)
लाइव कॉन्सर्ट में कलाकारों के लिए फैंस का प्यार और उत्साह कोई नई बात नहीं है. लोग अपने पसंदीदा सिंगर को करीब से देखने और उनसे हाथ मिलाने का मौका देखते रहते हैं. लेकिन जब कोई इस उत्साह की आड़ में किसी की पर्सनल सीमा पार करने लगे, तो मामला गंभीर हो जाता है. थाईलैंड की सिंगर आइस के साथ लाइव शो के दौरान कुछ ऐसा ही हुआ.
रिपोर्ट के अनुसार, 27 साल की सिंगर नामखाएंग थिपमवान, जिन्हें स्टेज पर आइस के नाम से जाना जाता है, चोनबुरी में एक कॉन्सर्ट में परफॉर्म कर रही थीं. इसी दौरान दर्शकों के बीच मौजूद एक शख्स ने उनके साथ कथित तौर पर गलत हरकत की. घटना के बाद सिंगर की नाराजगी साफ दिखाई दी. इस पूरे मामले का वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है.
वीडियो में बताया जा रहा है कि थाई महिला सिंगर आइस एक लाइव कॉन्सर्ट में परफॉर्म कर रही थीं. इसी दौरान वह स्टेज के पास मौजूद दर्शकों के बीच पहुंच गईं. उस भीड़ में कई लोग उनसे हाथ मिलाने लगे. इसी दौरान एक दर्शक ने उन्हें गलत तरीके से छूने की कोशिश की. आइस के मैनेजर वुथिचाई सोनवियांग की नजर इस हरकत पर पड़ गई. उन्होंने तुरंत सिक्योरिटी स्टाफ को इसकी जानकारी दी. इसके बाद गार्ड्स ने बिना देर किए उस शख्स को भीड़ से अलग कर लिया और स्टेज के पास से हटाने लगे. इस घटना से सिंगर काफी परेशान और गुस्से में थीं. हालांकि, उन्होंने अपना शो बीच में नहीं छोड़ा और शख्स को वहां से हटाए जाने के बाद परफॉर्मेंस जारी रखी.
THAI SINGER KICKS MAN IN FACE AFTER HE GROPES HER DURING LIVE PERFORMANCE Thai singer Namkhaeng Thipphawan was groped by a man while performing at the Loy Krathong festival in Chonburi. She retaliated with a kick to his face. Security personnel detained the man and handed him over to police. She later apologised for losing her temper but continued the performance.
— Subodh Kumar (@kumarsubodh_) November 28, 2026
सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो में देखा जा सकता है कि सिक्योरिटी गार्ड्स ने उस शख्स को पकड़ रखा है. वह जमीन पर घुटनों के बल बैठा दिखाई देता है और गार्ड्स उसके हाथ पकड़े हुए हैं. इसी दौरान आइस उसकी तरफ बढ़ती हैं. वह कुछ देर उसके सामने रुकती हैं. इस दौरान वह शख्स हाथ जोड़कर माफी मांगने लगता है. लेकिन सिंगर उसके चेहरे पर लात मारकर वहां से चली जाती हैं. वीडियो में शख्स का चेहरा ब्लर किया गया है. हालांकि, यह साफ नहीं हो पाया है कि इस घटना में उसे कोई चोट आई या नहीं. लोकल मीडिया रिपोर्ट में बताया गया है कि आइस ने बाद में पुलिस के सामने भी अपना पक्ष रखा था.
