App

रूसी तेल महंगा पड़ा तो भारत ने बदल दिया प्लान, इराक और सऊदी से जमकर खरीदा सस्ता तेल; दोगुनी हुई सप्लाई

मिडिल ईस्ट में चल रही जंग और टैंकरों पर हमलों के बावजूद नवंबर में इराक भारत का दूसरा सबसे बड़ा क्रूड ऑयल सप्लायर बन गया है. रूस से क्रूड ऑयल सप्लाई में गिरावट आई है लेकिन यह अभी भी नंबर-1 पर है. इस दौरान खाड़ी देशों की हिस्सेदारी 41 फीसदी पर पहुंच गई.

रूसी तेल महंगा पड़ा तो भारत ने बदल दिया प्लान, इराक और सऊदी से जमकर खरीदा सस्ता तेल; दोगुनी हुई सप्लाई
Image Credit: (AI) 1 से 26 नवंबर के बीच भारत ने रोजाना 5.04 मिलियन बैरल क्रूड ऑयल का आयात किया.

मिडिल ईस्ट में जारी जंग और समुद्री रास्तों पर लगातार बढ़ रहे खतरों के बीच क्रूड ऑयल आयात में बड़ा बदलाव देखने को मिल रहा है. नवंबर में इराक फिर से भारत का दूसरा सबसे बड़ा तेल सप्लायर बनकर सामने आया है. ईरानी हमलों के बीच खाड़ी देशों ने भारत की कुल तेल जरूरत का 41 फीसदी हिस्सा पूरा किया है, जबकि रूस पहले नंबर पर बना हुआ है. केप्लर की तरफ से जारी आंकड़ों के अनुसार 1 से 26 नवंबर के बीच भारत ने रोजाना औसतन 5.04 मिलियन बैरल क्रूड ऑयल का आयात किया है. यह आंकड़ा पिछले साल नवंबर के 5.05 मिलियन बैरल रोजाना के लगभग बराबर है. हालांकि, अक्टूबर के 5.63 मिलियन बैरल के मुकाबले इसमें कुछ कमी आई है.

भारत को तेल की बिक्री करने वाले देशों की लिस्ट में रूस अब भी पहले पायदान पर बना हुआ है. हालांकि, नवंबर महीने में रूस से आने वाले तेल की मात्रा घटकर 1.75 मिलियन बैरल प्रतिदिन रह गई, यही अक्टूबर में 2.05 मिलियन बैरल थी. केप्लर के लीड एनालिस्ट निखिल दुबे के अनुसार माल ढुलाई की बढ़ती लागत के कारण भारतीय रिफाइनरियों ने रूसी तेल की खरीद को कम कर दिया है उम्मीद की जा रही है कि दिसंबर में भी यही रुझान बना रहेगा क्योंकि मिडिल ईस्ट के देशों का तेल ज्यादा फायदेमंद साबित हो रहा है.

इराक, सऊदी अरब और यूएई की वापसी

नवंबर में इराक ने भारत को 0.82 मिलियन बैरल तेल की रोजाना सप्लाई की. यह अक्टूबर के 0.42 मिलियन बैरल के मुकाबले करीब दोगुनी है. रिफाइनिंग अधिकारियों ने बताया कि इराक भारतीय खरीदारों को लुभाने के लिए इस समय भारी डिस्काउंट दे रहा है. दूसरी तरफ, सऊदी अरब की भी सप्लाई बढ़कर 0.73 मिलियन बैरल प्रतिदिन पर पहुंच गई. जंग शुरू होने के बाद यह अब तक का सबसे उच्चतम स्तर है. यूएई ने भी पिछले साल के मुकाबले दोगुनी तेजी दिखाते हुए 0.5 मिलियन बैरल तेल रोजाना भारत भेजा है. इस तरह इराक और सऊदी अरब ने मिलकर भारत की दो-तिहाई तेल जरूरत को पूरा किया है.

रडार बंद कर भारतीय पोर्ट पर पहुंच रहे जहाज

ईरान की तरफ से टैंकरों पर बढ़ते सैन्य हमलों के खतरे को देखते हुए तेल उत्पादकों और व्यापारियों की तरफ से नया तरीका अपनाया गया है. फारस की खाड़ी से तेल बाहर निकालने के लिए छोटे जहाजों के बड़े बेड़े का प्रयोग किया जा रहा है. दुश्मन को पता नहीं चले, इसके लिए जहाज अपने ऑटोमेटिक आइडेंटिफिकेशन सिस्टम (AIS) ट्रांसपोंडर बंद रखते हैं. आमतौर पर खाड़ी के बाहर बड़े जहाजों में तेल को ट्रांसफर किया जाता है. लेकिन भारत की दूरी कम होने के कारण ज्यादातर छोटे और बड़े जहाज सीधे भारतीय पोर्ट पर पहुंच रहे हैं.

अमेरिका से घटे आयात के बीच वेनेजुएला से बढ़ी उम्मीद

जंग शुरू होने के बाद से समुद्री माल ढुलाई काफी महंगी हो गई है. इसका सीधा असर अमेरिका से होने वाले तेल आयात पर पड़ा है. नवंबर में भारत ने अमेरिका से केवल 0.15 मिलियन बैरल तेल रोजाना खरीदा. यह आंकड़ा पिछले साल नवंबर के 0.45 मिलियन बैरल के मुकाबले एक तिहाई है. दूसरी तरफ, लंबी दूरी होने के बावजूद वेनेजुएला और ब्राजील का तेल भारतीय बाजार में सस्ता पड़ रहा है. नवंबर में वेनेजुएला ने 0.31 मिलियन बैरल और ब्राजील ने 0.32 मिलियन बैरल तेल की रोजाना सप्लाई की है. अफ्रीकी देश अंगोला और नाइजीरिया से आने वाले तेल में गिरावट आई है.

Add Zee News as a Preferred Source

About the Author

Kriyanshu Saraswat

Kriyanshu Saraswat

क्रियांशु सारस्वत वरिष्ठ बिजनेस जर्नलिस्ट (Business Journalist) हैं, उन्हें डिजिटल और प्रिंट मीडिया में 17 साल का अनुभव है. मौजूदा समय में वह Zee News (Hindi) की डिजिटल टीम में बतौर 'असिस्टेंट न्यूज एडिटर' कार्यरत हैं. क्रियांशु को बिजनेस, पर्सनल फाइनेंस, टैक्सेशन, कमोडिटी और सरकारी योजनाओं आदि से जुड़ी खबरों को आसान भाषा में पाठकों तक पहुंचाने में महारथ हासिल है. Zee News से पहले क्रियांशु ने टाइम्स इंटरनेट, हिन्दुस्तान, दैनिक जागरण और अमर उजाला की वेबसाइट में अहम संपादकीय जिम्मेदारियां निभाई हैं. इस दौरान क्रियांशु ने ऑटो, टेक्नोलॉजी और लाइफस्‍टाइल लीड की जिम्मेदारी संभाली है. अभी क्रियांशु बिजनेस लीड हैं. यूपी से ताल्‍लुक रखने वाले क्र‍ियांशु पत्रकार‍िता में पोस्ट ग्रेजुएट हैं.
Read More