App

सीमा पर मजबूत हो रहे भारत के बुनियादी ढांचे से चीन क्यों बेचैन? फिर उगला अरुणाचल राग, कहा - नहीं देते मान्यता

दुनिया में महाशक्ति के रूप में भारत का कद जैसे-जैसे बड़ा हो रहा है, चीन अंदर से उतना ही झुंझला रहा है. अपनी बौखलाहट दिखाते हुए उसने एक बार फिर अरुणाचल का नाम लेकर भारत को चिढ़ाने की कोशिश की है.

सीमा पर मजबूत हो रहे भारत के बुनियादी ढांचे से चीन क्यों बेचैन? फिर उगला अरुणाचल राग, कहा - नहीं देते मान्यता
Image Credit: चीन से मुकाबले के लिए भारत ने सरहद पर बुनियादी विकास तेज कर दिया है (एआई इमेज)

चीन को दुनिया में भारत का तेज उभार रास नहीं आ रहा है. अपनी आर्थिक विकास दर तेज बनाए रखते हुए भारत जिस तरह अपनी सैन्य क्षमताओं को विस्तार दे रहा है, उससे विस्तारवादी चीन को अपने वर्चस्ववाद के लिए खतरा लग रहा है. चीन की यह बौखलाहट गुरुवार को उसके बयानों में साफ नजर आई, जब उसने अरुणाचल प्रदेश पर फिर अपना दावा दोहराया और कहा कि इस क्षेत्र में वह भारत की संप्रभुता को मान्यता नहीं देता है.

हम अरुणाचल प्रदेश को मान्यता नहीं देते- चीन

चीन के राष्ट्रीय रक्षा मंत्रालय के प्रवक्ता चेन शी ने गुरुवार को कहा कि चीन-भारत सीमावर्ती इलाकों में स्थिति आम तौर पर स्थिर है. उन्होंने जोर देकर कहा, 'जांगनान क्षेत्र चीन का हिस्सा है और चीन, भारत की ओर से अवैध रूप से बनाए गए तथाकथित अरुणाचल प्रदेश को मान्यता नहीं देता है. चीन और भारत, दोनों पक्षों के बीच बनी सहमति को लागू करने और सीमावर्ती इलाकों में शांति व स्थिरता बनाए रखने के लिए, राजनयिक और सैन्य माध्यमों के जरिए एक-दूसरे के संपर्क में रहते हैं.'

बताते चलें कि भारत के अरुणाचल प्रदेश को चीन जबरदस्ती अपने कथित जांगनान क्षेत्र का हिस्सा बताता है. जबकि भारत का इस मुद्दे पर शुरू से ही स्पष्ट और अटल रुख रहा है कि अरुणाचल प्रदेश भारत का अभिन्न और अविभाज्य अंग है. इस मुद्दे पर कोई भी समझौता नहीं हो सकता.

फिर क्यों दिया चीन ने ऐसा बयान?

चीन का यह बयान 25 नवंबर को भारतीय विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल के बयान के जवाब में आया है. जायसवाल ने बुधवार को इस बात पुष्टि की थी कि हाल में पूर्वी सेक्टर में दोनों देशों के वरिष्ठतम सैन्य कमांडरों की बैठक हुई है. इस बैठक का फोकस LAC के साथ सीमा प्रबंधन सुधारने, लंबित मुद्दों को सुलझाने और तनाव बढ़ने से रोकने पर रहा.  

इससे पहले, अगस्त 2026 में बीजिंग में दोनों देश के विशेष प्रतिनिधियों की 25वीं बैठक हुई थी. इस बैठक में भारत और चीन के बीच 8-सूत्री सहमति बनी थी. इसमें जनरल-स्तरीय बैठकों के लिए दो अतिरिक्त मिलन बिंदु बनाने, पूर्वी और मध्य सेक्टर में दो एक्सट्रा सैन्य हॉटलाइन स्थापित करने पर सहमति बनी थी.

