)
देहरादून: उत्तराखंड में फिलहाल मौसम शुष्क बना हुआ है और दिन में धूप की वजह से गर्माहट महसूस हो रही है. लेकिन 2 दिसंबर की रात से मौसम करवट ले सकता है. एक पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से 3 दिसंबर को चार पर्वतीय जिलों में हल्की बारिश और बर्फबारी हो सकती है.
मौसम विभाग के अनुसार 3 दिसंबर को उत्तरकाशी, चमोली, रुद्रप्रयाग और पिथौरागढ़ में कहीं-कहीं बहुत हल्की से हल्की बारिश होने की संभावना है. इन जिलों में 3200 मीटर और उससे अधिक ऊंचाई वाले इलाकों में हल्का हिमपात भी हो सकता है. बाकी जिलों में मौसम शुष्क ही रहेगा. पश्चिमी विक्षोभ 2 दिसंबर की रात से पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र को प्रभावित कर सकता है. इसके बाद पहाड़ों में ठंड बढ़ने के आसार हैं. नवंबर बस खत्म होने को है और प्रदेश में तापमान सामान्य से ज्यादा रिकॉर्ड किया जा रहा है. दिन में धूप खिलने से गर्माहट बनी हुई है, जबकि सुबह और रात के समय ठंड का असर महसूस हो रहा है.
29 नवंबर को हरिद्वार और ऊधमसिंह नगर में रात और सुबह के समय हल्का से मध्यम कोहरा छा सकता है. पर्वतीय जिलों की घाटियों में भी सुबह धुंध देखने को मिल सकती है.कोहरे की वजह से दिल्ली-हरिद्वार हाईवे और रुद्रपुर-बरेली व हल्द्वानी मार्ग पर सुबह दृश्यता कम हो सकती है. इसलिए वाहन चालकों को सावधानी से चलने की सलाह दी गई है.
लंबे समय से बारिश नहीं होने से प्रदेश में सूखी ठंड का असर बढ़ गया है. दिन में तापमान सामान्य से ज्यादा है, लेकिन शाम होते ही पारा तेजी से गिर जाता है. देहरादून में अधिकतम तापमान करीब 25 डिग्री के आसपास है. सूखी ठंड की वजह से अस्पतालों में वायरल बुखार, सूखी खांसी और गले के संक्रमण के मरीज बढ़ने लगे हैं. पहाड़ों में कई जगह सुबह पाला भी गिर रहा है, जिससे सड़कों पर फिसलन का खतरा बना हुआ है.
पहाड़ों में बर्फबारी का इंतजार कर रहे पर्यटकों और किसानों के लिए 3 दिसंबर की बारिश-बर्फबारी एक उम्मीद की तरह है. अगर ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फ गिरी तो ठंड और बढ़ेगी, लेकिन खेती के लिए भी ये अच्छी खबर मानी जाएगी.