)
दुनिया के सबसे अमीर आदमी एलन मस्क ने अमेरिकी बच्चों को अपनी अंतरिक्ष कंपनी स्पेसएक्स के शेयर देने के प्लान को एक कदम और आगे बढ़ा दिया है. पहले उन्होंने हर बच्चे को एक शेयर देने का वादा किया था, लेकिन अब इस संख्या को बढ़ाकर दो कर दी गई है.
मस्क ने खुद ऐलान किया है कि कंपनी की तरफ से दिए जाने वाले शेयर के बराबर वो अपने हिस्से से भी एक शेयर देंगे. लेकिन बच्चों को ये दोनों शेयर एक साथ नहीं मिलेंगे, बल्कि इन्हें अलग-अलग समय पर खातों में भेजा जाएगा.
Every child in America will receive two SpaceX shares, one from the company and one from me personally
— Elon Musk (@elonmusk) November 26, 2026
एलन मस्क ने बुधवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर इस प्लान की पूरी जानकारी साझा की है. उन्होंने साफ किया कि स्पेसएक्स कंपनी की तरफ से दिया जाने वाला पहला शेयर अगले महीने ही ट्रांसफर कर दिया जाएगा.
वहीं मस्क की अपनी हिस्से वाला दूसरा शेयर बच्चों को अगले साल जून 2027 में मिलेगा. मस्क ने बताया कि उनके शेयरों पर अभी लॉकअप पीरियड लागू है, जिसके खत्म होते ही वह अपना वादा पूरा करेंगे.
स्पेसएक्स का ये कदम ट्रंप प्रशासन की बच्चों से जुड़ी एक बचत प्लान से सीधा संबंध रखता है. कंपनी ने फैसला किया है कि हर सक्रिय ट्रंप अकाउंट के लिए वो एक नया क्लास ए कॉमन शेयर जारी करेगी.
अब मस्क के एक और शेयर जोड़ने के फैसले से बच्चों को मिलने वाली हिस्सेदारी दोगुनी हो जाएगी. पिछले महीने भी मस्क ने अमेरिका के हर बच्चे को कंपनी का एक शेयर देने की इच्छा जताई थी, जिसे अब और बढ़ा दिया गया है.
इस बड़ी घोषणा के बावजूद शेयर बाटने की पूरी प्रक्रिया को लेकर कई सवाल अभी बाकी हैं. ये अभी साफ नहीं हो पाया है कि मस्क अपनी हिस्सेदारी वाले शेयर भी सीधे ट्रंप अकाउंट में ही डालेंगे या इसके लिए कोई दूसरा रास्ता अपनाया जाएगा.
अभी ये भी क्लीयर नहीं है कि आगे चलकर इस शेयर को अगर बच्चों के परिवार वाले बेचना चाहेंगे तो उसे लेकर किसी तरह का रोक रहेगा या नहीं. हो सकता है कि आगे चलकर इस बार में जानकारी दी जाए.
बच्चों के फ्यूचर को बेहतर करने के लिए सिर्फ एलन मस्क ही न हीं, बल्कि कंपनी के बड़े अधिकारी भी आगे आ गए हैं. स्पेसएक्स की प्रेसिडेंट ग्वेने शॉटवेल और उनके पति ने भी इसी तरह का एक बड़ा संकल्प लिया है.
इस दंपति ने अपनी हिस्सेदारी में से 20 लाख से ज्यादा बच्चों को शेयर देने का वादा किया है. ये सभी वे बच्चे हैं जो ट्रंप सरकार की इस खास बचत पहल के दायरे में आते हैं.
शेयर देने का ये पूरा प्लान ट्रंप अकाउंट प्लान से जुड़ी हुई है. जिसे साल 2025 के वर्किंग फैमिलीज टैक्स कट्स कानून के तहत शुरू किया गया था. ये बच्चों के लिए बनाया गया एक बचत और निवेश कार्यक्रम है.
जिसमें पैसा तो बच्चे के नाम पर रहता है लेकिन 18 साल की उम्र होने तक माता-पिता इसकी देखरेख करते हैं. इसे शुरुआती रिटायरमेंट खातों की तरह तैयार किया गया है जिससे बच्चे कम उम्र से ही अपने भविष्य के लिए पूंजी जोड़ सकें.