घटना के बाद आइस ने थाई सोशल मीडिया पर अपनी नाराजगी जाहिर की. उन्होंने कहा कि किसी कलाकार का स्टेज पर होना लोगों को उसके शरीर को छूने की इजाजत नहीं देता. कोई व्यक्ति सिंगर हो, एक्टर हो या फिर आम इंसान, उसकी मर्जी के बिना उसे छूना गलत है. सिंगर आइस के नाम से सोशल मीडिया पर सामने आए बयान में कहा गया कि किसी भी कलाकार को सिर्फ इसलिए यौन उत्पीड़न का सामना नहीं करना चाहिए, क्योंकि वह स्टेज पर है. पब्लिक फिगर होने का मतलब यह नहीं है कि किसी को भी उसके शरीर को छूने का अधिकार मिल जाता है. माफी मांगने से उत्पीड़न की घटना खत्म नहीं हो जाती. उनकी इस बात को सोशल मीडिया पर कई लोगों का समर्थन मिला. यूजर्स का कहना है कि किसी कलाकार के साथ इस तरह की हरकत को फैंस का प्यार या उत्साह बताकर नजरअंदाज नहीं किया जा सकता.
Drunk and lewd, man harasses singer; gets a taste of his own medicine, kicks him in the face. It was unbearable! "Namkheng Tippawan," a famous indie Isaan country singer, lost her temper at a Loy Krathong festival in Ban Bueng District, Chonburi Province, after a lewd man reached out and groped her breasts while she was receiving a tip on stage. She immediately slapped him, halting her performance. Authorities apprehended the perpetrator, who appeared intoxicated. Although he sat and apologized, Namkheng admitted she couldn't control herself and kicked him in the face, posting a furious video of the incident on social media! https://t.co/pBcOuiaxZQ
— Pure Guava (@pureguava10300) November 25, 2026
लोकल रिपोर्टों के अनुसार, पुलिस इस मामले में सिंगर से बात कर सकती है. हालांकि, अब तक किसी औपचारिक शिकायत की पुष्टि नहीं हुई है. कुछ रिपोर्टों में कहा गया है कि आइस फिलहाल कानूनी कार्रवाई के बजाय मामले को आपसी स्तर पर खत्म करना चाहती हैं. इसलिए पुलिस की आगे की कार्रवाई और आरोपी के खिलाफ किसी केस की स्थिति को लेकर अभी स्पष्ट जानकारी सामने नहीं आई है.
इस घटना ने एक बार फिर लाइव कॉन्सर्ट में कलाकारों की सुरक्षा को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं. स्टेज पर मौजूद सिंगर और दूसरे कलाकार अक्सर दर्शकों के काफी करीब होते हैं. कई बार फैंस उनसे हाथ मिलाने या उनके साथ तस्वीर लेने की कोशिश करते हैं. लेकिन इस दौरान उनके पर्सनल स्पेस और सहमति का ध्यान रखना भी उतना ही जरूरी है. आइस के साथ हुई घटना के बाद लोगों का कहना है कि कॉन्सर्ट में सिक्योरिटी की जिम्मेदारी सिर्फ भीड़ को संभालने तक सीमित नहीं होनी चाहिए. कलाकारों को किसी भी तरह की छेड़छाड़ से बचाने के लिए भी पुख्ता इंतजाम होने चाहिए.
वीडियो सामने आने के बाद इंटरनेट पर इस घटना को लेकर चर्चा तेज हो गई है. कई लोगों ने सिंगर के साथ हुई कथित छेड़छाड़ को गलत बताया और इसकी आलोचना की. उनका कहना है कि टिकट खरीदकर कॉन्सर्ट देखने का मतलब यह नहीं है कि कोई फैन कलाकार के साथ मनमानी कर सकता है. वहीं, कुछ यूजर्स ने यह भी सवाल उठाया कि गार्ड्स की मौजूदगी में सिंगर का शख्स को लात मारना कितना सही था. इस तरह घटना के दो पहलुओं पर चर्चा हो रही है. फिलहाल इस मामले में सबसे अहम बात यही है कि किसी भी कलाकार को स्टेज पर होने की वजह से अपनी सुरक्षा और सम्मान से समझौता नहीं करना चाहिए. फैंस का प्यार तभी तक अच्छा है, जब तक उसमें दूसरे व्यक्ति की मर्जी और पर्सनल स्पेस का सम्मान बना रहे.