App

पंजाब चुनाव 2027 का शंखनाद: 26 नवंबर को मोगा में एक मंच पर दिखेंगे AAP के सभी 71 उम्मीदवार, केजरीवाल-मान देंगे जीत का मंत्र

आम आदमी पार्टी (AAP) ने 2027 के पंजाब विधानसभा चुनाव की तैयारियां तेज कर दी हैं. पार्टी की ओर से जारी जानकारी के अनुसार, 26 नवंबर को मोगा में आयोजित होने वाली रैली में सभी 71 घोषित उम्मीदवार एक मंच पर नजर आएंगे, जहां अरविंद केजरीवाल और मुख्यमंत्री भगवंत मान कार्यकर्ताओं को संबोधित करेंगे.

पंजाब चुनाव 2027 का शंखनाद: 26 नवंबर को मोगा में एक मंच पर दिखेंगे AAP के सभी 71 उम्मीदवार, केजरीवाल-मान देंगे जीत का मंत्र
Image Credit: मिशन 2027 के लिए AAP का 'मोगा प्लान': 71 उम्मीदवारों के साथ शक्ति प्रदर्शन की तैयारी, मालवा से माझा तक सियासी संदेश

पंजाब में 2027 के विधानसभा चुनावों से पहले अब सबकी निगाहें 26 नवंबर पर टिक गई हैं. आम आदमी पार्टी अपने 14वें स्थापना दिवस पर मोगा में मेगा रैली करने जा रही है. इस रैली की सबसे खास बात यह होगी कि पार्टी के अब तक घोषित सभी 71 उम्मीदवार एक ही मंच पर नजर आएंगे. उनके साथ आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल और मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान भी मौजूद रहेंगे. पार्टी इस बड़े आयोजन के जरिए पूरे पंजाब को अपना चुनावी संदेश देने की तैयारी में है.

पंजाब की राजनीति में यह पहला बड़ा मौका होगा, जब AAP के घोषित 71 उम्मीदवार राष्ट्रीय और प्रदेश नेतृत्व के साथ एक मंच साझा करेंगे. इसके अलावा सभी हल्का इंचार्ज की भी भागीदारी दिखाई देगी. पार्टी के लिए यह आयोजन सिर्फ एक जनसभा नहीं, बल्कि 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले अपने उम्मीदवारों, नेताओं और कार्यकर्ताओं को एक साथ लाने का बड़ा अवसर है. जहां से पूरे पंजाब में सियासी ताकत का संदेश दिया जा सकें.

मोगा- पंजाब की सियासी रैलियों का पुराना केंद्र

मोगा को इस रैली के लिए चुनने के पीछे भी खास राजनीतिक महत्व है. मालवा के बीच स्थित मोगा पंजाब की बड़ी राजनीतिक रैलियों का पुराना केंद्र रहा है. यहां से लुधियाना, फिरोजपुर, फरीदकोट और बरनाला जैसे जिलों का संपर्क है. जालंधर के रास्ते दोआबा तक भी इसकी पहुंच है. ऐसे में मोगा की धरती से उठने वाला राजनीतिक संदेश मालवा के साथ दोआबा और माझा तक पहुंचाने की तैयारी है.

2022 में AAP ने जीती थी 117 में से 92 सीटें

पंजाब की 117 विधानसभा सीटों में से 69 मालवा, 23 दोआबा और 25 माझा में आती हैं. आम आदमी पार्टी ने अब तक 71 सीटों पर उम्मीदवार घोषित कर दिए हैं. मोगा जिले की चारों विधानसभा सीटों पर भी पार्टी अपने उम्मीदवारों के नाम तय कर चुकी है. इससे साफ है कि पार्टी चुनाव से पहले उम्मीदवारों की घोषणा और संगठन की तैयारियों को एक साथ आगे बढ़ा रही है. 2022 के विधानसभा चुनाव में आम आदमी पार्टी ने पंजाब की 117 में से 92 सीटें जीतकर सरकार बनाई थी. मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के नेतृत्व में बनी सरकार अब अपने करीब पांच साल के कामकाज के साथ जनता के सामने जाने की तैयारी कर रही है. मोगा की रैली में इसी कामकाज का रिपोर्ट कार्ड पेश किया जाएगा.

केजरीवाल और सीएम भगवंत मान करेंगे मंच से अगुवई

मुख्यमंत्री भगवंत मान की अगुवाई में पंजाब सरकार ने मुफ्त बिजली, आम आदमी क्लीनिक, 10 लाख तक फ्री इलाज, विश्वस्तरीय सरकारी स्कूल और रोजगार से जुड़े फैसलों को अपनी प्रमुख पहलों में रखा है. 26 नवंबर को पार्टी नेतृत्व इन योजनाओं और सरकार की ओर से किए गए कामों का ब्यौरा जनता के सामने रखेगा. इसके साथ ही पंजाब के अगले पांच वर्षों के विकास का रोडमैप भी सामने आने की उम्मीद है.रैली में अरविंद केजरीवाल और भगवंत मान का एक मंच पर आना भी महत्वपूर्ण होगा. भगवंत मान पंजाब सरकार का नेतृत्व कर रहे हैं, जबकि केजरीवाल राष्ट्रीय स्तर पर पार्टी की चुनावी रणनीति से जुड़े हैं. दोनों नेताओं के संबोधन में सरकार के कामकाज के साथ पंजाब के भविष्य, किसानों, युवाओं, महिलाओं, शिक्षा और स्वास्थ्य से जुड़े मुद्दों पर जोर रहने की संभावना है.

