App

कन्फर्म टिकट मिलने के बाद भी कोच में गायब मिली सीट, रेलवे के इस कारनामे ने सबको चौंकाया

भारतीय रेलवे की सिस्टम की गजब चूक उस समय सामने आई जब वाराणसी से गोरखपुर जान रहे एक यात्री को 52 बर्थ वाले AC कोच में 54 नंबर सीट अलॉट कर दी गई. इसके बाद रेलवे की तरफ से इस मामले पर तुरंत एक्शन लेकर यात्रियों को वैकल्पिक सीट मुहैया कराई गई.

कन्फर्म टिकट मिलने के बाद भी कोच में गायब मिली सीट, रेलवे के इस कारनामे ने सबको चौंकाया
Image Credit: (AI) भारतीय रेलवे के अधिकारी इस मामले पर तुरंत एक्टिव हो गए और यात्रियों को वैकल्पिक सीट दी.

भारतीय रेलवे के बिजी रूट पर या फिर सफर करने से कुछ दिन पहले ट्रेन का कन्फर्म टिकट मिलना बहुत मुश्किल होता है. पहले से सफर का प्लान कर लोग महीनों पहले से टिकट की बुकिंग करा लेते हैं. लोग महीनों पहले इसलिए टिकट बुक करते हैं कि सफर आराम से हो सके. लेकिन जरा सोचिए...आप हाथ में कन्फर्म टिकट लेकर ट्रेन में चढ़ गए. इसके बाद आपको पता चलता है कि जो सीट आपको अलॉट की गई है, वो पूरे कोच में मौजूद ही नहीं है. सुनने में यह अजीब लग सकता है लेकिन वाराणसी के रहने वाले ईशान बाजपेयी के साथ ऐसा ही हुआ है.

यह पूरा मामला 22 नवंबर की रात का है. ईशान वाजपेयी ट्रेन संख्या 15132 वाराणसी सिटी-नेपालगंज रोड एक्सप्रेस से वाराणसी सिटी से गोरखपुर जंक्शन जा रहे थे. उनके पास AC 2-टियर कोच का A1 का कन्फर्म टिकट था. टिकट पर लिखा था CNF/A1/54/SU. इसका मतलब उनकी A1 कोच में साइड अपर बर्थ नंबर 54 थी. लेकिन जब रात को पौने 11 बजे ईशान ने कोच में अपनी 54 नंबर सीट ढूंढी तो उनके पैरों तले की जमीन खिसक गई. पूरे कोच में 52 सीट ही थीं, 53 और 54 नंबर की सीट कोच में थी ही नहीं. ईशान ने कोच के अंदर का वीडियो बनाया और अपने कन्फर्म टिकट का स्क्रीनशॉट लेकर दोनों को X पर पोस्ट कर दिया. उन्होंने रेलवे हेल्पलाइन नंबर 139 पर भी शिकायत दर्ज कराई.

दो यात्रियों को भुगतना पड़ा खामियाजा

ईशान की यह पोस्ट कुछ ही देर में वायरल हो गई. यूजर्स ने जमकर मजे लिये और इसकी तुलना हैरी पॉटर के मशहूर प्लेटफॉर्म 9¾ से कर डाली. मामला बढ़ता देख भारतीय रेलवे की तरफ से तुरंत जवाब दिया गया और इसे संबंधित अधिकारियों के पास ट्रांसफर कर दिया. पूर्वोत्तर रेलवे के वाराणसी डिवीजन के सीनियर डिविजनल कमर्शियल मैनेजर ने पर सफाई देते हुए कहा कि यह गड़बड़ी सॉफ्टवेयर ग्लिच की वजह से हुई थी. इसे ठीक करने के लिए जरूरी कदम उठाए जा रहे हैं. अधिकारी ने यह भी बताया कि यह गलती केवल ईशान के साथ ही नहीं हुई. एक और यात्री को नॉन-एग्जिस्टेंट बर्थ गलती से अलॉट हो गई थी. बाद में रेलवे ने दोनों यात्रियों को उसी कोच में दूसरी बर्थ मुहैया करा दी.

