)
देश के दो बड़े कारोबारी घराने में पिछले कुछ समय से कलह चल रही है. दोनों कारोबारी ग्रुप में मामला इतना बढ़ गया कि हाईकोर्ट की दहलीज तक पहुंच गया. एक तरफ टाटा ट्रस्ट्स ने टाटा संस और इसके छह डायरेक्टर्स के खिलाफ बॉम्बे हाईकोर्ट में याचिका दायर की है. इस याचिका में टाटा संस के चेयरमैन एन चंद्रशेखरन के री-अपॉइंटमेंट को चुनौती दी गई है. दूसरी तरफ टीवीएस फैमिली के अंदर संपत्ति और उत्तराधिकार को लेकर छिड़ा विवाद भी अदालत में है. टाटा ग्रुप के मामले में याचिका टाटा ट्रस्ट्स की तरफ से नोएल टाटा ने दायर की है. टीवीएस मोटर के चेयरमैन एमेरिटस वेणु श्रीनिवासन की बेटी लक्ष्मी वेणु ने मद्रास हाईकोर्ट में याचिका लगाकर परिवार की ज्वाइंट संपत्ति में अपने कानूनी हिस्से की मांग की है.
पिछले दिनों लक्ष्मी वेणु ने संपत्ति बंटवारे को लेकर अपने पिता को कानूनी नोटिस भेजा था. लेकिन इसके बाद आपसी बातचीत से किसी तरह का हल नहीं निकला तो लक्ष्मी ने अदालत का रुख किया. लक्ष्मी वेणु की तरफ से जारी बयान में कहा गया कि आपसी बातचीत की सभी कोशिश फेल होने के बाद उनके पास अदालत के अलावा कोई दूसरा रास्ता नहीं बचा था. नोएल टाटा की याचिका पर बॉम्बे हाईकोर्ट में आज सुनवाई हो सकती है. टाटा के मामले पर सुनवाई बॉम्बे हाईकोर्ट में होनी है और टीवीएस फैमिली से जुड़े मामले पर मद्रास हाईकोर्ट में सुनवाई हो रही है. आइए जानते हैं पूरे विवाद की जड़ आखिर क्या है? जो मामला हाईकोर्ट तक पहुंच गया.
टीवीएस विवाद की जड़ वेणु श्रीनिवासन ब्रांच की फैमिली एसेट के बंटवारे से जुड़ी है. लक्ष्मी वेणु का कहना है कि पूरे टीवीएस ग्रुप की जो पिछली री-स्ट्रक्चरिंग हुई थी, वह उनके पिता की ब्रांच की ज्वाइंट फैमिली एसेट का औपचारिक बंटवारा नहीं था. उन्होंने आरोप लगाया कि संपत्ति से जुड़े फायदे और हिस्सेदारी उनके भाई सुदर्शन वेणु के पक्ष में फोकस्ड हो गई है. लक्ष्मी ने याचिका में संपत्ति के सही से बंटवारे के साथ ही फैमिली एसेट से जुड़े उन दस्तावेजों तक एक्सेस मांगा है, जिन्हें उनसे छिपाया गया. उन्होंने हिंदू उत्तराधिकार अधिनियम 1956 और खासतौर पर 2005 के संशोधन का हवाला दिया है जो बेटियों को जन्म से ही पैतृक संपत्ति में बेटों के बराबर का हिस्सेदार मानती है.
