)
सोमवार (30) से शुरू हो रहे संसद के मानसून सत्र के दूसरे चरण से पहले लोकसभा में सांसदों की बैठने की व्यवस्था में बदलाव किया गया है. सोमवार से लोकसभा में 97 सांसदों की बैठने की व्यवस्था बदल जाएगी. जिन सांसदों की सीटिंग व्यवस्था में बदलाव की मंजूरी लोकसभा में मिली है, उनमें DMK के 22 और NCP (SP) के 8 सांसद शामिल हैं. इसके अलावा बाकी बदलाव इसी के चलते किए गए हैं.
दरअसल, लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला का यह फैसला ऐसे समय पर आया है, जब सोमवार (30 नवंबर) से सदन में संविधान संशोधन के प्रस्ताव पर चर्चा शुरू होने वाली है. इस प्रस्ताव में महिला आरक्षण को परिसीमन से जोड़ने की बात कही गई है. इस बिल का डीएमके ने समर्थन किया है.
सदन में पेश होने वाले महिला आरक्षण और परिसीमन बिल पर डीएमके ने अपना समर्थन दिया है. हालांकि, NSC (SP) ने अभी तक इस मुद्दे पर अपना आधिकारिक रुख स्पष्ट नहीं किया है. वैसे कहा जा रहा है कि एनसीपी (एसपी) ने कुछ शर्तें रखी हैं, ऐसे में अगर ये पूरा होता है, तो एनसीपी (एसपी) बिल का समर्थन कर सकती है. बता दें कि इससे पहले मई के महीने में डीएमके और कांग्रेस के बीच तमिलनाडु में गठबंधन टूट गया था, जिसके बाद डीएमके ने लोकसभा अध्यक्ष से अलग बैठने की मांग की थी.
इसके अलावा एनसीपी (SP) के 8 सांसदों को भी नई सीटें दी गई हैं. ऐसे में इस फेरबदल के कारण कई अन्य सांसदों की सीटिंग व्यवस्था भी बदलनी पड़ी है. सूत्रों के अनुसार, नई सीटिंग व्यवस्था के अंतर्गत NCP (SP) की सुप्रिया सुले अब DMK की कनिमोझी, दयानिधि मारन और ए. राजा के साथ बैठेंगी. ऐसे में 30 नवंबर से शुरू हो रहे मानसून सत्र के दूसरे चरण में कुछ सांसद नई जगह पर बैठे नजर आएंगे.
बताया जाता है कि इस सीटिंग व्यवस्था का असर कांग्रेस, समाजवादी पार्टी और शिवसेना (UBT) के सांसदों पर भी देखने को मिलेगा. बता दें कि इसी साल मई में तमिलनाडु के विधानसभा चुनाव में मिली करारी शिकस्त के बाद कांग्रेस ने डीएमके के साथ छोड़ दिया था और विजय की टीवीके के साथ गठबंधन कर लिया था. इसके बाद डीएमके ने कांग्रेस से गठबंधन तोड़ दिया था.
इससे पहले अप्रैल में केंद्र सरकार ने महिला आरक्षण और परिसीमन बिल को संसद में पेश किया था. हालांकि, उस दौरान दो-तिहाई बहुमत न होने का कारण बिल नहीं पास कराया जा सकता था. अब माना जा रहा है कि सरकार ने बिल पास कराने के लिए जरूरी संख्याबल की व्यवस्था कर ली है और सोमवार को इस बिल को संसद में लाया जाना है.
गौरतलब है कि डीएमके ने स्पष्ट किया था कि किसी भी स्थिति में अगर परिसीमन होता है, तो लोकसभा सीटों में तमिलनाडु का 7.18 प्रतिशत हिस्सा बरकरार रहना चाहिए. बता दें कि संविधान (132वां संशोधन) विधेयक 2026 के तहत लोकसभा की अधिकतम सदस्य संख्या बढ़ाकर 850 करने का प्रस्ताव है. इसमें राज्यों से 815 और केंद्र शासित प्रदेशों से 35 सदस्य हो सकते हैं.