)
अमेरिका भारत से आयात किये जाने वाले प्रोडक्ट पर 25 फीसदी तक का टैरिफ लगाने की तैयारी कर रहा है. यदि भारत और अमेरिका के बीच ट्रेड डील हो जाती है तो यह टैरिफ घटकर 17 फीसदी तक रह सकता है. इस पर दिल्ली और देश में व्यापारियों और उद्यमियों के संगठन चैंबर ऑफ ट्रेड एंड इंडस्ट्री (CTI) ने नाराजगी जताई है. सीटीआई चेयरमैन बृजेश गोयल ने प्रधानमंत्री मोदी को चिट्ठी लिखकर इस मुद्दे पर चिंता जताई है. उन्होंने कहा कि अमेरिका के 25 फीसदी टैरिफ का भारत के टेक्सटाइल, लेदर, जेम्स एंड ज्वेलरी, ऑटो कंपोनेंट, केमिकल, फार्मा, सीफूड, इलेक्ट्रॉनिक्स, पर्ल आदि सेक्टरों पर बुरा असर पड़ेगा. इससे देश में 5 लाख लोगों के रोजगार पर संकट बन सकता है.
बृजेश गोयल ने बताया कि बढ़े हुए टैरिफ के चलते दूसरे देशों के मुकाबले भारतीय सामान अमेरिका में 25 फीसदी तक महंगा हो जाएगा. इस कारण वहां के खरीदार दूसरे देश से आने वाले सामान को तवज्जो देंगे. सीटीआई चेयरमैन के अनुसार 48 अरब डॉलर से ज्यादा के भारतीय एक्सपोर्ट पर इससे प्रभावित हो सकता है. सीटीआई सेक्रेटरी रमेश आहूजा और गुरमीत अरोड़ा के अनुसार भारत अमेरिका को 53 फीसदी फार्मास्युटिकल, 53 फीसदी कपड़े, 37 फीसदी रत्न और आभूषण, 28 फीसदी ऑटो कंपोनेंट, 13 फीसदी केमिकल और 22 प्रतिशत सीफूड का निर्यात करता है.
कारोबारियों के बीच सबसे बड़ा संशय इसको लेकर है कि जिन कंपनियों को पहले ऑर्डर मिल गया है या जिनका माल रवाना होकर अभी रास्ते में है, उन पर टैरिफ से जुड़ा नियम किस तरह लागू होगा. सीटीआई के अनुसार भारत ने 2024 में अमेरिका को 1.7 लाख करोड़ रुपये के इंजीनियरिंग गुड्स निर्यात किये थे. इनमें स्टील प्रॉडक्ट्स, मशीनरी, ऑटोमोबाइल पार्ट्स आदि शामिल हैं. अभी इन पर 10 फीसदी का टैरिफ लगता था. ऐसे में यदि कोई सामान 100 डॉलर का है तो वह अमेरिका में 110 डॉलर का बिकता था. अब 25 फीसदी टैरिफ के बाद यही माल बढ़कर 125 डॉलर का हो जाएगा. इस कारण इन वस्तुओं के निर्यात में 20 से 25 फीसदी की कमी आ सकती है.
भारत ने पिछले साल 90 हजार करोड़ रुपये का निर्यात जेम्स एंड ज्वेलरी का किया था. इस पर पहले 10 फीसदी का टैरिफ था. टेक्सटाइल पर भी 10 फीसदी का ही टैरिफ था. अब 25 फीसदी टैरिफ लगाए जाने के बाद कारोबार करना मुश्किल हो जाएगा, क्योंकि जो माल 100 डॉलर में बिक रहा था, वह अब 125 डॉलर में बिकेगा. इसके साथ ही भारत ने अमेरिका को पिछले साल इलेक्ट्रॉनिक्स गुड्स में 1.25 लाख करोड़ का निर्यात किया था, अभी इस पर 0.41 प्रतिशत का टैरिफ लगता था. ऐसे में 100 डॉलर वाला स्मार्टफोन 100.41 डॉलर का पड़ता था. लेकिन नए टैरिफ के हिसाब से यही 125 डॉलर का हो जाएगा. इससे इलेक्ट्रॉनिक कंपनियों के कारोबार पर भी असर पड़ेगा.
फार्मा सेक्टर में 92 हजार करोड़ रुपये का निर्यात पूरे साल के दौरान किया गया है. इस पर अब तक 0 फीसदी का टैरिफ था, लेकिन 25 फीसदी टैरिफ लगाए जाने से 100 डॉलर वाली दवा 125 डॉलर की हो जाएगी. कई बड़ी कंपनियां अमेरिका को सामान भेजती हैं, ऐसे में लाखों नौकरियां खतरे में पड़ सकती हैं. बृजेश गोयल ने बताया कि हमने प्रधानमंत्री को चिट्ठी लिखकर मांग की है कि जर्मनी, ब्रिटेन, सिंगापुर, मलेशिया जैसे देशों में इंजीनियरिंग गुड्स की डिमांड बढ़ती जा रही है, ऐसे में भारत को इन देशों में माल बेचने के लिए विकल्प तलाशने चाहिए.
उन्होंने कहा कि भारत को भी इस धमकी से डरने की जरूरत नहीं है. मिनरल्स, महंगे रत्न, आभूषण, सिक्के, मेटल्स, न्यूक्लियर रिएक्टर्स और हवाई जहाज के उपकरण, इलेक्ट्रिकल उपकरण, ऑप्टिकल उपकरण, प्लास्टिक, केमिकल, नट्स-ड्राईफ्रूट्स, आयरन, स्टील आदि सामान बड़े लेवल पर अमेरिका से भारत आता है. भारत को इन सब चीजों में अमेरिका की निर्भरता कम करनी चाहिए और दूसरे देशों के विकल्प तलाशने चाहिए. अगर अमेरिका भारत पर 25 फीसदी टैरिफ लगाता है तो भारत को भी अमेरिका पर 25 फीसदी जवाबी टैरिफ लगाना चाहिए.