वेणु श्रीनिवासन पक्ष की तरफ से लक्ष्मी के दावों का खारिज कर दिया गया है. बिजनेस टुडे की रिपोर्ट के अनुसार वेणु श्रीनिवासन की तरफ से पेश वकील ने कहा कि 2017, 2020 और 2024 में हुए लिखित समझौतों के जरिये मालिकाना हक और मैनेजमेंट से जुड़े सवालों को पहले ही सुलझा लिया गया है. उनके अनुसार यह मुकदमा उन पुरानी चीजों को फिर से खोलने की कोशिश है, जिन्हें सभी ने अपनी मर्जी से स्वीकार किया था. इस फैमिली डिस्प्यूट में अहम मोड़ तब आया जब लक्ष्मी की मां और ट्रैक्टर निर्माता कंपनी TAFE की चेयरमैन मल्लिका श्रीनिवासन अपनी बेटी के समर्थन में आ गईं. उन्होंने कहा, एक मां के तौर पर मेरे लिए बेटा और बेटी बराबर हैं. उनका मानना है कि पारिवारिक संपत्ति में लक्ष्मी का भी उतना ही हक है, जितना सुदर्शन का.
1911 में टीवी सुंदरम अयंगर की तरफ से शुरू किया गया टीवीएस ग्रुप आज टू-व्हीलर, ऑटो कंपोनेंट्स, एग्रीकल्चर इक्युपमेंट और फाइनेंशियल सर्विस सेक्टर में बड़ा नाम बन गया है. 2020 से 2022 के बीच हुई री-स्ट्रक्चरिंग के दौरान ग्रुप के कारोबार को परिवार की चार ब्रांच के बीच बांटा गया था. मौजूदा विवाद वेणु श्रीनिवासन की ब्रांच और VS ट्रस्ट जैसी संस्था से जुड़ी हिस्सेदारी से संबंधित है. इसमें टीवीएस मोटर कंपनी, टीवीएस होल्डिंग्स, फाइनेंशियल बिजनेस टीवीएस क्रेडिट सर्विसेज और ऑटो कंपोनेंट कंपनी सुंदरम-क्लेटन शामिल हैं.
टाटा ग्रुप का पूरा विवाद टाटा ट्रस्ट्स और टाटा संस के बीच का है. दरअसल, 17 सितंबर 2026 को हुई बोर्ड मीटिंग में एन चंद्रशेखरन को तीसरी बार टाटा संस का चेयरमैन बनाया गय था. हाईकोर्ट में दायर याचिका में चंद्रशेखरन की नियुक्ति को चुनौती दी गई है. टाटा ट्रस्ट्स की याचिका में 17 सितंबर 2026 को हुई बोर्ड मीटिंग में पास प्रस्ताव को वापस लिये जाने की मांग की गई है. टाटा ट्रस्ट्स की तरफ से हाईकोर्ट में कहा गया कि टाटा संस के आर्टिकल्स ऑफ एसोसिएशन (AoA) के आर्टिकल- 121 के तहत प्रस्ताव को जरूरी सहमति नहीं मिली थी. ट्रस्ट्स की तरफ से यह भी कहा गया कि पूरे मामले को लेकर टाटा संस से स्पष्टीकरण मांगा लेकिन कोई संतोषजनक जवाब नहीं मिला. आपको बता दें टाटा संस में नोएल टाटा की अध्यक्षता वाले टाटा ट्रस्ट्स की करीब 66 फीसदी हिस्सेदारी है.
टाटा ट्रस्ट्स की तरफ से बॉम्बे हाईकोर्ट में दायर याचिका में तत्काल राहत देने की मांग की गई है. मांग की गई है कि 30 नवंबर को होने वाली बोर्ड मीटिंग में यदि नॉमिनी डायरेक्टर्स के बीच किसी तरह की असहमति होती है तो टाटा संस के चेयरमैन को कास्टिंग वोट इस्तेमाल करने से रोका जाए. टाटा संस के बोर्ड में टाटा ट्रस्ट्स के दो नॉमिनी डायरेक्टर नोएल टाटा और वेणु श्रीनिवासन हैं. 17 सितंबर की मीटिंग में नोएल टाटा ने चंद्रशेखरन के खिलाफ वोट किया था, जबकि श्रीनिवासन ने सहमति जताई थी. ट्रस्ट्स का कहना है कि नियमों के अनुसार किसी भी बड़े फैसले के लिए ट्रस्ट्स के नॉमिनी डायरेक्टर्स के बहुमत की सहमति जरूरी है.