)
Nvidia के CEO जेनसन हुआंग की लव स्टोरी का किस्सा खत्म भी नहीं हुआ था कि अब कंपनी के एक और अधिकारी का चीनी महिला के साथ इश्क होने का खुलासा हुआ है. एनवीडिया (Nvidia) के भारतीय मूल के पूर्व ग्लोबल सेल्स प्रमुख जय पुरी की लव लाइफ चर्चा में आ गई है. 'वॉल स्ट्रीट जर्नल' ने दावा किया है कि जय पुरी कई वर्षों तक एक चीनी महिला के साथ रोमांटिक रिश्ते में थे. बता दें कि जय पुरी लंबे समय तक एनवीडिया में जेनसन हुआंग के सहयोगी रहे हैं. WSJ की रिपोर्ट के मुताबिक, जय पुरी ने एनवीडिया से AI चिप्स खरीदने वाली 'सुपर माइक्रो कंप्यूटर' की वरिष्ठ अधिकारी सेनली चेन को डेट किया है. रिपोर्ट के मुताबिक, दोनों का रिश्ता उस समय भी कायम था, जब कंपनी एनवीडिया की AI चिप्स हासिल करने के लिए मुकाबला कर रही थी. जय पुरी पर यह खुलासा तब हुआ, जब कंपनी में जेनसन हुआंग की बतौर CEO फिर से वापसी हो चुकी है.
Nvidia में हुई जेनसन की वापसी
बता दें कि चीनी महिला एलिस हुआंग के साथ अफेयर को लेकर जेनसन ने करीब 11 दिन पहले ही CEO पद से इस्तीफा दिया था. एलिस हुआंग पर चीन के लिए जासूसी करने के आरोप थे. जेनसन पर आरोप था कि उन्होंने कंपनी के नियमों को ताक पर रखकर एलिस की कंपनी को सुपर AI चिप्स बेचे थे. हालांकि, अमेरिकी सुरक्षा एजेंसियां इससे संबंधित कोई ठोस सबूत नहीं दे सकीं. इसी वजह से Nvidia में जेनसन की वापसी संभव हो सकी. मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, CEO के रूप में वापसी से पहले जेनसन ने एनवीडिया बोर्ड के सामने यह स्वीकार किया था कि उनके और भी अफेयर रहे हैं.
कंपनी में था तीसरा स्थान
रिपोर्ट के मुताबिक, जय पुरी का एनवीडिया में तीसरा स्थान था. वह कंपनी की वैश्विक बिक्री और अन्य क्षेत्रों की देखरेख करते थे. रिपोर्ट्स के मुताबिक, जय पुरी ने कई वर्षों तक चीनी महिला सेनली चेन को डेट किया और इसी साल 7 मार्च को कैलिफोर्निया के बिग सुर में उनसे शादी कर ली थी. रिपोर्ट में कहा गया कि जिस समय दोनों का रिश्ता चल रहा था, उस दौरान जय पुरी एनवीडिया के वैश्विक बिक्री (Global Sales) प्रमुख थे और यह तय करते थे कि ग्राहकों को कंपनी की नई AI चिप्स कैसे आवंटित की जाएंगी.