)
RBI Gold Reserve: 880.51 टन आधिकारिक गोल्ड रिजर्व वाला देश भारत अब विदेशों में रखे अपने सोने की घर वापसी करवा रहा है. अप्रैल से सितंबर के बीच रिजर्व बैंक ऑफ इंडिया 60.08 टन सोना लंदन ने भारत लेकर आया. इसके साथ ही देश में रखे गए सोने का भंडार बढ़कर 740.13 टन पर पहुंच गया है, जो मार्च 2026 में 680.05 टन पर था. अब दो सवाल उठते हैं, पहला ये कि भारत को अपना सोना विदेशों में रखने की जरूरत क्यों हुई ? दूसरा ये कि अब रिजर्व बैंक इस सोने को अचानक देश वापस लाने में क्यों जुटा है? सोने की गिरती कीमत के बीच रिजर्व बैंक सोना खरीदने के बजाए विदेशों में रखें गोल्ड को वापस देश की तिजोरी में क्यों ला रहा है?
सोना संकट का साथी होता है, सिर्फ आपने और हमारे लिए नहीं, बल्कि देश के लिए भी. आर्थिक संकट के दौरान सोना देश की अर्थव्यवस्था को संभालता है, इसलिए दुनियाभर के देश अपने गोल्ड रिजर्व को बढ़ाते हैं. भारत के गोल्ड रिजर्व की रखवाली करने वाले RBI की जिम्मेदारी है कि वो भारत के खजाने को सुरक्षित रखे.
अगर आंकड़ों की बात करें, तो इसे ही इस साल आरबीआई ने गोल्ड की बड़ी खरीदारी नहीं की हो, इससे पहले सालों में भरभर कर गोल्ड खरीदा था.वर्ल्ड गोल्ड काउंसिल (WGC) के डेटा के मुताबिक
आंकड़े बताते दें कि साल 2026 नें भारत की गोल्ड खरीदारी केवल 0.1 टन से कुछ अधिक रही. रिजर्व बैंक ने खरीदारी के बजाए विदेशों में रखे सोने को देश लाने पर फोकस बढ़ा.
RBI ने भारत का सोना मुख्यतौर पर बैंक ऑफ इंग्लैंड (Bank of England) और बैंक फॉर इंटरनेशनल सेटलमेंट्स (BIS) के पास रखा है. 30 सितंबर 2026 तक भारत का 140.39 टन सोना विदेशों में जमा है. भारत में सोना मुंबई और नागपुर स्थित हाई सिक्योरिटी अंडरग्राउंड गोल्ड वॉल्ट्स में सुरक्षित रखा है.
विदेश में सोना रखने की कहानी 1991 के आर्थिक संकट से शुरू हुई थी, जब भारत आर्थिक चुनौतियों का सामना कर रहा था. विदेशी मुद्रा भंडार इतना घट चुका था कि भारत के पास सिर्फ कुछ ही दिनों के आयात भुगतान के लिए करेंसी बची थी. बैलेंस ऑफ पेमेंट क्राइसिस के दौरान RBI ने करीब 67 टन सोना बैंक ऑफ इंग्लैंड और यूनियन बैंक ऑफ स्विटजरलैंड के पास गिरवी रखा और उसके बदले करीब 405 मिलियन डॉलर का कर्ज लिया. हालांकि भारत ने नवंबर 1991 तक ही ब्रिटेन से लिए गए कर्ज चुका दिया, लेकिन आरबीआई ने लॉजिस्टिक कारणों से सोने को बैंक ऑफ इंग्लैंड की तिजोरी में रखना ज्यादा पसंद किया.
विदेशों में सिर्फ भारत ही नहीं दुनिया के बड़े-बड़े देश जैसे अमेरिका, जर्मनी, जापान, फ्रांस अपना सोना रखते हैं. लंदन ग्लोबल गोल्ड मार्केट का बड़ा सेंटर है. विदेशों में रखा सोना सुरक्षा और ग्लोबल मार्केट तक तुरंत पहुंच को सुनिश्चित करता है. विदेशों में रखा सोना खरीद-बिक्री को आसान करता है. सोने को किसी दूसरे रिजर्व एसेट में कन्वर्ट करना आसान है.
विदेशी लॉकर में अपना सोना रखने के लिए उसे इंटरनेशनल स्टैंडर्ड के सिक्योरिटी सिस्टम और ऑडिटिंग प्रोसेस से गुजरना पड़ता है, जो सोने की शुद्धता, सोने की हैंडलिंग और वैल्यूएशन को सत्यापित करते हैं.
सिर्फ ट्रेडिंग और सुरक्षा नहीं, बल्कि जोखिम को भी कम करता है. किसी भी ग्लोबल संकट, देश में राजनीतिक या आर्थिक स्थिति बिगड़ने पर विदेशों में रखा सोना सुरक्षित रहता है. जिसे डाइवर्सिफिकेशन ऑफ लोकेशन रिस्क कहते हैं. विदेशों में रखा सोना आरबीआई को इंटर-बैंक कोऑर्डिनेशन और मॉनेटरी पॉलिसी में मदद करता है.
विदेशों में सोना सुरक्षित रखने के लिए रिजर्व बैंक को मोटा किराया चुकाना पड़ता है. इंग्लैंड के गोल्ड वॉल्ट में रखे सोने की सुरक्षा के लिए मोटा रेंट वसूला जाता है. रिजर्व कितना किराया देता है इसकी कोई आधिकारिक जानकारी कभी साझा नहीं की गई है. मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक रिजर्व बैंक बैंक ऑफ इंग्लैंड को हर साल करीब 1 करोड़ डॉलर सोने की सुरक्षा के लिए देता है.
रिजर्व बैंक अब धीरे-धीरे कर विदेशों में रखा अपना गोल्ड देश लेकर आ रहा है . जिसकी सबसे बड़ी वजह वैश्विक आर्थिक और भू-राजनीतिक जोखिम है. खाड़ी युद्ध, रूस-यूक्रेन युद्ध संकट के बीच भारत अपने सोने को अपनी तिजोरी में ही सुरक्षित रखना चाहता है. जिस तरह से रूस के विदेशी संपत्तियों को फ्रीज कर दिया गया. अमेरिका ने विदेशों में जमा ईरान की संपत्तियों को फ्रीज कर दिया, ऐसे दौर में रिजर्व बैंक विदेश के बजाए अपने देश में सोना रखना चाहता है. सिर्फ भारत ही नहीं दुनिया के कई देश इसी रणनीति पर काम कर रहे हैं. हाल ही में पोलैंड, नीदरलैंड, जर्मनी , फ्रांस ,ऑस्ट्रिया जैसे देश अपने सोने का ठिकाना बदल रहे हैं.
रिजर्व बैंक ऑफ इंडिया ताबड़तोड़ सोने की घर वापसी करवा रहा है. हालांकि, इसका मतलब ये नहीं है कि भारत का गोल्ड रिजर्व बढ़ गया है. रिजर्व बैंक ने सिर्फ सोने की जगह बदली है. अब भारत के गोल्ड रिजर्व का बड़ा हिस्सा देश के भीतर ही उपलब्ध है. देश में रखे सोने पर सुरक्षा और नियंत्रण बढ़ जाता है. RBI का मकसद सिर्फ सोने को सुरक्षित रखना नहीं है, बल्कि संकट के समय उस गोल्ड रिजर्व का आसानी से इस्तेमाल भी हो, ये सुनिश्चित करना है. भारत का विदेश से सोना वापस लाना बदलते वैश्विक माहौल और विदेशी मुद्रा भंडार को मजबूत करने की रणनीति का हिस्सा है.