App

कौन है धौलपुर की लेडी डॉन पूजा? जो 3 साल तक पुलिस को दे रही थी चकमा, जयपुर से हुई गिरफ्तार

धौलपुर में पुलिस ने तीन साल से फरार चल रही 10 हजार रुपये की इनामी आरोपी पूजा उर्फ रिया को जयपुर से गिरफ्तार किया है. 22 वर्षीय पूजा मोहन कॉलोनी में आकाश जोशी पर हुए जानलेवा हमले और फायरिंग के मामले में फरार थी.

कौन है धौलपुर की लेडी डॉन पूजा? जो 3 साल तक पुलिस को दे रही थी चकमा, जयपुर से हुई गिरफ्तार
Image Credit: तीन राउंड फायरिंग और जानलेवा हमला

धौलपुर में पुलिस ने तीन साल से फरार चल रही 10 हजार रुपये की इनामी आरोपी पूजा उर्फ रिया को जयपुर से गिरफ्तार किया है. 22 वर्षीय पूजा मोहन कॉलोनी में आकाश जोशी पर हुए जानलेवा हमले और फायरिंग के मामले में फरार थी.  

राजस्थान के धौलपुर जिले पुलिस मुख्यालय के वांछित अपराधी अभियान में थाना निहालगंज को बड़ी सफलता मिली है. तीन साल से फरार चल रही दस हजार रुपये की इनामी आरोपी पूजा उर्फ रिया को जयपुर से गिरफ्तार किया गया है. इस गिरफ्तारी में हेड कांस्टेबल दीनदयाल शर्मा और कांस्टेबल रामचंद्र की विशेष और निर्णायक भूमिका रही है.

एसपी के निर्देश पर गठित हुई स्पेशल टीम 
एसपी धौलपुर विकास सांगवान के निर्देशन में एएसपी वैभव शर्मा और सीओ सिटी प्रदीप कुमार के सुपरविजन में स्पेशल टीम गठित की थी. टीम में हेड कांस्टेबल दीनदयाल शर्मा और कांस्टेबल रामचंद्र को लीड टास्क सौंपा गया था.

मुखबिर तंत्र और तकनीकी ट्रैकिंग से मिला सुराग
जानकारी के अनुसार, दीनदयाल शर्मा ने अपने पुराने मुखबिर तंत्र को सक्रिय कर पूजा के जयपुर में छुपे होने की पुख्ता सूचना जुटाई, जबकि कांस्टेबल रामचंद्र ने तकनीकी ट्रैकिंग और लोकल वेरिफिकेशन में अहम रोल निभाया. दोनों जवानों ने दो दिन तक जयपुर में डेरा डालकर संदिग्ध ठिकाने पर नजर रखी और लगातार अधिकारियों को अपडेट दिया.

घेराबंदी कर जयपुर से दबोची गई लेडी डॉन पूजा
टीम ने कांस्टेबल कोमल, चालक दिलीप और महिला कांस्टेबल शिमला के साथ घेराबंदी कर पूजा उर्फ रिया पुत्री राजेन्द्र सिंह उम्र 22 साल निवासी उमरेह थाना बाड़ी सदर को दबोच लिया. लेडी डॉन पूजा उर्फ रिया हत्या के प्रयास और आर्म्स एक्ट जैसे संगीन मामले में 10 हजार की इनामी होकर तीन साल से पुलिस को चकमा दे रही थी. पूजा जयपुर में नाम बदलकर ऐश कर रही थी, लेकिन रील बनाने का फीवर उसे ले डूबा. फरारी में रहते हुए खुद की इनाम वाली तख्ती हाथ में लेकर और बैकग्राउंड में 'इनाम' शब्द लिखकर अदाएं दिखाते हुए वीडियो वायरल कर दिया. यही वीडियो धौलपुर पुलिस के लिए सबसे बड़ा सुराग बन गया और निहालगंज पुलिस ने उसे रडार पर ले लिया. इस केस में पहले ही पांच आरोपी गिरफ्तार हो चुके हैं और पूछताछ में गैंग के अन्य नेटवर्क का खुलासा संभव है.  

क्या था पूरा मामला? 
यह घटना 25 जुलाई 2023 की है, जब धौलपुर की मोहन कॉलोनी में आकाश जोशी पर साफा बांधकर आए 8 से 10 नकाबपोश बदमाशों ने जानलेवा हमला कर दिया था. हमलावरों ने ताबड़तोड़ तीन राउंड फायरिंग की, स्विफ्ट कार में जमकर तोड़फोड़ की और पीड़ित के गले से सोने की चेन लूट ली. हमले के दौरान आकाश ने पड़ोसी के घर में छिपकर किसी तरह अपनी जान बचाई.

पांच आरोपी पहले ही हो चुके हैं गिरफ्तार 
मामले में पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर ऐदल सिंह, ऋषि, युवराज, बच्चा त्यागी और कृष्णा गुर्जर समेत पांच मुख्य आरोपियों को पहले ही गिरफ्तार कर लिया था. हालांकि, इस मामले में शामिल 22 वर्षीय पूजा उर्फ रिया लगातार पुलिस को चकमा देकर फरार चल रही थी.

Report- Bhanu Sharma 

Add Zee News as a Preferred Source

About the Author

Zee Rajasthan Web Team

Zee Rajasthan Web Team

राजस्थान की सबसे भरोसेमंद और तेज़ डिजिटल न्यूज़ डेस्क. प्रामाणिक खबरें, राजनीतिक हलचल, लोकल अपडेट्स, ब्रेकिंग न्यूज़ और हर ज़िले की हर बड़ी गतिविधि सबसे पहले और सटीक अंदाज़ में. जुड़े रहिए हमारे साथ—सच बेबाक, राजस्थान तक
Read More