)
उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 की तारीखों का ऐलान हो भी नहीं पाया है. उससे पहले ही प्रदेश की सियासत में सीटों को लेकर खींचतान मची हुई है. इंडी गठबंधन के दो बड़े दल सपा-कांग्रेस सीटों को लेकर आपस में अड़े हुए हैं. वहीं कांग्रेस 125 सीटों की मांग कर ही है, जबकि समाजवादी पार्टी की तरफ से 26 सीटों की पेशकश की जा रही है. दोनों ही दल अपने-अपने चुनावी प्रदर्शन को आधार बनाकर दावेदारी ठोंक रहे हैं. ऐसे में सपा-कांग्रेस के बीच सीटों का गणित सुलझाने के लिए तीन फार्मूलों की खूब चर्चा हो रही है. अब सबसे बड़ा सवाल उठ रहा है कि दोनों पार्टियों में सीटों पर सहमति कैसे बनेगी?
दरअसल, सपा 2022 के चुनाव में अपने प्रदर्शन को आधार बनाकर कांग्रेस की ताकत भांप रही है, जबकि कांग्रेस 2024 के लोकसभा चुनाव में मिली ताकत के हिसाब से 127 सीटों पर अड़ी हुई है. कांग्रेस का कहना है कि 2024 के बाद उसकी स्थिति बदल चुकी है. इसलिए उसे पुराने प्रदर्शन के आधार पर नहीं आंका जा सकता. इसी वजह से कांग्रेस 127 सीटों की मांग कर रही है, जबकि सपा की तरफ से 26 सीटों की पेशकश की जा रही है. मांग और पेशकश के बीच काफी बड़ा फासला नजर आ रहा है. इस गठबंधन की गांठ को खोलने के लिए तीन संभावित फार्मूलों पर सहमति बन सकती है.
समाजवादी पार्टी के सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक, पार्टी कांग्रेस को 55 से 60 सीटें देने के लिए तैयार है. इसके अलावा, 30-35 सीटों पर अपने उम्मीदवार को कांग्रेस के सिंबल पर उतारने का विकल्प दे सकती है. इससे समाजवादी पार्टी अपने मजबूद प्रत्याशियों को चुनाव लड़ाने के साथ कांग्रेस के खाते में सीटों की संख्या बढ़ा सकती है.
कांग्रेस पार्टी 100 से 125 सीटें चाहती है. इनमें 60 से 70 सीटों पर कांग्रेस अपने प्रत्याशी उतारना चाहती है. बाकी सीटों पर कांग्रेस के सिंबल से सपा के उम्मीदवार उतारे जा सकते हैं. इस व्यवस्था में कांग्रेस अपना संगठन और राजनीतिक विस्तार करने का मौका मिलेगा, जबकि सपा के मजबूत उम्मीदवारों को भी गठबंधन में जगह मिल सकती है.
ये भी पढ़ेंः अमेठी और रायबरेली में 1 सीट... अखिलेश यादव का 26 वाला फॉर्मूला, अब क्या करेगी कांग्रेस?
ये भी पढ़ेंः सपा ने कांग्रेस को दिया झटका: गठबंधन से पहले उतारे प्रत्याशी, यूपी चुनाव में अखिलेश का बड़ा दांव
2024 लोकसभा चुनाव में सपा ने कांग्रेस को 80 में से 17 सीटें दी थीं. यह करीब 21.25 प्रतिशत हिस्सा था. इसी अनुपात को विधानसभा चुनाव में लागू किया जाए तो कांग्रेस के हिस्से में करीब 86 सीटें आती हैं. इस फॉर्मूले के तहत कांग्रेस कम से कम 85 सीटों की दावेदारी कर सकती है. कांग्रेस अपने कब्जे वाली लोकसभा सीटों के विधानसभा क्षेत्रों के साथ हर जिले में कम से कम एक सीट चाहती है.
(रिपोर्टः विशाल रघुवंशी, लखनऊ)