)
TVS Family Dispute: TVS ग्रुप के वेणु श्रीनिवासन परिवार में संपत्ति बंटवारे को लेकर विवाद अब अदालत पहुंच गया है. TVS मोटर कंपनी के चेयरमैन एमेरिटस वेणु श्रीनिवासन की बेटी लक्ष्मी वेणु ने मद्रास हाईकोर्ट में याचिका दायर कर संयुक्त पारिवारिक संपत्तियों के बंटवारे और उसमें अपना हिस्सा दिए जाने की मांग की है. पिछले कई हफ्तों से परिवार के भीतर चल रहा ये विवाद अब एक नए मोड़ पर पहुंच गया है.
लक्ष्मी वेणु ने 16 नवंबर 2026 को अपने पिता वेणु श्रीनिवासन को संपत्ति बंटवारे के संबंध में कानूनी नोटिस भेजा था. इस नोटिस में उन्होंने परिवार के मुखिया के तौर पर पिता से अपनी जिम्मेदारियां निभाने और संयुक्त पारिवारिक संपत्ति में उनके अधिकार को मान्यता देने की मांग की थी. लक्ष्मी का कहना था कि परिवार के भीतर बातचीत के जरिए विवाद सुलझाने की कोशिशों के बावजूद कोई ठोस नतीजा नहीं निकला. इसके बाद उन्हें अदालत का रुख करना पड़ा.
बुधवार को जारी एक बयान के मुताबिक, वेणु श्रीनिवासन की ओर से नोटिस का जो जवाब दिया गया, उसमें उनके रुख में कोई बदलाव नहीं आया और न ही लक्ष्मी के दावों को स्वीकार किया गया. लक्ष्मी ने अदालत से परिवार की संपत्तियों और उनसे जुड़े आर्थिक हितों के बंटवारे के साथ-साथ संबंधित दस्तावेज और जानकारियां उपलब्ध कराने की भी मांग की है. उनका आरोप है कि बार-बार अनुरोध करने के बावजूद उन्हें परिवार की संपत्तियों से जुड़े जरूरी दस्तावेज नहीं दिए गए.
इस पूरे विवाद में एक अहम बात यह है कि मामला TVS समूह की अलग-अलग कंपनियों के प्रबंधन या उनके कामकाज को लेकर नहीं है. विवाद वेणु श्रीनिवासन परिवार की संयुक्त संपत्तियों और उनमें सदस्यों के आर्थिक अधिकारों को लेकर है.
इससे पहले वेणु श्रीनिवासन ने कहा था कि परिवार के भीतर बंटवारे की प्रक्रिया खुले और पारदर्शी तरीके से पूरी की गई थी. उनके मुताबिक, ये फैसला परिवार के सदस्यों की जानकारी और उनसे विचार-विमर्श के बाद लिया गया था. उन्होंने कहा था कि कारोबार और संपत्तियां उनकी हैं और परिवार के सदस्यों तथा कारोबार के हितों को ध्यान में रखते हुए उन्हें इनके संबंध में फैसले लेने की स्वतंत्रता है. वेणु श्रीनिवासन ने कहा था कि इसी सोच के तहत उन्होंने लक्ष्मी और सुदर्शन के बीच अलगाव किया था.
इस विवाद में अब परिवार की मां मल्लिका श्रीनिवासन भी खुलकर बेटी लक्ष्मी के समर्थन में आ गई हैं. उन्होंने कहा कि लक्ष्मी के कानूनी नोटिस पर मिले जवाब में उनके वैध अधिकारों को मान्यता नहीं दी गई और आपसी सहमति से समाधान की दिशा में कोई प्रगति नहीं हुई. ऐसे में लक्ष्मी को अपने अधिकारों की रक्षा के लिए अदालत जाना पड़ा है.
इंडियन एक्सप्रेस की रिपोर्ट के मुताबिक, TVS परिवार में संपत्ति विवाद की शुरुआत अक्टूबर में सार्वजनिक रूप से सामने आई थी. उस दौरान लक्ष्मी और मल्लिका ने कहा था कि साल 2020 में पूरे TVS परिवार के बीच हुए बंटवारे और उसके बाद लागू की गई व्यवस्था से वेणु श्रीनिवासन के परिवार के भीतर संपत्ति के आर्थिक अधिकारों का मामला नहीं सुलझा था.
दोनों का कहना था कि उनके परिवार के भीतर संपत्तियों का पारदर्शी वैल्यूएशन, आपसी चर्चा और सहमति के आधार पर बंटवारा नहीं हुआ है. उन्होंने ये भी स्पष्ट किया था कि किसी मेंबर को कंपनी में प्रबंधन की जिम्मेदारी या पद मिलना और परिवार की संपत्ति में मालिकाना हक मिलना, दोनों अलग-अलग बातें हैं.
अक्टूबर में इस विवाद ने कानूनी रूप भी लेना शुरू कर दिया था. वेणु श्रीनिवासन, मल्लिका, लक्ष्मी और सुदर्शन वेणु ने चेन्नई की सिटी सिविल कोर्ट और कमर्शियल कोर्ट में कैविएट दाखिल की थीं. इससे संकेत मिला था कि परिवार के सदस्य संभावित कानूनी कार्रवाई को देखते हुए अपने-अपने पक्ष सुरक्षित करना चाहते हैं.
लक्ष्मी वेणु TAFE की वाइस चेयरमैन हैं. इसके अलावा वह सुंदरम-क्लेटन की एग्जीक्यूटिव डायरेक्टर और मैनेजिंग डायरेक्टर भी हैं. सुदर्शन वेणु TVS मोटर कंपनी के चेयरमैन और मैनेजिंग डायरेक्टर हैं. मल्लिका श्रीनिवासन TAFE की चेयरमैन और मैनेजिंग डायरेक्टर हैं. मल्लिका पहले ये स्पष्ट कर चुकी हैं कि TAFE (ट्रैक्टर्स एंड फार्म इक्विपमेंट लिमिटेड) अमलगमेशंस ग्रुप का हिस्सा है. ये एक अलग कारोबारी समूह है, जिसमें उनकी हिस्सेदारी है.
उन्होंने कहा था कि TAFE को वेणु श्रीनिवासन परिवार के भीतर मांगे जा रहे आर्थिक बंटवारे से जोड़कर नहीं देखा जाना चाहिए. लक्ष्मी और मल्लिका पहले भी कह चुकी हैं कि वे पारदर्शी बातचीत और आपसी चर्चा के जरिए विवाद का सौहार्दपूर्ण समाधान चाहती हैं. अब लक्ष्मी के हाईकोर्ट पहुंचने के बाद ये पारिवारिक विवाद एक नए कानूनी मोड़ पर पहुंच गया है.