App

चुनाव लड़ने के सवाल पर उमा भारती ने 'औकात' का जिक्र क्यों कर दिया? आखिर किस पर नाराज

उमा भारती ने ग्वालियर में टिकट, यूपी चुनाव, सोनिया गांधी, दिग्विजय सिंह की सनातन यात्रा और शराबबंदी पर बड़े बयान दिए. जानिए उन्होंने क्या कहा.

चुनाव लड़ने के सवाल पर उमा भारती ने 'औकात' का जिक्र क्यों कर दिया? आखिर किस पर नाराज
Image Credit: Uma Bharti (File Photo)

करतार सिंह राजपूत/ग्वालियर: मध्य प्रदेश की पूर्व मुख्यमंत्री उमा भारती ने ग्वालियर में कई राजनीतिक मुद्दों पर खुलकर अपनी बात रखी. यूपी में सपा-कांग्रेस गठबंधन, सोनिया गांधी के बयान, शराबबंदी, दिग्विजय सिंह की सनातन यात्रा और आगामी लोकसभा चुनाव को लेकर उन्होंने अपनी प्रतिक्रिया दी. इस दौरान टिकट को लेकर उमा भारती का बयान सबसे ज्यादा चर्चा में रहा. उन्होंने दो टूक कहा, 'मुझे टिकट देने की किसकी औकात है, मैं खुद फैसला करती हूं कि मुझे चुनाव लड़ना है या नहीं।' दरअसल, वृंदावन से भोपाल जाते समय रास्ते में ग्वालियर में रुकीं पूर्व मुख्यमंत्री उमा भारती ने मीडिया के हर सवाल का खुलकर जवाब दिया.

यूपी गठबंधन पर बोलीं-उनका जमाना पूरा हो गया

यूपी चुनाव में सपा-कांग्रेस गठबंधन में दरार के सवाल पर उमा भारती ने कहा कि सपा ने अपनी पांच सीटें घोषित कर दीं तो इससे हमें क्या फर्क पड़ने वाला है. हमें तो सरकार बनानी है, हमें चुनाव जीतना है. उनका जमाना पूरा हो गया है.

सोनिया गांधी के दावे पर पलटवार

सोनिया गांधी के इस दावे पर कि राजीव गांधी की हत्या की साजिश रची गई थी, उमा भारती ने कहा कि यह जांच का विषय था. उस समय नरसिम्हा राव और चंद्रशेखर प्रधानमंत्री थे और चंद्रशेखर को कांग्रेस का ही समर्थन था. अगर सोनिया गांधी को ऐसी आशंका है तो उन्हें अपनी ही पार्टी में उन लोगों को ढूंढना होगा.

शराबबंदी पर जनप्रतिनिधियों को घेरा

शराबबंदी को लेकर उमा भारती ने कहा कि शराब पर सरकार ने कानून बना दिए हैं, पुलिस भी मौके पर पहुंच जाती है, लेकिन जो जिम्मेदारी जनप्रतिनिधियों की थी, वह उन्होंने नहीं निभाई. पंच से लेकर सरपंच, जिला पंचायत अध्यक्ष, विधायक से लेकर सांसद तक किसी ने अपनी भूमिका नहीं निभाई. सागर में जहरीली शराब से मौतों के बाद दुकानों के बाहर लगाए जा रहे मेडिकल चेकअप कैंप पर उन्होंने कहा कि ये तो प्रशासन और पुलिस के अपने प्रयास हैं. असली प्रयास तो जनप्रतिनिधियों का होगा, तभी अवैध और जहरीली शराब पर रोक लगेगी.

उन्होंने कहा कि भाजपा की पूर्व सरकार ने शराबबंदी को लेकर इतनी अच्छी नीति बनाई थी, जिसका एक-एक पन्ना उन्होंने खुद देखा और अप्रूवल किया था. लेकिन जनप्रतिनिधियों ने साथ नहीं दिया. पुलिस हर जगह डंडा लेकर तो नहीं खड़ी रहेगी.

दिग्विजय की सनातन यात्रा पर निशाना

दिग्विजय सिंह की सनातन यात्रा पर उमा भारती ने कहा कि नर्मदा परिक्रमा दादा भाई और भाभी जी ने दिल से की थी, उसमें कोई राजनीति नहीं थी. लेकिन ये यात्रा राजनीति है, क्योंकि जो लोग राम मंदिर के शिलान्यास और निर्माण में नहीं गए, अब यात्रा निकाल रहे हैं. इसका राम से कोई संबंध नहीं है.

लोकसभा चुनाव पर दावा

लोकसभा चुनाव के सवाल पर उन्होंने कहा कि यूपी में पहले से ज्यादा जीत हुई है और लोकसभा में भी पहले से ज्यादा जीत होनी है. एक बार और यूपी में जीत गए और फिर लोकसभा जीत गए तो सभी पार्टियों का 10-15-20 साल के लिए सफाया हो जाएगा. भाजपा ही राम राज्य लाएगी.

टिकट पर सबसे तीखा बयान

टिकट के सवाल पर उन्होंने सबसे तीखा बयान देते हए उन्होंने कहा-"टिकट मिलता किसकी औकात है मुझे टिकट देने की। मैं फैसला करती हूं मुझे लड़ना है कि नहीं। "मोहन सरकार से संतुष्टि के सवाल पर उमा भारती ने कहा कि वे मुख्यमंत्री मोहन यादव से बहुत प्रसन्न और खुश रहती हैं. अंत में उन्होंने कहा कि उज्जैन में महाकुंभ भी बहुत अच्छा होगा.

Add Zee News as a Preferred Source
TAGS:

About the Author

Preeti Chauhan

Preeti Chauhan

प्रीति चौहान को पत्रकारतिा के क्षेत्र में 10 साल का अनुभव है. प्रिंट मीडिया के साथ टीवी चैनल का अनुभव भी है. डिजिटल मीडिया में गहरी पकड़ है. ग्राउंड-जीरो रिपोर्टिंग का अनुभव है. वर्तमान में वे Zee News रीजनल टीम में सीनियर सब-एडिटर के रूप में काम कर रही हैं. हाइपरलोकल की राजनीति, क्राइम और अन्य खबरों की गहराई से कवरेज करना उनकी एक्सपर्टीज है.अलीगढ़ मुस्लिम यूनिवर्सिटी (AMU) से पत्रकारिता में डिप्लोमा पूरा करने के बाद प्रीति चौहान ने मीडिया जगत में अपना सफर शुरू किया. ज़ी न्यूज़ से पहले उन्होंने हिंदुस्थान समाचार (न्यूज एंजेसी के डिजिटल प्लेटफॉर्म), अमर उजाला, इंडिया वॉच और श्रीन्यूज जैसे प्रमुख समाचार चैनलों और डिजिटल प्लेटफॉर्म्स में काम किया है. इस दौरान उन्होंने न्यूज़ रिपोर्टिंग, कंटेंट आइडिएशन और डेस्क मैनेजमेंट की अहम जिम्मेदारियां संभाली. वे खबरों की प्रामाणिकता और ग्राउंड रियलिटी को प्राथमिकता देती हैं, ताकि पाठकों तक सटीक और भरोसेमंद जानकारी पहुंचे.प्रीति चौहान से आप PREETI.CHAUHAN@india.com पर ईमेल के माध्यम से संपर्क कर सकते हैं. 
Read More

ट्रेंडिंग

  • न्यूज़
  • फोटो
  • वीडियो