)
आमतौर पर लोग 9से 5 की नौकरी करते हुए छुट्टियों का इंतजार करते हैं. कोई घूमने के लिए साल में एक बार प्लान बनाता है तो कोई वीकेंड पर ही कहीं निकल पाता है. लेकिन आयरलैंड के रहने वाले शेन ने जिंदगी को देखने का अपना तरीका ही बदल दिया. उन्होंने 29 साल की उम्र में नौकरी छोड़ दी और साइकिल लेकर दुनिया घूमने निकल पड़े.
अब उनका कोई परमानेंट ठिकाना नहीं है. कभी किसी शहर में तो कभी किसी गांव में उनका दिन गुजरता है. रात होने पर टेंट लगाकर सो जाते हैं. इस सफर में उनके पास जरूरत का सामान, कैमरा और ड्रोन है. जहां भी जाते हैं, वहां के नजारे और लोगों की कहानियां रिकॉर्ड करते हैं.
शेन ने अपनी इस यात्रा की शुरुआत अफगानिस्तान से की थी. वहां का सफर पूरा करने के बाद अब वह भारत आए हैं. यहां उनकी मुलाकात कंटेंट क्रिएटर शशांक शर्मा से हुई. शशांक ने दिल्ली में शेन को उनकी साइकिल के साथ देखा तो उनसे बातचीत करने पहुंच गए. शेन की जिंदगी और उनके घूमने के तरीके ने शशांक को काफी उत्सुक कर दिया. बातचीत के दौरान उन्होंने शेन से भारत आने की वजह और आगे के प्लान के बारे में पूछा. इस मुलाकात का वीडियो शशांक ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर शेयर किया, जिसके बाद यह कहानी लोगों तक पहुंच गई.
बातचीत में शेन ने बताया कि उन्होंने भारत में 100 गांव घूमने का चैलेंज लिया है. उनका प्लान दिल्ली से साइकिल चलाते हुए दक्षिण भारत की तरफ जाने का है. इस दौरान वह रास्ते में पड़ने वाले गांवों में रुकेंगे और वहां की जिंदगी को समझने की कोशिश करेंगे. शेन सिर्फ मशहूर टूरिस्ट जगहों पर जाकर तस्वीरें खींचना नहीं चाहते. उनकी दिलचस्पी उन लोगों में है, जिनकी कहानियां अक्सर बड़े शहरों और पर्यटन स्थलों की चमक-दमक के बीच छूट जाती हैं. वह गांवों के लोगों से मिलना चाहते हैं. उनके खाने, रहन-सहन, परंपराओं और रोजमर्रा की जिंदगी को कैमरे में कैद करना चाहते हैं. उनकी कोशिश है कि भारत को सिर्फ एक टूरिस्ट की नजर से नहीं, बल्कि यहां रहने वाले लोगों के अनुभवों के जरिए समझा जाए.
शेन ने इस चैलेंज को पूरा करने के लिए करीब तीन महीने का समय तय किया है. दिल्ली से दक्षिण भारत तक साइकिल से जाना अपने आप में लंबा सफर है. ऊपर से रास्ते में 100 गांवों में रुकना और वहां के लोगों से मिलना भी आसान नहीं होगा. भारत के बड़े क्षेत्रफल को लेकर शेन ने अपनी हैरानी भी बताई. उनका कहना था कि देश इतना बड़ा है कि यहां घूमने के लिए जितना समय सोचकर आया जाए, उससे कहीं ज्यादा वक्त लग सकता है. शशांक की पोस्ट पर जवाब देते हुए उन्होंने इस यात्रा को अब तक का अपना सबसे बड़ा चैलेंज बताया.
भारत आने के बाद शेन ने अभी सिर्फ दिल्ली को करीब से देखा है. सोशल मीडिया पर जब उनसे पूछा गया कि भारत का कौन सा शहर उन्हें सबसे ज्यादा पसंद आया, तो उन्होंने बताया कि अभी इस बारे में कुछ कहना जल्दबाजी होगी. हालांकि, गोवा भी उन्हें घूमने के लिहाज से काफी दिलचस्प लग रहा है. फिलहाल उनकी लिस्ट में ताजमहल भी शामिल है. वह भारत में अपने सफर के दौरान आगरा जाकर दुनिया के इस मशहूर स्मारक को देखना चाहते हैं. भारत की यात्रा पूरी करने के बाद उनका अगला पड़ाव श्रीलंका होगा. वहां वह अपनी बहन से मिलने की प्लानिंग कर रहे हैं.
शेन की कहानी सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर लोग उनकी तारीफ कर रहे हैं. कई यूजर्स को यह बात पसंद आई कि उन्होंने अपनी नौकरी और रोजमर्रा की जिंदगी से बाहर निकलकर अपने मन का रास्ता चुना. एक यूजर ने उनकी यात्रा को बेहद खास बताया. दूसरे यूजर ने कहा कि घूमने का ऐसा जुनून हर किसी में नहीं होता. वहीं कुछ लोगों ने उन्हें सफर के लिए शुभकामनाएं दीं और कहा कि वह इसी तरह आगे बढ़ते रहें.
शेन का यह सफर सिर्फ एक देश से दूसरे देश पहुंचने की कहानी नहीं है. वह रास्ते में मिलने वाले लोगों और उनके अनुभवों को जानना चाहते हैं. भारत जैसे कई बोलियों, भाषाओं और खानपान वाले देश में 100 गांवों की यात्रा उन्हें अलग-अलग गांवों की परंपराओं से रूबरू करा सकती है. अब देखना होगा कि तीन महीने में वह अपने इस चैलेंज को कितना पूरा कर पाते हैं. फिलहाल उनकी साइकिल भारत की सड़कों पर है और कैमरे में यहां के गांवों की कहानियां दर्ज करने का सफर शुरू हो चुका है.