)
मुंबई में 26 नवंबर 2008 को हुए आतंकी हमले की आज 18वीं बरसी है. रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने आतंकी हमले के पीड़ितों को श्रद्धाजलि दी और सुरक्षाबलों के बलिदान को याद किया. इस बीच 26/11 के CSMT हीरो 'छोटू चायवाला' ने अपनी पीड़ा लोगों के सामने रखी है. हैरान करने वाली बात है कि इस हमले के बाद सैकड़ों लोगों की जान बचाने वाले मोहम्मद तौफीक शेख ने कहा कि वह बेरोजगार हैं और जीवन चलाना मुश्किल हो रहा है.
दरअसल, 26/11 छत्रपति शिवाजी महाराज टर्मिनस पर आतंकी हमले के दौरान मोहम्मद तौफीक शेख उर्फ 'छोटू चायवाला' ने सैकड़ों लोगों की जान बचाई थी. अब उन्होंने कहा कि वह इच्छामृत्यु चाहते हैं. उन्होंने कहा कि मैं कर्जे में हूं और मैं सरकार से गुजारिश करता हूं कि मुझे इच्छामृत्यु दे दी जाए.
समाचार एजेंसी से बात करते हुए मोहम्मद तौफीक शेख ने कहा कि वह रात मैं कभी नहीं भूल सकता हूं. सुबह 4-5 बजे मेरे को नींद आती है. वो हादसा कभी नहीं भूला जा सकता है. ऐसे हादसे केवल फिल्मों में देखते थे. उन्होंने बताया कि इस दौरान उन्होंने कम से कम दो से तीन हजार लोगों को निकाला. एक रेलवे एम्प्लॉई को बचाकर भायखला रेलवे हॉस्पिटल में एडमिट किया.
छोटू चायवाले का कहना है कि उस दिन इंडिया और इंग्लैंड का मैच था, तो मैं बोला इंडिया मैच जीत गई. पहले हमें लगा ये पटाखे जल रहे हैं. हालांकि, बाद में बम की जानकारी हुई और मेरे को गोली का कुछ समझ नहीं आ रहा था. उन्होंने कहा कि अभी हम कुछ समझ पाते, तभी एक आतंकी आया और उसने तीन गोलियां चलाई और पंजाबी भाषा में गाली दी. इसमें से एक बुलेट से विंडो का कांच टूटा, दूसरा टेबल पर लगा और तीसरी बार में मैं सो गया, जिससे वह गोली नहीं लग सकी थी.
इस आतंकी हमले के करीब 18 साल बाद एक बार फिर से मोहम्मद तौफीक शेख उर्फ 'छोटू चायवाला' ने सरकार से इच्छामृत्यु मांगी है और कहा कि महाराष्ट्र सरकार, हाईकोर्ट या केंद्र सरकार उन्हें मृत्यु दे दे. छोटू चायवाले ने कहा कि वह कर्जे में डूबा है उसके पास पैसे तक नहीं बचे हैं. उन्होंने कहा कि एक चायवाले को व्यापार करने के लिए एक छोटी-सी जगह या एक छोटी-नौकरी सरकार नहीं दे सकती है.
छोटू चायवाले का कहना है कि आज के समय में कुछ भी होता है, तो आम पब्लिक सबसे पहले पहुंचती है. कोई भी नेता या अभिनेता केवल खानापूर्ति के लिए पहुंचता है. किसी भी घटनास्थल पर सबसे पहले पहुंचने वाला आम नागरिक ही होता है. छोटू चायवाले का दावा है कि पिछले 16-17 महीने से दुकान लगाने को नहीं मिल रहा है. इस कारण तमाम परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है. उन्होंने कहा मेरे पास घर है मैं सबकुछ बेचकर अपना कर्जा दे दूंगा.