App

लाइफ जैकेट, एंटी-जी सूट ट्राउजर और ऑक्सीजन मास्क... राफेल पायलटों के लिए एयरफोर्स ने मांगे ये खास उपकरण

भारतीय वायुसेना ने राफेल पायलट की सुरक्षा को देखते हुए काफी हाईटेक उपकरणों को खरीदने का विचार बनाया है. इनमें 6 साइज के एंटी-जी सूट ट्राउजर, 7 प्रकार की लाइफ जैकेट और 4 साइज में ऑक्सीजन मास्क शामिल हैं.

लाइफ जैकेट, एंटी-जी सूट ट्राउजर और ऑक्सीजन मास्क... राफेल पायलटों के लिए एयरफोर्स ने मांगे ये खास उपकरण
Image Credit: राफेल पायलटों को मिलेंगे विशेष सुरक्षा उपकरण (AI तस्वीर)

आसमान में आवाज की रफ्तार से उड़ान भरते राफेल को देखना किसी रोमांच से कम नहीं. यह घातक लड़ाकू विमान जब हवा में फर्राटे भरता है, तो कॉकपिट के भीतर हर पल एक बड़ी चुनौती होती है. ऐसे में भारतीय एयरफोर्स के सामने अपने पायलट की सुरक्षा एक बड़ी चिंता का विषय बनी हुई थी. अब एयरफोर्स ने इसका हल निकाल लिया है. वायुसेना अब राफेल पायलटों को एक बेहद खास सुरक्षा कवच देने जा रहा है. जानकारी के मुताबिक, राफेल पायलटों के लिए सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए एयरफोर्स काफी हाईटेक उपकरणों को खरीदने वाली है. इनमें 6 साइज के एंटी-जी सूट ट्राउजर, 7 प्रकार की लाइफ जैकेट और 4 साइज में ऑक्सीजन मास्क शामिल हैं. भारतीय वायुसेना की ओर से यह कदम ऐसे वक्त में उठाया गया, जब पाकिस्तान में सियासी घमासान देखने को मिल रहा है.

टेंडर की टाइमिंग बड़ी अहम

पाकिस्तान इस वक्त गृहयुद्ध के मुहाने पर खड़ा है. बढ़ती महंगाई, सरकारी भ्रष्टाचार और पाक फौज के अत्याचारों से पड़ोसी मुल्क की जनता परेशान है. पाक के कब्जे वाले कश्मीर यानी PoK, बलूचिस्तान और खैबर पख्तूनख्वा समेत कई हिस्सों में सरकार और फौज के खिलाफ जनता सड़कों पर उतरकर प्रदर्शन कर रही है. पाक की सियासी अस्थिरता भारत को भी प्रभावित कर सकती है. लिहाजा, भारतीय सेनाएं पूरी तरह से सतर्क हैं. इस बीच वायुसेना अपने राफेल पायलट के लिए अत्याधुनिक सुरक्षा उपकरण खरीदने के लिए टेंडर निकालने जा रही है.

17 आइटम खरीदने की तैयारी

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, वायुसेना ने तीन श्रेणियों के अंतर्गत 17 तरह की वस्तुओं को खरीदने का प्लान तैयार किया है. इनमें एंटी-जी सूट ट्राउजर (6 साइज), लाइफ जैकेट (7 प्रकार) और ऑक्सीजन मास्क (4 साइज) शामिल हैं. वायुसेना ने साफ कहा है कि यह राफेल पायलटों की सुरक्षा के उपकरण हैं, ना कि वायुसेना की सामान्य वर्दी. IRDW के मुताबिक, यह खरीद प्रक्रिया एयर हेडक्वार्टर के 'D प्रोक्योरमेंट' विभाग की ओर से की जा रही है. 

12 जनवरी को खुलेगी नीलामी

रिपोर्ट के मुताबिक, यह एक काफी सीक्रेट डील है, इसलिए इसमें केवल कुछ चुनिंदा कंपनियों को ही बोलियां लगाने का अधिकार दिया गया है. टेंडर में हिस्सा लेने के लिए 'अर्नेस्ट मनी डिपॉजिट' (बयाना राशि) कितनी होगी, इसके बारे में कोई उल्लेख नहीं किया गया है. रिपोर्ट के मुताबिक, टेंडर प्रक्रिया में हिस्सा लेने के लिए 22 दिसंबर 2026 से खुलेगा और 5 जनवरी 2027 को यह प्रक्रिया बंद हो जाएगी. इसके बाद 12 जनवरी को नीलामी की बोलियां खोली जाएंगी. 

Add Zee News as a Preferred Source

About the Author

K. Raj Mishra

K. Raj Mishra

कर्मराज मिश्रा ज़ी न्यूज (डिजिटल) टीम में बतौर चीफ सब एडिटर कार्यरत हैं. वे यहां देश-विदेश की राजनीति और समसामयिक मुद्दों पर लिखते हैं. कानपुर यूनीवर्सिटी से पत्रकारिता में मास्टर की डिग्री हासिल करके IBN-7 न्यूज चैनल से इंटर्नशिप की. इसके बाद खबर फास्ट, नेशन लाइव और साधना न्यूज न्यूज चैनलों में काम करने के बाद डिजिटल का रुख किया और 2017 से 2020 तक हिंदुस्थान समाचार न्यूज एजेंसी में बतौर सीनियर सब एडिटर काम किया. इसके बाद News Nation, India Ahead के बाद वर्तमान में Z Media का हिस्सा हैं. मीडिया में 10 साल के कार्यकाल के दौरान यूपी, बिहार, छत्तीसगढ़ और दिल्ली विधानसभा चुनावों के अलावा 2019 और 2024 का लोकसभा चुनाव कवर किया है.
Read More