App

'धार्मिक मामलों पर जबरदस्ती बर्दाश्त नहीं'... नजरबंदी पर फूटा मीरवाइज का गुस्सा, बोले- शेषनाग और वंदे मातरम पर बोलने की मिली सजा

जामिया मस्जिद के प्रमुख मीरवाइज उमर फारूक का दावा है कि उन्हें शुक्रवार को फिर नजरबंद कर दिया गया, जिससे वे श्रीनगर की जामा मस्जिद में जुमे की नमाज नहीं पढ़ सके.

'धार्मिक मामलों पर जबरदस्ती बर्दाश्त नहीं'... नजरबंदी पर फूटा मीरवाइज का गुस्सा, बोले- शेषनाग और वंदे मातरम पर बोलने की मिली सजा
Image Credit: जामिया मस्जिद के प्रमुख मीरवाइज उमर फारूक नजरबंद किए गए...

इस्लामी धर्मगुरु और हुर्रियत प्रमुख मीरवाइज उमर फारूक एक बार फिर चर्चा में हैं. उन्होंने जुमे की नमाज से पहले खुद को नजरबंद किए जाने का दावा किया है. उन्होंने एक वीडियो जारी कर सीधे सरकार को घेरा. जामिया मस्जिद के प्रमुख मीरवाइज का दावा है कि शेषनाग झील के पास हो रहे निर्माण कार्य और वक्फ बोर्ड के कार्यक्रम में वंदे मातरम बजाए जाने पर आवाज उठाने की वजह से उन पर यह पाबंदी लगाई गई है. पीडीपी अध्यक्ष महबूबा मुफ्ती ने भी इस कार्रवाई की निंदा की और इसे धार्मिक स्वतंत्रता और लोकतांत्रिक अधिकारों के खिलाफ बताया है.

मीरवाइज उमर फारूक का कहना है कि जब भी वे जनता से जुड़े मुद्दे उठाते हैं, तो उन्हें शुक्रवार को जामा मस्जिद जाने से रोक दिया जाता है. उन्होंने कहा, 'अब तो जैसे एक मामूल और ट्रेडिशन बन गया है कि जब भी मैं किसी अवाम के मसले पर बात करता हूं, तो जुमे के दिन मुझे जो है वह हाउस अरेस्ट कर दिया जाता है और जामिया मस्जिद जाने नहीं दिया जाता.'

मीरवाइज उमर फारूक ने कहा, 'मुझे पहले ही इस बात का अंदाजा था कि आज मुझे जामिया मस्जिद जाने की इजाजत नहीं दी जाएगी. पिछले दिनों शेषनाग के संवेदनशील पारिस्थितिक क्षेत्र (इकोलॉजिकल जोन) में निर्माण कार्य के जो दृश्य सामने आए और उस पर लोगों में जो गहरी चिंता देखी गई, हमने उसी की आवाज उठाई. इसके अलावा, वक्फ बोर्ड के एक धार्मिक कार्यक्रम में वंदे मातरम बजाए जाने पर मुत्ताहिदा मजलिस-ए-उलमा का जो रुख था, उसे हमने साफ किया. इसलिए यह लग रहा था कि हम पर फिर से पाबंदियां लगाई जाएंगी.'

मौलाना कासिमी को थाने बुलाने पर जताया दुख

मीरवाइज ने 'मुत्ताहिदा मजलिस-ए-उलेमा' (MMU) के संरक्षक और प्रमुख इस्लामिक विद्वान मौलाना रहमतुल्लाह कासिमी को गुरुवार को पुलिस स्टेशन बुलाए जाने पर भी दुख जताया. उन्होंने कहा, 'यह भी कितने अफसोस की बात है कि मौलाना रहमतुल्लाह कासिमी साहब को भी पुलिस स्टेशन बुलाया गया और उन्हें फटकार लगाई गई. यह हैरानी और अफसोस की बात है कि हम अब अपनी धार्मिक मान्यताओं और भावनाओं की रक्षा के लिए भी आवाज नहीं उठा सकते.'

