App

ज्ञानेश कुमार को पद से हटाने का प्रस्ताव पारित, SIR के खिलाफ झारखंड विधानसभा में आर-पार की लड़ाई, विपक्ष के हंगामे के बीच सदन स्थगित

संसदीय कार्य मंत्री ने कहा कि सरयू राय ने कहा कि जो प्रस्ताव था, उसमें इस बात का जिक्र नहीं था कि ज्ञानेश कुमार को हटाना है. लेकिन सदन को विशेषाधिकार प्राप्त है. इसीलिए मैं प्रस्ताव करता हूं कि ज्ञानेश कुमार को हटाने का प्रस्ताव किया जाए.

ज्ञानेश कुमार को पद से हटाने का प्रस्ताव पारित, SIR के खिलाफ झारखंड विधानसभा में आर-पार की लड़ाई, विपक्ष के हंगामे के बीच सदन स्थगित
Image Credit: SIR के खिलाफ झारखंड विधानसभा में आर-पार की लड़ाई (Photo-वीडियो ग्रैब)

झारखंड विधानसभा के दो दिवसीय विशेष सत्र का आगाज 25 नवंबर 2026 को शुरू हुआ. सदन में वोटर लिस्ट के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) के खिलाफ ध्वनि मत से प्रस्ताव पारित किया गया है. भारत निर्वाचन आयोग मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार को पद से हटाने का प्रस्ताव पारित किया गया. इस दौरान सदन में सत्ता पक्ष और विपक्ष के बीच इस मुद्दे पर तीखी बहस देखने को मिला. वहीं, विपक्ष के हंगामे के बीच गुरुवार 11 बजे तक सदन की कार्यवाही स्थगित कर दी गई.

सदन में कार्यवाही के दौरान सुरेश पासवान ने कहा कि बीजेपी को पता है कि हिंदुस्तान का मुसलमान कभी उन्हें वोट नहीं देगा. इसीलिए मुसलमानों और आदिवासियों के वोट SIR के जरिए काटने की साजिश रची जा रही है. वहीं, सरयू राय ने कहा कि ज्ञानेश कुमार को हटाने की मांग मंत्री जी ने की, लेकिन प्रस्ताव में इस मांग का जिक्र नहीं है.

चंपाई सोरेन ने कहा कि आज SIR पर बोल रहे हैं. राज्य सरकार ने संकल्प लाया है. झारखंड ने एक समय महाजनों के खिलाफ लड़ाई लड़ी. यहां CNT और SPT एक्ट है. इस प्रदेश में ज्यादातर जगह CNT और SPT लागू है. SIR पहली बार नहीं हो रहा है. SPT के रहते हुए भी आदिवासियों के गांवों में संकट है. आज डेमोग्राफी बदल गई है. झारखंड आंदोलन का नेतृत्व करने वाली पार्टी आज राज्य का नेतृत्व कर रही है. आज आदिवासियों का अस्तित्व मिट रहा है. आदिवासियों की संख्या कम होती जा रही है. SIR के माध्यम से आदिवासियों की सूची बननी चाहिए.

नवीन जायसवाल ने कहा कि कांग्रेस जो भ्रम फैलाना चाहती है, यह विशेष सत्र उसी का पार्ट-2 है. झारखंड में ज्ञानेश कुमार SIR नहीं कर रहे हैं. यहां के पदाधिकारी कर रहे हैं. प्रदीप यादव कह रहे थे कि वोट चोरी हो रही है, लेकिन अगर वोट चोरी हो रही है तो कांग्रेस कई राज्यों में लंबे समय से साफ हो चुकी है. 2024 में भी तो मोदी सरकार थी, ज्ञानेश कुमार थे. 1967 से आज तक कांग्रेस बाहर है. कांग्रेस के 99 सांसद हैं. जहां बीजेपी जीतेगी, वहां वोट चोरी हो जाएगी. राहुल गांधी दिल्ली में मंच सजाएं. हेमंत सोरेन को बधाई कि वहां नहीं गए.

उन्होंने कहा कि बाहर से आने वाला मुस्लिम, जो काम करने आता है, वह कहता है कि मुर्शिदाबाद से आया है. संथाल में 57 हजार वोटर सवालों के घेरे में हैं. बांग्लादेशियों को जोड़ना इनका मिशन है, लेकिन यह पूरा नहीं होगा. दिल्ली के रामलीला मैदान को पार्ट-2 का अखाड़ा विधानसभा को बना दिया गया है. आज झारखंड में कई गंभीर मामले हैं, लेकिन राहुल गांधी के अभियान का पार्ट-2 विधानसभा को बना दिया गया. कांग्रेस अराजकता की स्थिति पैदा करना चाहती है. सत्ता परिवर्तन लूटकर करना चाहते हैं. 2014, 2019 और 2024 के बाद 2029 में भी मोदी जी प्रधानमंत्री बनेंगे. हल्ला करने से कुछ नहीं होता. वहां राहुल गांधी ड्रामा करते हैं, यहां कांग्रेस. SIR और MMDR सिर्फ दिल्ली का पार्ट-2 है.

शिल्पी नेहा तिर्की ने कहा कि जनता की आवाज हम हैं. SIR के रेजोल्यूशन को ये मजाक बता रहे हैं. यानी सरना कोड और 1932 भी विपक्ष के लिए मजाक है. हमारा अधिकार है कि हम अपनी आवाज केंद्र तक पहुंचा दें. बिना चुनाव हुए आत्मविश्वास से यह कहना कि हम फिर जीतेंगे, तो इससे सवाल खड़े होते हैं. ज्ञानेश कुमार की बात होती है तो बीजेपी चिढ़ जाती है. उनको पता है कि वही इनके माई-बाप हैं.