52 बर्थ वाले कोच में 54 नंबर की सीट कैसे अलॉट हुई?

सबसे बड़ा सवाल यही है कि भारतीय रेलवे के कंप्यूटराइज्ड सिस्टम ने ऐसी सीट कैसे अलॉट कर दी, जो असल में कोच में थी ही नहीं. इसका जवाब रेलवे कोच की अलग-अलग बनावट और डिजाइन में छिपा है. दरअसल, एक ही कैटेगरी के सभी रेलवे कोच में सीट की संख्या एक जैसी नहीं होती. पुराने जमाने के नीले ICF यानी इंटीग्रल कोच फैक्ट्री के AC 2-टियर कोच में 46 बर्थ होती थीं. इसके बाद लाल और ग्रे कलर वाले LHB यानी लिंके हॉफमैन बुश कोच में ज्यादा यात्रियों के बैठने और सोने की क्षमता होती है. रेलवे के ऑफिशियल दस्तावेज में LHB AC 2-टियर कोच की क्षमता 52 और 54 दोनों दर्ज हैं. 2020 के दस्तावेजों में LHB AC 2-टियर कोच की कैपेसिटी 54 बर्थ की बताई गई है.

रिजर्वेशन सिस्टम में कहां होती है चूक

रेलवे का कंप्यूटराइज्ड पैसेंजर रिजरवेशन सिस्टम (PRS) अपने डेटाबेस में दर्ज कोच कॉन्फिगरेशन और बर्थ इन्वेंट्री के बेस पर सीटें अलॉट करता है. सिस्टम के सही से काम करने के लिए यह जरूरी है कि कंप्यूटर के डेटाबेस में दर्ज सीटों की संख्या और ट्रेन में लगाए गए कोच की सीटों की संख्या मेल खाए. कई बार मेंटेनेंस या ऑपरेशनल रीजन से ट्रेन में किसी कोच को बदल दिया जाता है. मान लीजिए रेलवे के रिजर्वेशन सिस्टम में A1 कोच के सामने 54 बर्थ दर्ज हैं. लेकिन यार्ड से ट्रेन में 52 बर्थ वाला कोच जोड़ दिया गया. यदि सिस्टम में इस बदलाव को समय रहते अपडेट नहीं किया गया तो सॉफ्टवेयर 53 और 54 नंबर की बर्थ को खाली मानकर अलॉट कर देता है. जबकि कोच में उन जगहों पर कंबल-चादर की अलमारी होती है.

Add Zee News as a Preferred Source

About the Author

Kriyanshu Saraswat

Kriyanshu Saraswat

क्रियांशु सारस्वत वरिष्ठ बिजनेस जर्नलिस्ट (Business Journalist) हैं, उन्हें डिजिटल और प्रिंट मीडिया में 17 साल का अनुभव है. मौजूदा समय में वह Zee News (Hindi) की डिजिटल टीम में बतौर 'असिस्टेंट न्यूज एडिटर' कार्यरत हैं. क्रियांशु को बिजनेस, पर्सनल फाइनेंस, टैक्सेशन, कमोडिटी और सरकारी योजनाओं आदि से जुड़ी खबरों को आसान भाषा में पाठकों तक पहुंचाने में महारथ हासिल है. Zee News से पहले क्रियांशु ने टाइम्स इंटरनेट, हिन्दुस्तान, दैनिक जागरण और अमर उजाला की वेबसाइट में अहम संपादकीय जिम्मेदारियां निभाई हैं. इस दौरान क्रियांशु ने ऑटो, टेक्नोलॉजी और लाइफस्‍टाइल लीड की जिम्मेदारी संभाली है. अभी क्रियांशु बिजनेस लीड हैं. यूपी से ताल्‍लुक रखने वाले क्र‍ियांशु पत्रकार‍िता में पोस्ट ग्रेजुएट हैं.
Read More