसर पैदा करना भी उद्यमिता अपनाने की एक अहम वजह है.
लिंक्डइन की इस रिसर्च को Censuswide ने भारत, अमेरिका, ब्रिटेन, फ्रांस, जर्मनी और ऑस्ट्रेलिया में किया. पहला सर्वे 9 से 19 अक्टूबर 2026 के बीच 12,000 लोगों के बीच कराया गया. इसमें अलग-अलग देशों के राष्ट्रीय स्तर पर प्रतिनिधित्व करने वाले उत्तरदाताओं को शामिल किया गया. इसके अलावा, 18 साल और उससे अधिक उम्र के 6,000 फाउंडर्स, उद्यमियों और छोटे कारोबारियों के बीच अलग सर्वे किया गया. इसमें 50 से कम कर्मचारियों वाले कारोबार चलाने वाले लोगों को शामिल किया गया. यह सर्वे 6 से 15 अक्टूबर 2026 के बीच इन छह देशों में कराया गया.