सरकार की ओर से मंत्री राधाकृष्ण किशोर ने जवाब देते हुए कहा कि उम्मीद थी कि चर्चा में भाग लेने वाले सदस्य पार्टी हित से ऊपर उठकर विचार रखेंगे. सत्ता पक्ष ने झारखंड हित में अपनी बातों को रखा, जबकि विपक्ष ने इसे राजनीतिक रूप देने का काम किया. SIR और MMDR झारखंड में भारतीय जनता पार्टी को मटियामेट करने के लिए काफी हैं. अगर भारत सरकार या उसकी एजेंसी झारखंड के अहित की बात करती है तो हमें प्रस्ताव भेजने का अधिकार है.

सीखने की कोई उम्र नहीं होती, लेकिन नवीन जायसवाल अगर गलत सिखा रहे हैं तो मुझे उनसे सीखने की जरूरत नहीं है. बाबूलाल मरांडी विषय का राजनीतिकरण कर रहे हैं. SIR से किसी को आपत्ति नहीं है. मरने वाले और शिफ्ट होने वाले लोगों का नाम हटाने पर कोई आपत्ति नहीं है. ज्ञानेश जी को कोई बड़ा अधिकार नहीं मिला है, उन्हें दायित्व दिया गया है.

राधाकृष्ण किशोर ने कहा कि बीजेपी की दोहरी नीति को उजागर तो करना ही था. उन्होंने कहा कि झारखंड में 8 लाख लोगों के पास पासपोर्ट है, बाकी 3 करोड़ 19 लाख लोगों का क्या? यह दिल्ली नहीं, सदियों का झारखंड है. मेरे पिताजी आज इस दुनिया में नहीं हैं, लेकिन उनके पास भी जन्म प्रमाण पत्र नहीं होगा. झारखंड में दलित और पिछड़े वर्ग के लोगों के पास जन्म प्रमाण पत्र नहीं होगा. साढ़े 14 लाख जिनका नाम कटा है, वे घुसपैठिये नहीं हैं. ये वे लोग हैं जो बीजेपी को वोट नहीं देते. बीजेपी के पास दोहरी नीति है.

चंपाई सोरेन पर कटाक्ष करते हुए राधाकृष्ण किशोर ने कहा कि अगर आप कम बोलिएगा तो आपके आने की संभावना बढ़ जाएगी. चंपाई सोरेन ने कहा कि आदिवासी खतियान में मुस्लिम का नाम कैसे आ रहा है? उमाकांत रजक ने कहा कि चंपाई सोरेन बार-बार भोगनाडीह का नाम ले रहे हैं और कह रहे हैं कि आदिवासी अल्पसंख्यक हो गया है. जब सिद्धू-कान्हू का हूल हुआ था, उस वक्त भी अल्पसंख्यक थे. सभी सौहार्दपूर्ण तरीके से रह रहे थे, लेकिन बीजेपी दोनों को लड़ाने का काम कर रही है. 30 वर्षों तक आदिवासियों ने प्रतिनिधित्व करने का मौका दिया, लेकिन आज वे सवाल उठा रहे हैं.

कुमार जयमंगल ने कहा कि चंपाई सोरेन ने 20 वर्षों तक शिबू सोरेन के साथ काम किया. उत्तराधिकारी के रूप में मुख्यमंत्री भी बने. तब सब ठीक चल रहा था, लेकिन जब बीजेपी में गए तो सब बदल गया. आखिर क्यों? राधाकृष्ण किशोर ने कहा कि आज SIR पर सवाल इसलिए उठ रहे हैं, क्योंकि आपकी नीयत में खोट है. जब भारत गुलाम था, उस वक्त भी यहां के नागरिकों को इतनी परेशानी नहीं हुई होगी, जितनी आज हो रही है. SIR की वजह से हो रही परेशानी के विरोध में प्रस्ताव और ज्ञानेश कुमार को पद से हटाने का प्रस्ताव सदन से पारित हुआ. गुरुवार सुबह 11 बजे तक के लिए सदन की कार्यवाही स्थगित कर दी गई.

रिपोर्ट: कामरान जलीली

Add Zee News as a Preferred Source

About the Author

Shailendra

Shailendra

शैलेंद्र जी न्यूज के रीजनल चैनल, जी बिहार झारखंड की डिजिटल टीम में चीफ सब एडिटर के तौर पर काम करते हैं. वह बिहार और झारखंड की सियासत और क्राइम समेत कई समसामयिक मुद्दों पर न्यूज लिखते हैं. वह कभी-कभी राष्ट्रीय मुद्दों पर भी लिखते हैं. उनको मीडिया के तीनों प्रारूप प्रिंट, टेलीविजन और डिजिटल में काम करने का अनुभव. जनसंदेश टाइम्स, स्वतंत्र चेतना, टीवी 100, साधना न्यूज, एफएम न्यूज आदि न्यूज चैनलों से होते हुए न्यूज नेशन, इंडिया अहेड, ईटीवी भारत और न्यूज स्ट्रीट मीडिया (NYOOOZ) में अहम जिम्मेदारी निभाई. मीडिया जगत में सफर पिछले 12 सालों से बिना रुके जारी है.
Read More