App

20 साल बाद MCD में सीधी भर्ती, 2500 पदों पर 10वीं पास वालों को मौका, जानें प्रक्रिया

दिल्ली में करीब 20 साल बाद एमसीडी में 2500 पदों पर सीधी भर्ती होगी. इस भर्ती प्रक्रिया को नगर निगम खुद ही संचालित करेगा. आइए इसके बारे में और भी जानकारी विस्तार से जानते हैं.

20 साल बाद MCD में सीधी भर्ती, 2500 पदों पर 10वीं पास वालों को मौका, जानें प्रक्रिया
Image Credit: ZEE CREATIVE

दिल्ली में सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए बड़ा मौका है. एमसीडी में करीब 20 साल बाद 2500 सफाई कर्मचारियों की सीधी भर्ती होने जा रही है. इस बार नियुक्ति के लिए किसी भी थर्ड पार्टी एजेंसी की मदद नहीं ली जाएगी. जानकारी मिली है कि नगर निगम खुद ही पूरी भर्ती प्रक्रिया संचालित करेगा. भर्ती का प्रस्ताव एमसीडी सदन से पास हो चुका है. जल्द ही इसका विज्ञापन भी जारी कर दिया जाएगा. इसमें महिला और पुरुष दोनों आवेदन कर सकते हैं.

मिली जानकारी के मुताबिक, इस भर्ती के लिए उम्मीदवार का कम से कम 10वीं पास होना जरूरी है. इसके लिए आवेदक की उम्र 18 साल या उससे अधिक होनी चाहिए. इसके साथ ही पिछले पांच साल से दिल्ली का निवासी होना अनिवार्य रखा गया है. विज्ञापन जारी होने के बाद अलग-अलग जोनल कार्यालयों में आवेदन फॉर्म उपलब्ध कराए जाएंगे. उम्मीदवारों को कार्यालय पहुंचकर खुद फॉर्म लेना और जमा करना होगा.

लिस्ट की दोबारा जांच होगी

बता दें कि आवेदन मिलने के बाद दस्तावेजों की जांच की जाएगी. इसके बाद पात्र उम्मीदवारों की लिस्ट तैयार की जाएगी. साथ ही मुख्यालयस्तर पर भी लिस्ट दोबारा जांची जाएगी. वहीं चयन के दौरान उम्मीदवारों की कार्यक्षमता का परीक्षण होगा. इसके बाद पुलिस वेरिफिकेशन और मेडिकल जांच पूरी होने पर नियुक्ति दी जाएगी.

प्रक्रिया की वीडियोग्राफी होगी

इतना ही नहीं इस भर्ती प्रक्रिया को पारदर्शी बनाने के लिए MCD ने पूरी प्रक्रिया की वीडियोग्राफी कराने का फैसला किया है. इसके अलावा, अधिकारियों के रोस्टर के मुताबिक ही जिम्मेदारी सौंपी जाएगी. MCD की तरफ से टारगेट सेट किया गया है कि एक महीने के अंदर ही पूरी प्रक्रिया हो सके. वहीं महापौर प्रवेश वाही का कहना है कि नए कर्मचारियों की नियुक्ति से दिल्ली के अलग-अलग इलाकों में सफाई व्यवस्था को बेहतर बनाने में मदद मिलेगी.

57000 कर्मचारी कर रहे काम

जानकारी के लिए बता दें कि पहले 2 हजार सफाई कर्मचारियों को आउटसोर्सिंग के माध्यम से रखने की योजना थी, लेकन निगम ने इसे रद्द कर अब सीधे 2500 कर्मचारियों की भर्ती का फैसला किया है. इससे एमसीडी पर हर साल करीब 60 करोड़ रुपए का ज्यादा खर्चा आएगा. फिलहाल, निगम में लगभग 57 हजार सफाई कर्मचारी काम कर रहे हैं. वहीं सदन की बैठक में कूड़ा उठाने के बदले यूजर चार्ज वसूलने के प्रस्ताव को भी मंजूरी मिली.

Add Zee News as a Preferred Source

About the Author

Manish Kushawah

Manish Kushawah

मनीष कुशवाह डिजिटल पत्रकार हैं, जिन्हें टीवी और डिजिटल मीडिया में 5 वर्षों से अधिक का अनुभव है. वर्तमान में वे Zee News रीजनल टीम में सब-एडिटर के रूप में काम कर रहे हैं. हाइपरलोकल की राजनीति, क्राइम और अन्य खबरों की गहराई से कवरेज करना उनकी एक्सपर्टीज है.नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ मास कम्युनिकेशन (NIMC) से पत्रकारिता में डिप्लोमा पूरा करने के बाद मनीष ने मीडिया जगत में अपना सफर शुरू किया. ज़ी न्यूज़ से पहले उन्होंने News18 Hindi (Local18), इंडिया न्यूज़ और जनता टीवी जैसे प्रमुख समाचार चैनलों और डिजिटल प्लेटफॉर्म्स में काम किया है. इस दौरान उन्होंने न्यूज़ प्लानिंग, कंटेंट आइडिएशन और डेस्क मैनेजमेंट की अहम जिम्मेदारियां संभाली हैं. वे खबरों की प्रामाणिकता और ग्राउंड रियलिटी को प्राथमिकता देते हैं, ताकि पाठकों तक सटीक और भरोसेमंद जानकारी पहुंचे.मनीष कुशवाह से आप Manish2.Kumar@india.com पर ईमेल के माध्यम से संपर्क कर सकते हैं. इसके अलावा, एक्स (ट्विटर) और फेसबुक के जरिए भी उनसे सीधा संवाद कर सकते हैं.
Read More