)
Ashtayam Sewa: हिंदू धर्म में अष्टयाम सेवा बड़ा महत्व बताया गया है. इस सेवा से भगवान तुरंत प्रसन्न होते हैं. हालांकि, अष्टयाम को सीधे श्रीकृष्ण की सेवा से जोड़ा जाता है लेकिन अपनी श्रद्धा के अनुसार किसी भी देवी-देवता की अष्टयाम सेवा की जा सकती है. हालांकि, श्रीकृष्ण पूजन में अष्टयाम सेवा विशेष रूप से की जाती है जिसके पीछे की धार्मिक मान्यता है कि यशोदा मां कन्हैया को दिन के आठ प्रहर भोजन खिलाती थीं. उसी मान्यता को ध्यान में रखते हुए श्रीकृष्ण जी की पूजा हमेशा अष्टयाम सेवा के नियमों के अनुसार ही की जाती है. आइए अष्टयाम सेवा के महत्व और इसके जरूरी नियमों के बारे में विस्तार से जानें.
हिंदू धर्म के अनुसार, दिन के 24 घंटे में कुल आठ प्रहर माने गए हैं और इसी के हिसाब से भगवान की अष्टयाम सेवा की जाती है. इन आठ प्रहरों में की जाने वाली अष्टयाम सेवा के नाम भी हैं- मंगला, श्रृंगार, ग्वाल, राजभोग, उत्थापन, भोग, आरती और शयन. यह सेवा विशेष रूप से भगवान के बाल रूप यानी लड्डू गोपाल की होती है. सुबह भगवान को जगाने से लेकर यानी मंगला आरती से रात को सुलाने तक यानी शयन आरती तक भगवान की अष्टयाम सेवा की जाती है. ध्यान दें मंदिरों में अष्टयाम सेवा के कठोर नियमों का पालन करने की परंपरा है. इन नियमों को मानने के पीछे किसी तरह के डर का भाव नहीं होता है बल्कि इस सेवा से भक्त अपनी भक्ति और प्रेम को भगवान के प्रति समर्पित करता है. बड़े मंदिरों में जैसे वृंदावन या नाथद्वारा में भगवान को एक जीवित स्वरूप मानते हुए उनकी सेवा की जाती है.
अष्टयाम सेवा करने के पीछे का भाव और धार्मिक मान्यता है कि ऐसी समर्पित सेवा से भगवान जल्दी प्रसन्न हो जाते हैं. अष्टयाम सेवा करने से रोग, दोष, दुख-संताप का नाश होता है और जन्मों के पाप कटने लगते हैं. अष्टयाम सेवा के आठ प्रहर व्यक्ति भक्ति में डूबा रहता है जिससे उसे नकारात्मक ऊर्जा छू भी नहीं पाती है और उसका मन हमेशा शांत और प्रसन्न रहता है.
मंगला सेवा
मंगला सेवा से अष्टयाम सेवा शुरू होती है जिसमें भगवान को जगाया जाता है और भोग लगाकर उनकी आरती उतारी जाती है.
शृंगार सेवा
शृंगार सेवा में भगवान का जलाभिषेक कर उन्हें पंचामृत से स्नान करवाया जाता है. वस्त्र धारण करवाए जाते हैं और श्रृंगार किया जाता है.
ग्वाल सेवा
ग्वाल सेवा में भोजन सामग्री की पोटली बांधकर भगवान को दी जाती है. इस समय भगवान घूमने निकलते हैं और भूख लगने पर पोटली से भोजन करते हैं.
राजभोग सेवा
राजभोग सेवा में भगवान को 56 भोग लगाए जाते हैं. भ्रमण करके जब भगवान लौट आते हैं तो उन्हें बहुत जोर की भूख लगती है, ऐसे में उन्हें भोग में कई सामग्री अर्पित की जाती है.
उत्थापन सेवा
उत्थापन सेवा में भगवान की आरती उतारी जाती है और माना जाता है कि इस समय भगवान पूरी सृष्टि में घूम रहे होते हैं. भावना यह होती है कि कहीं भगवान के सुंदर रूप को देख उन्हें नजर न लग जाए इसके लिए उनको भोग लगाकर उनकी आरती उतारी जाती है.
शयन सेवा
भोग और शयन सेवा में भगवान को शाम को दूध का भोग अर्पित किया जाता है और फिर रात्रि भोजन कराया जाता है, इसके बाद उन्हें थपकी लगाकर शयन कराया जाता है.
(Disclaimer: यह लेख सामान्य जानकारी और मान्यताओं पर आधारित है, इसे धार्मिक सलाह न मानें, कोई भी उपाय अपनाने से पहले विशेषज्ञ या ज्योतिषाचार्य से सलाह लें, समझदारी से निर्णय लें.)