अपने नैरेटिव को आगे बढ़ानी की चीनी चाल

डिफेंस एक्सपर्ट चीनी विदेश मंत्रालय के ताजा बयान को उसकी इंच-इंच आगे बढ़ने की रणनीति का ही विस्तार मान रहे हैं. उनका कहना है कि अरुणाचल प्रदेश के लिए बार कथित 'ज़ांगनान' शब्द का इस्तेमाल करके वह चाहता है कि यह शब्द दुनिया की मीडिया में चर्चित हो जाए. जिससे इस क्षेत्र पर एक तरह से उसके स्वामित्व को स्वीकार्यता मिल जाए.

इसके लिए वह समय-समय पर अरुणाचल प्रदेश और लद्दाख क्षेत्र के स्थानों के नाम बदलकर मानचित्र या सूचियां जारी करता है. उनकी इन कोशिशों को भारत सिरे से खारिज करता रहा है. कई सालों तक औपचारिक विरोध जताने के बाद इस साल भारत ने ड्रैगन को जैसे का तैसा जवाब देना शुरू किया.

भारत से मिला तीखा जवाब तो बिलबिला गया चीन

अरुणाचल प्रदेश सरकार से सलाह करने के बाद भारत सरकार ने राज्य को 27 स्थानों और भौगोलिक विशेषताओं का नामकरण कर दिया. इनमें जिनमें 21 भू-क्षेत्र, 4 दर्रे, 1 झील और 1 स्मारक शामिल हैं. इन मानक नामों को भारतीय सर्वेक्षण (के आधिकारिक मानचित्रों पर औपचारिक रूप से चिह्नित किया गया.

यह पहली बार था, जब भारत ने चीन को उसी की भाषा में तीखा जवाब दिया. इसके बाद से वह बौखलाया हुआ. उसकी टेंशन लद्दाख और अरुणाचल सेक्टर में सरहद किनारे बिछाए रहे सड़कों, पुलों और सुरंगों के जाल से भी है.

अपनी बढ़त कम होने से बढ़ रही चिंता

चीनी रणनीतिकारों का मानना है कि चीन ने बरसों की मेहनत करके तिब्बत में सड़कों, हवाई अड्डों और ट्रेन नेटवर्क का जाल बिछाया है. ये बुनियादी ढांचा भारत के खिलाफ उसे एक बड़ी बढ़त देता था. जंग की सूरत में वह इन सब नेटवर्क का इस्तेमाल करके भारत पर कार्रवाई कर सकता था.

लेकिन पिछले कुछ सालों में भारत जिस तरह चीन से लगती समूची सरहद पर बुनियादी ढांचों का तेजी से विकास करके वहां पर सड़कों और हवाई अड्डों का जाल बिछा रहा है. बारहमासी सड़क बनाने के लिए पहाड़ों के नीचे एक-एक करके सुरंगें बनाई जा रही हैं. ये सब परियोजनाएं जैसे-जैसे करके पूरी हो रही हैं, तिब्बत में चीन की बढ़त भी तेजी से घटती जा रही है.

जंग की सूरत में भारत बदल सकता है खेल

दूसरी बात ये है कि अपने क्षेत्र में बुनियादी ढांचों का विकास करके भारत धीरे-धीरे युद्ध की स्थिति में तिब्बत में घुसकर चीन पर जवाबी कार्रवाई करने में सक्षम हो रहा है. ये दो ऐसी बड़ी चिंताएं हैं, जो चीनी नेताओं को सोने नहीं दे रही हैं. लेकिन, चूंकि भारत ये सब काम अपनी सीमा के अंदर कर रहा है. इसलिए जिनपिंग सरकार चाहकर भी उसे रोक नहीं पा रही. हालांकि, उसके सरकारी प्रवक्ताओं की ओर से जारी होने वाले बयानों में यह बौखलाहट जब-तब जाहिर हो ही जाती है. 
 

Add Zee News as a Preferred Source

About the Author

Devinder Kumar

Devinder Kumar

अनुभवी पत्रकार और अंतर्राष्ट्रीय मामलों के विश्लेषक हैं. पिछले 18 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय हैं. अमर उजाला और नवभारत टाइम्स जैसे प्रतिष्ठित संस्थानों में काम करने के बाद, वर्तमान में वे Zee News में कार्यरत हैं. देश-दुनिया और ब्रेकिंग न्यूज पर नजर रखते हैं. अंतर्राष्ट्रीय राजनीति, वैश्विक घटनाक्रमों और खोजपरक पत्रकारिता में विशेष पकड़ है.
Read More