मीरवाइज उमर फारूक ने वीडियो में सवाल पूछा कि क्या हमें अपने रिलीजियस कंसर्न्स को बयान करने का भी अब हक नहीं है? हुक्मरानों को यह बात समझ लेनी चाहिए कि दीनी मामलात और खास कर जो तौहीद का अकीदा है, उस पर हम कोई जोर-जबरदस्ती जो है वह बर्दाश्त नहीं कर सकते. जिन मसाइल की हम बात करते हैं, उन मसाइल का जो बराह-ए-रास्त जो ताल्लुक है, वह कश्मीर के अवाम के ईमान के साथ है, उनके एनवायरनमेंट के साथ है, उनके माहौल के साथ है, उनके फ्यूचर के साथ है.

लोगों की भावनाओं का सम्मान करने की अपील

मीरवाइज ने अधिकारियों से लोगों की भावनाओं को समझने की अपील करते हुए कहा, 'अगर वाकई अवाम का जो वेलफेयर और प्रायोरिटी जो है वह हुकूमत की जो कि जिम्मेदारी है और उनकी प्रायोरिटी है, तो मुझ पर प्रेशर करने के बजाय और हमें बंद करने के बजाय, इन मसाइल की सेंसिटिविटीज को समझें. अवाम के जज्बात का एहतराम (सम्मान) करें, और ऐसे इकदामात से गुरेज करें जिससे लोगों को तकलीफ पहुंचती हो, या जो लोगों के लिए तशवीश का बाइस बनते हैं.'

महबूबा मुफ्ती ने उठाए सवाल

पीडीपी अध्यक्ष महबूबा मुफ्ती ने मीरवाइज को नजरबंद रखने की कड़ी आलोचना की है. पीडीपी पार्टी की तरफ से एक्स पर की गई एक पोस्ट में लिखा, 'पीडीपी अध्यक्ष महबूबा मुफ्ती ने मीरवाइज-ए-कश्मीर को लगातार नजरबंद रखे जाने की कड़ी निंदा की है. खासकर शुक्रवार के दिन, जब उन्हें जामा मस्जिद में नमाज अदा करने और अपना उपदेश देने से रोका जाता है. उनकी आवाजाही पर बार-बार पाबंदी लगाना बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है और इससे लोगों की धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचती है. जनता की चिंताओं को उठाना और धार्मिक जिम्मेदारियों का पालन करना, पाबंदियां लगाने का आधार नहीं हो सकता. आवाजों को दबाने के बजाय, सरकार को धार्मिक स्वतंत्रता, लोकतांत्रिक अधिकारों और जम्मू-कश्मीर के लोगों की भावनाओं का सम्मान करना चाहिए.'

Add Zee News as a Preferred Source

About the Author

Khalid Hussain

Khalid Hussain

सैयद खालिद हुसैन जम्मू-कश्मीर के एक पुरस्कार विजेता पत्रकार हैं, जिन्हें 24 वर्षों से अधिक का अनुभव है. साल 2014 से 'ज़ी न्यूज़' में चीफ  स्पेशल कोरेस्पोंडेंट के रूप में काम कर रहे हैं.जी मीडिया से पहले हुसैन ने न्यूज़ 18 में नौ साल तक सीनियर कोरेस्पोंडेंट के रूप में काम किया. हुसैन ने अपने करियर की शुरुआत डीडी न्यूज से की थी. हुसैन ने अपनी तालीम श्रीनगर के पब्लिक स्कूल और डीएवी हाई स्कूल से हासिल की. फिर ग्रेजुएशन तक का सफ़र एस.पी हायर सेकेंडरी स्कूल और अमर सिंह कॉलेज से पूरा किया. उसके बाद मास कम्युनिकेशन की पढ़ाई के लिए दिल्ली के सर अरबिंदो इंस्टीट्यूट ऑफ मास कम्युनिकेशन से पूरी की. इसके अलावा हुसैन लेखक फ़िल्म/ वीडियो कैमरा का स्पेशल कोर्स एफटीआई पुणे से कर चुके हैं.  मुंबई और दिल्ली में कई साल काम करने के बाद 2004 में उन्होंने जम्मू-कश्मीर में काम करना शुरू किया. डीडी न्यूज़, डीडी कश्मीर, BAG फ़िल्म्स में फ्रीलांस काम किया. हुसैन पिछले दो दशक से भी ज्यादा समय से जम्मू-कश्मीर से जुड़े कई मुद्दों को बेहतरीन तरीके से कवर कर रहे हैं. लद्दाख से लेकर मुंबई तक हुसैन भारत के कई शहरों से रिपोर्टिंग कर चुके हैं.
Read More