)
आमतौर पर जब दुनिया के किसी हिस्से में तनाव या हमले की खबर आती है तो क्रूड ऑयल के दाम चढ़ने लगते हैं. लेकिन इस बार तस्वीर एकदम अलग चल रही है और क्रूड ऑयल के दाम में लगातार गिरावट देखी जा रही है. सोमवार को कच्चे तेल के दाम में 3 प्रतिशत से ज्यादा गिरावट देखे जाने के बाद मंगलवार को भी इसमें गिरावट देखी जा रही है. मिडिल ईस्ट से सप्लाई बढ़ने और लीबिया की प्रमुख ऑयल पाइपलाइन के फिर से शुरू होने से बाजार पर दबाव देखा जा रहा है. इससे शिपिंग और रिफाइनरी हमलों की चिंता का असर दब गया. एक दिन पहले 3 डॉलर गिरकर 89.37 डॉलर प्रति बैरल पर बंद होने वाले ब्रेंट क्रूड फ्यूचर्स में मंगलवार सुबह भी गिरावट देखी गई.
मंगलवार सुबह ब्रेंट क्रूड गिरकर 88.96 डॉलर प्रति बैरल पर आ गया. इसके अलावा WTI क्रूड की बात करें तो यह 79.89 डॉलर प्रति बैरल पर देखा गया. दोनों इंटरनेशनल बेंचमार्क का यह 31 अगस्त के बाद का सबसे निचला लेवल है. क्रूड ऑयल मार्केट को राहत देने वाली बड़ी वजह लीबिया की शराारा ऑयल पाइपलाइन का दोबारा से खुलना रहा. नेशनल ऑयल कॉर्प के चेयरमैन ने बताया कि पाइपलाइन फिर से चालू हो गई और जाविया स्थित अकाकस फैसिलिटी के स्टोरेज टैंकों में क्रूड ऑयल पहुंचने लगा है. आने वाले समय में क्रूड के दाम में और गिरावट आने की आशंका है.
जेपी मॉर्गन (JP Morgan) की तरफ से उम्मीद जताई गई कि 2027 की पहली छमाही में तेल फ्यूचर्स गिरकर 70 डॉलर के आसपास आ सकता है. इसका कारण क्रूड की सप्लाई खपत से ज्यादा होना बताया जा रहा है. ईरान से बाहर मिडिल ईस्ट का बढ़ता प्रोडक्शन और अमेरिकी क्षेत्रों से ज्यादा सप्लाई हो रही है. बैंक ऑफ अमेरिका ने कहा कि जियो-पॉलिटिकल टेंशन तेल के दाम तय करने में बड़ी भूमिका निभाती रहेगी. दुनिया के कई हिस्सों में ग्लोबल इन्वेंट्री अपेक्षाकृत काफी कम है और सप्लाई में रुकावट का रिस्क बना रहता है.
IG के चीफ मार्केट एनालिस्ट क्रिस ब्यूशैम्प के अनुसार यह कुछ हद तक संभावित ज्यादा सप्लाई के संकेत से जुड़ा है. यह धारणा भी बन रही है कि ट्रंप की तरफ से फिर से हमले की संभावना हर गुजरते दिन के साथ कम हो रही है. तनाव की बात करें तो संडे को ईरान समर्थित हूती मूवमेंट ने सऊदी अरब की एक ऑयल रिफाइनरी पर हमले का दावा किया. वहीं, यूके मैरीटाइम ट्रेड ऑपरेशंस (Maritime Trade Operations) ने वीकेंड के दौरान खाड़ी और स्ट्रेट ऑफ होर्मुज के पास जहाजों पर हमलों की जानकारी दी.
बहरीन की तरफ से कहा गया कि शनिवार को एक ईरानी हमले में सिविल इंडस्ट्रियल सेंटर को नुकसान पहुंचा, जबकि ईरान के रिवोल्यूशनरी गार्ड्स ने बहरीन में अमेरिकी नौसेना के पांचवें बेड़े के ठिकाने वाले देश में अमेरिकी सैन्य ठिकानों पर मिसाइल और ड्रोन हमले करने की बात कही. यूक्रेन की सेना की तरफ से सोमवार को बताया गया कि उसने रात में रूस के पर्म एरिया में ल्यूकोइल की ऑयल रिफाइनरी को निशाना बनाया. इस हमले में तीन प्रोसेसिंग यूनिट्स को नुकसान पहुंचा. यूक्रेन के जनरल स्टाफ ने टेलीग्राम पर बताया कि तातारस्तान के कालेइकिनो ऑयल पंपिंग स्टेशन पर भी हमला हुआ, यह चार दिन में दूसरा हमला था.
तुर्किये में चल रहे ग्लोबल क्लाइमेट कॉन्फ्रेंस COP31 में रविवार को बातचीत उस समय रुक गई जब हिस्सा लेने वाले देश फॉसिल फ्यूल्स के सिस्टेमेटिक यूज खत्म करने से जुड़े बयान पर सहमत नहीं हो सके. रिपोर्ट्स के अनुसार, 2009 के बाद पहली बार यह हुआ है. सऊदी अरब और दूसरे बड़े तेल उत्पादक देशों का कहना है कि आने वाले समय में इकोनॉमी में फॉसिल फ्यूल्स की भूमिका बनी रहेगी और उन्होंने टेक्स्ट से इसका जिक्र बाहर रखने के लिए पैरवी की.