देश के मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ इंडिया गठबंधन के विरोध मार्च के बीच किरेन रिजिजू ने पूर्व केंद्रीय मंत्री कपिल सिब्बल का एक पुराना वीडियो शेयर करते हुए कांग्रेस पर तंज कसा है. केंद्रीय संसदीय कार्य मंत्री रिजिजू ने कांग्रेस के वोट चोरी के आरोपों पर पलटवार किया. रिजिजू ने कहा कि वरिष्ठ वकील और पूर्व केंद्रीय मंत्री कपिल सिब्बल ने खुद संसद में बताया था कि वोटर लिस्ट से नाम कैसे हटाए जाते हैं.
दरअसल, किरेन रिजिजू की ओर से सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर कपिल सिब्बल का एक पुराना वीडियो शेयर किया गया. इस वीडियो में सिब्बल सदन को संबोधित करते हुए नजर आ रहे हैं. रिजिजू ने कहा कि कपिल सिब्बल की यह पुरानी बात काफी महत्वपूर्ण है और इस वीडियो ने कांग्रेस के फर्जी वोट चोरी ड्रामा को उजागर कर दिया है.
एक्स पोस्ट में वीडियो शेयर करते हुए किरेन रिजिजू ने लिखा कि मुझे कपिल सिब्बल पसंद नहीं हैं, क्योंकि वह हमेशा भ्रष्ट, चरमपंथी और असामाजिक तत्वों को बचाते हुए पाए जाते हैं. पहली बार मुझे वह पसंद आए क्योंकि उन्होंने कानून मंत्री के रूप में संसद में अपने पुराने भाषण के जरिए कांग्रेस पार्टी के फर्जी वोट चोरी ड्रामे को उजागर किया है.
सबसे खास बात है कि किरेन रिजिजू का यह पोस्ट ऐसे समय पर आया है, जब वोटर लिस्ट और वोटरों के नाम हटाने को लेकर बीजेपी और कांग्रेस के बीच एक बड़ा टकराव चल रहा है. कांग्रेस का आरोप है कि चुनाव आयोग बीजेपी के साथ मिलकर वोटर लिस्ट से लोगों के नाम काट रहा है. इससे बड़ी संख्या में लोग वोट नहीं कर पा रहे हैं.
I don't like Kapil Sibal as he is always found to be protecting the corrupt, extremists & anti social elements. For the first time, I like him because he has exposed the bogus vote chori drama of Congress party through his old speech in Parliament as Law Minister!! https://t.co/7o51J7UMfC
— Kiren Rijiju (@KirenRijiju) October 6, 2026
शेयर किए गए वीडियो में देखा जा सकता है कि कपिल सिब्बल कह रहे हैं कि मैं स्पष्ट करना चाहता हूं कि नामों को हटाना तीन श्रेणियों में आता है. उदाहरण के लिए यदि कोई व्यक्ति एक विधानसभा क्षेत्र दूर जाता है, तो उसका नाम हटाया जाता है. वह इस लिस्ट में अभी भी रहेगा, लेकिन वह दूसरे विधानसभा क्षेत्र में मतदाता होगा. अगर किसी मतदाता का नाम दो जगहों पर दर्ज है, तो अपना निवास बदल सकता है, लेकिन वोटर लिस्ट में नाम बना रहता है. हालांकि, एक नाम को रद्द करना होगा. इसके बाद तीसरी बात है कि जब किसी व्यक्ति का निधन हो जाता है, तो उसका नाम हटाया जाएगा.
वीडियो में कपिल सिब्बल ने बताया कि अगर किसी के नाम गलत तरीके से हटाए गए हैं, तो उनके पास भी विकल्प है. सिब्बल ने कहा कि जिन व्यक्तियों के नाम गलत तरीके से हटाए गए हैं, वे चुनाव अधिकारी के पास जाकर उनसे अपना नाम दर्ज करने के लिए कह सकते हैं. अब किरेन रिजिजू ने सिब्बल के इसी बयान को सामने रखकर कांग्रेस के प्रदर्शन पर सवाल खड़े किए हैं. रिजिजू ने तर्क दिया कि वोटर लिस्ट से नाम हटाने की अपनी एक प्रक्रिया है.