)
एमपी में बीजेपी अब संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत करने में जुटी हुई है. इसके लिए प्रदेशभर में एक बड़ा अभियान भी शुरू करने जा रही है. पार्टी के विधायक और सीनियर नेता अपनी-अपनी विधानसभा क्षेत्र से बाहर निकलकर दूसरे इलाकों में 25 दिनों तक डेरा डालेंगे. इसके लिए दिसंबर महीने से प्रदेशभर में सेवा दूत अभियान चलाया जाएगा. यह अभियान पूरे प्रदेश में 25 दिसंबर तक चलाया जाएगा.
अभियान की शुरुआत से पहले बीजेपी ने तैयारियां तेज कर दी हैं. कार्यकर्ताओं को उनकी जिम्मेदारियां समझाने और अभियान की रूपरेखा बताने के लिए प्रदेश के तीन संभागों में कार्यशालाएं आयोजित की जा रही हैं. बुधवार को भोपाल में पहली कार्यशाला पूरी हुई. जबकि अगले दो दिनों में जबलपुर और इंदौर में भी ऐसी कार्यशालाएं होंगी. इनमें सेवा दूतों और विधानसभा समन्वयकों को अभियान के उद्देश्य, काम करने के तरीके और तय कार्ययोजना की जानकारी दी जाएगी.
वहीं बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल ने जानकारी देते हुए बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन में सेवा और समर्पण के 25 साल पूरे होने के अवसर पर यह अभियान शुरू किया जा रहा है. एक से 25 दिसंबर तक प्रदेश की सभी 230 विधानसभा सीटों पर सेवा दूत सक्रिय रहेंगे. प्रत्येक विधानसभा इलाकों में समर्पित कार्यकर्ता को जिम्मेदारी दी जाएगी. वहीं भौगोलिक और ग्रामीण विधानसभा सीटों पर जरूरत के मुताबिक दो कार्यकर्ता भी तैनात किेए जा सकते हैं. इस दौरान अभियान का दायरा प्रदेश के 13,13 मंडलों और 71 बूथों तक रहेगा.
बता दें कि सेवा दूत तय विधानसभा इलाके में पहुंचेंगे. जहां पर स्थानीय जरूरतों के हिसाब से सेवा गतिविधियां संचालित करेंगे. साथ ही वे सभी मंडल में 5-5 दिन रुककर संगठन की स्थिति का जायजा लेंगे. इसके अलावा, कार्यकर्ताओं की सक्रियता, बूथों की मजबूती और पार्टी की क्षेत्रीय पहुंच को परखा जाएगा. नेता और सेवा दूत सरकारी योजनाओं के लाभार्थियों से सीधे बातचीत कर उनकी समस्याएं भी जानेंगे. इस जनसंपर्क के जरिए यह समझने की कोशिश की जाएगी कि किन क्षेत्रों में संगठन मजबूत है. कहां पर सुधार की जरूरत है.
ये भी पढ़ेंः चुनाव लड़ने के सवाल पर उमा भारती ने 'औकात' का जिक्र क्यों कर दिया? आखिर किस पर नाराज
इतना ही नहीं, सेवा दूत अभियान के दौरान जुटाई गई जानकारी और स्थानीय लोगों से मिले फीडबैक की रिपोर्ट सीधे संगठन को सौंपनी होगी. इसके आधार पर पार्टी कमजोर बूथों और संगठनात्मक कमियों की पहचान कर उन्हें मजबूत करने की रणनीति तैयार करेगी. वहीं प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल ने बताया कि इस अभियान का मकसद सिर्फ सेवा गतिविधियां करना नहीं, बल्कि सेवा, जनसंपर्क और संगठन विस्तार को एक साथ आगे बढ़ाना है. पार्टी की कोशिश है कि 25 दिनों के इस अभियान के माध्यम से हर विधानसभा क्षेत्र में कार्यकर्ताओं की सक्रियता बढ़े. साथ ही जमीनी पकड़ और मजबूत हो सके.
(इनपुटः 2C, ZEE MP-CG)