इस रैली का एक बड़ा मकसद पार्टी कार्यकर्ताओं को चुनावी तैयारियों के लिए सक्रिय करना भी होगा. पंजाब के अलग-अलग विधानसभा क्षेत्रों से आने वाले कार्यकर्ताओं को अपने नेताओं और घोषित उम्मीदवारों के साथ एक मंच पर जुड़ने का अवसर मिलेगा. पार्टी नेतृत्व उन्हें अगले चुनाव की तैयारियों और जनता तक सरकार के कामकाज की जानकारी पहुंचाने को लेकर संदेश देगा.

61 फीसदी उम्मीदवारों का ऐलान कर चुकी पार्टी

पंजाब के मौजूदा माहौल से देखें तो 71 उम्मीदवारों और हल्का इंचार्ज को एक मंच पर लाने का फैसला भी बड़ा महत्व रखता है. पार्टी ने करीब 61 प्रतिशत विधानसभा सीटों पर उम्मीदवार घोषित कर दिए हैं. अब मोगा की रैली के जरिए इन उम्मीदवारों की सामूहिक मौजूदगी और संगठनात्मक तैयारियों को सामने रखा जाएगा. यह कार्यक्रम पंजाब के तीनों क्षेत्रों में पार्टी की चुनावी गतिविधियों को आगे बढ़ाने का अवसर बन सकता है. 26 नवंबर को मोगा में होने वाली रैली के जरिए AAP एक तरफ भगवंत मान सरकार के कामकाज का हिसाब जनता के सामने रखेगी, तो दूसरी तरफ अगले पांच वर्षों की योजनाओं पर चर्चा करेगी. रैली में आने वाले कार्यकर्ताओं और उम्मीदवारों की भागीदारी से पार्टी की चुनावी तैयारियों की तस्वीर भी सामने आएगी.

2027 में दोबारा सत्ता में वापसी की कोशिश में पार्टी

पंजाब की सियासत में अब 26 नवंबर की तारीख अहम हो गई है. मोगा में केजरीवाल और भगवंत मान के साथ सभी 71 उम्मीदवारों और हल्का इंचार्ज की मौजूदगी, सरकार का रिपोर्ट कार्ड और अगले पांच वर्षों का रोडमैप इस रैली के मुख्य आकर्षण होंगे. 2027 में दोबारा जनादेश हासिल करने की तैयारी कर रही आम आदमी पार्टी के लिए मोगा की यह रैली एक बड़ा राजनीतिक पड़ाव होगी. अब देखना होगा कि इस मंच से दिया गया संदेश मालवा, दोआबा और माझा की राजनीति में किस तरह की आम आदमी पार्टी के लिए लहर को बनाए रखता है.

Add Zee News as a Preferred Source

About the Author

Ravindra Pratap Singh

Ravindra Pratap Singh

रवींद्र प्रताप सिंह ने साल 2015 में जागरण.कॉम से डिजिटल मीडिया में कदम रखा मौजूदा समय वो ज़ी न्यूज डिजिटल में चीफ सब एडिटर हैं. अगस्त 2025 में उन्होंने ज़ी न्यूज ज्वाइन किया है. रवींद्र देश और दुनिया की खबरों के अलावा खेलों में क्रिकेट जगत और क्राइम की खबरों पर बेहतरीन पकड़ रखते हैं. इसके पहले रवींद्र रिपब्लिक भारत में इवनिंग शिफ्ट के इंचार्ज रहे और शाम की शिफ्ट संभालते हुए होम पेज की जिम्मेदारी रवींद्र के ऊपर थी. उससे पहले रवींद्र ने जनसत्ता और न्यूज नेशन में भी शाम की शिफ्ट और होम पेज की जिम्मेदारी बखूबी निभाई. इसके पहले रवींद्र ने 5 सालों तक पी7 और लाइव इंडिया जैसे न्यूज चैनलों में काम किया था. रवींद्र आकाशवाणी में काम करने का अनुभव रखते. अवध यूनिवर्सिटी से मॉस कम्युनिकेशन से पोस्ट ग्रेजुएट रवींद्र पिछले डेढ़ दशक से सक्रिय पत्रकारिता कर रहे हैं. आप रवींद्र से जुड़ने के लिए Ravindra.Singh@India.com पर मेल कर सकते हैं या फिर फेसबुक पर संपर्क करने के लिए https://www.facebook.com/pintu.singh.397 और एक्स पर https://x.com/rs66533 रवींद्र से संपर्क किया जा सकता है. 
Read More