)
मोतिहारी में बेशकीमती जमीन को लेकर उठा विवाद अब आरोप-प्रत्यारोप के नए दौर में पहुंच गया है. पर्यटन विभाग की प्रस्तावित ‘झील संरक्षण योजना’ से जुड़ी इस जमीन पर जहां सांसद सुधाकर सिंह ने प्रेस कॉन्फ्रेंस के जरिए सरकार और मोतिहारी प्रशासन की कार्यशैली पर गंभीर सवाल खड़े किए. वहीं, मोतिहारी जिला प्रशासन ने 23 नवंबर सोमवार को आधिकारिक प्रेस विज्ञप्ति जारी कर इन आरोपों को सिरे से खारिज कर दिया है. दरअसल, मामला पिपराकोठी (थाना नं.-210, खाता नं.-156, खेसरा नं.-507) की 17 एकड़ 30 डिसमिल बेशकीमती जमीन का है.
राजद सांसद सुधाकर सिंह ने आरोप लगाया था कि उन पर सरकारी काम में बाधा डालने और पॉकेट से पैसे चोरी करने की एफआईआर दर्ज हुई है, जिस पर सांसद सुधाकर सिंह ने सवाल किया कि अगर मेरे द्वारा सरकारी काम में बाधा उत्पन्न की गई थी, तो एफआईआर प्राइवेट आदमी ने क्यों दर्ज कराई? सांसद सुधाकर सिंह ने यह भी पूछा कि सैकड़ों पुलिसकर्मियों की मौजूदगी में मैंने कैसे किसी की पॉकेट से पैसे चुरा लिए? सांसद सुधाकर सिंह यहीं नहीं रुके, उन्होंने तो मोतिहारी के सांसद राधामोहन सिंह पर भी गंभीर आरोप लगा दिए.
कहा गया कि एक तरफ एफआईआर में वाटर पार्क निर्माण का जिक्र है, दूसरी तरफ आरटीआई में वाटर पार्क की किसी योजना से इनकार किया गया. हाईकोर्ट में जमीन अधिग्रहित न होने और निर्माण कार्य नहीं चलने की बात कही गई. सवाल उठाया गया कि आखिर मौके पर काम कौन करा रहा है?
आरोप लगाया गया कि हाईकोर्ट के स्टे के बावजूद जमीन पर गतिविधियां जारी हैं. सांसद सुधाकर सिंह के द्वारा यह भी आरोप लगाया गया कि विरोध जताने वाले किसानों के खिलाफ गंभीर धाराओं में मुकदमे दर्ज किए गए और डीएम कार्यालय जाने से रोकने के लिए भारी पुलिस बल तैनात किया गया.
जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि सोशल मीडिया और बयानों में दो अलग-अलग कानूनी मामलों को आपस में मिलाकर भ्रम की स्थिति पैदा की जा रही है.
वाद संख्या-242/2025-26 में अपर समाहर्ता ने 29 मई 2026 को शेख अब्दुल सत्तार सहित 8 जमाबंदीधारियों की जमाबंदी रद्द की थी, जिसके बाद यह भूमि पर्यटन विभाग को हस्तांतरित की गई.
CWJC 9635/2026 : 31 अगस्त 2026 के आदेश में याचिकाकर्ताओं को डीएम के समक्ष अपील का अवसर दिया गया है, जिसका निस्तारण 31 दिसंबर 2026 तक किया जाना है. प्रशासन के मुताबिक इसमें जमाबंदी रद्दीकरण रद्द नहीं हुआ है और न ही विकास कार्यों पर अंतरिम रोक लगी है; काम अंतिम आदेश के अधीन रहेगा.
CWJC 10679/2026: बच्चा प्रसाद राय व अन्य से जुड़ी जमाबंदी संख्या-389, 390, 391 (वाद संख्या-50/2026-27) में हाईकोर्ट ने 24 जुलाई 2026 को अंतिम निर्णय आने तक यथास्थिति बनाए रखने की अपेक्षा की है, जिसका प्रशासन सम्मान कर रहा है.
प्रशासन ने कहा कि बीडीओ द्वारा आरटीआई में दी गई जानकारी केवल ग्राम पंचायत राज की योजनाओं से जुड़ी है, जिसका पर्यटन विभाग की झील संरक्षण योजना से सीधा संबंध नहीं है. प्रशासन ने कहा कि सभी कदम पारदर्शी और न्यायिक आदेशों के दायरे में उठाए जा रहे हैं.
पूरे मामले में सबसे अहम पड़ाव 31 दिसंबर 2026 है, जिस तारीख तक जमाबंदी रद्दीकरण से जुड़ी अपील पर डीएम को निर्णय लेना है. वहीं, दूसरे वाद में अपर समाहर्ता का अंतिम आदेश आने तक यथास्थिति बरकरार रहेगी. प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे सोशल मीडिया पर चल रही अपुष्ट व भ्रामक बातों के बजाय आधिकारिक तथ्यों पर ध्यान दें.
रिपोर्ट: पंकज कुमार