)
मिडिल ईस्ट में बढ़ रही टेंशन और समु्द्री रूट पर हमलों के बावजूद तेल के दाम नीचे आ रहे हैं. इंटरनेशनल मार्केट में बुधवार को क्रूड ऑयल फिर से गिरकर नीचे आ गया. मार्केट में क्रूड ऑयल की सप्लाई बढ़ने और सरप्लस होने की संभावना ने सप्लाई रुकने के डर को पीछे छोड़ दिया है. बुधवार के शुरुआती कारोबार में ब्रेंट क्रूड फ्यूचर्स 43 सेंट गिरकर 90.97 डॉलर प्रति बैरल पर आ गया. दूसरी तरफ, अमेरिकी वेस्ट टेक्सास इंटरमीडिएट यानी WTI क्रूड में भी गिरावट आई और यह 81.58 डॉलर प्रति बैरल पर कारोबार करता दिखा. एक दिन पहले तेल के दाम में तेजी आई थी.
निसेई रिसर्च इंस्टीट्यूट के सीनियर इकोनॉमिस्ट त्सुयोशी उएनो के अनुसार इंटरनेशनल एनर्जी एजेंसी (IEA) की रिपोर्ट के बाद बाजार में तेल की सप्लाई सरप्लस होने की उम्मीद बनी हुई है. इस रिपोर्ट के बाद क्रूड ऑयल के दाम काबू में हैं. IEA की तरफ से 13 नवंबर को कहा गया था कि चौथी तिमाही के दौरान ऑयल मार्केट में फिर से सरप्लस के हालात बनेंगे. दरअसल, डिमांड के मुकाबले मिडिल ईस्ट से सप्लाई तेजी से बढ़ रही है. हालांकि, होर्मुज स्ट्रेट के पास जहाजों पर हमले और सऊदी अरब व हूती विद्रोहियों के बीच जारी हमलों ने मार्केट में अनिश्चितता बना दी है. हाल ही में ईरान के रिवोल्यूशनरी गार्ड्स ने एक कंटेनर को निशाना बनाया. सोमवार को भी तीन जहाजों पर भी हमले हुए.
पूरी दुनिया की नजरें 29 नवंबर को होने वाली OPEC+ मिनिस्टर्स की मीटिंग पर टिकी हैं. इस मीटिंग के दौरान साल 2027 के लिए तेल प्रोडक्शन की पॉलिसी और कोटा तय किया जाएगा. इसी बीच इराक भी OPEC+ पर दबाव बना रहा है कि वह उसकी प्रोडक्शन कैपेसिटी के अनुमान को बढ़ाए. इससे सदस्य देशों के बीच तनाव बढ़ गया है. इस मीटिंग के फैसले ही आने वाले दिनों में कच्चे तेल की दिशा तय करेंगे.