)
Hyderabad Software Employee Death: हैदराबाद में रविवार ( 25 अक्टूबर 2026) की सुबह एक 29 साल की सॉफ्टवेयर कर्मचारी अपने फ्लैट में फांसी के फंदे पर लटकी हुई पाई गई. बताया जा रहा है कि उसने पहले शादी को लेकर अपने एक को-वर्कर के साथ वीडियो कॉल में बातचीत के दौरान आत्महत्या करने की धमकी दी थी. पुलिस मामले की जांच में जुटी है.
मृतका की पहचान अर्चना चौधरी मलिक के रूप में हुई है. वह उत्तर प्रदेश की रहने वाली थीं और हैदराबाद की एक मल्टीनेशनल कंपनी में सीनियर एसोसिएट के तौर पर काम करती थीं. पुलिस ने बताया कि उनका उत्तराखंड के रहने वाले अपने कलीग के साथ 4 साल से रिलेशनशिप था. दोनों के बीच शादी को लेकर तनाव चल रहा था.
'इंडिया टुडे' की रिपोर्ट के मुताबिक, शुरुआती जांच से पता चला कि शख्स तलाक की कार्रवाई से गुजर रहा था. वहीं पुलिस ने बताया कि महिला ने रात 2 बजकर 30 मिनट पर शख्स को वीडियो कॉल किया. इस दौरान वह अपनी मां के साथ एक इवेंट पर गया था. कॉल के दौरान उसने उसे छत के पंखे से बंधा एक दुपट्टा दिखाया और उसे धमकी दी कि अगर उसने उससे शादी नहीं की तो वह अपनी जान दे देगी.'
सुबह 5 बजकर 30 मिनट पर शख्स महिला के फ्लैट पर पहुंचा, लेकिन उसे अंदर से दरवाजा बंद मिला. उसने तुरंत 112 डायल करके इसकी जानकारी पुलिस को दी. पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जबरन दरवाजा खोला और उसे छत के पंखे से लटका हुआ पाया. जांच दल ने घटनास्थल का मुआयना किया और शव को उस्मानिया जनरल अस्पताल ले जाया गया. घटना की जानकारी देते हुए पुलिस ने बताया कि मामला दर्ज कर लिया गया है और जांच जारी है.
बता दें कि बीते दिनों हैदराबाद में एक और सॉफ्टवेयर कर्मचारी ने मल्टी स्टोरी बिल्डिंग से कूदकर आत्महत्या कर ली थी. 34 साल के टी प्रवीण शेयर मार्केट में हुए नुकसान की वजह से काफी परेशान थे. प्रवीण की शादी 3 महीने पहले ही हुई थी. वह इस बात को लेकर परेशान थे कि इस आर्थिक नुकसान से परिवार के सदस्यों और रिश्तेदारों के बीच उनकी साख खराब हो जाएगी. प्रवीण ने अपने अपार्टमेंट कॉम्प्लेक्स से छलांग लगा दी थी, जिससे मौके पर ही उनकी मौत हो गई थी. घटना की सूचना मिलने पर चैतन्यपुरी पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की. पुलिस मामले की जांच कर रही है.
Disclaimer: जीवन अनमोल है. जी भरकर जिएं. इसका पूरी तरह सम्मान करें. हर पल का आनंद लें. किसी बात-विषय-घटना के कारण व्यथित हों तो जीवन से हार मारने की कोई जरूरत नहीं. अच्छे और बुरे दौर आते-जाते रहते हैं. लेकिन कभी जब किसी कारण गहन हताशा, निराशा, डिप्रेशन महसूस करें तो सरकार द्वारा प्रदत्त हेल्पलाइन नंबर 9152987821 पर संपर्क करें.