App

अमेठी और रायबरेली में 1 सीट... अखिलेश यादव का 26 वाला फॉर्मूला, अब क्या करेगी कांग्रेस?

सीट शेयरिंग वाली मीटिंग में क्या क्या हुआ है. यूपी विधानसभा चुनाव से पहले सीट शेयरिंग पर ही घमासान तेज हो गया है. Congress ने 131 सीटें मांगीं, तो Akhilesh Yadav की पार्टी ने सिर्फ 26 सीटों का ऑफर थमा दिया. खासकर Amethi और Rae Bareli में सिर्फ 1 सीट मिलने पर कांग्रेस आगे क्या करने वाली है इसे समझना होगा.

अमेठी और रायबरेली में 1 सीट... अखिलेश यादव का 26 वाला फॉर्मूला, अब क्या करेगी कांग्रेस?
Image Credit: File Photo of Akhilesh Yadav and Rahul Gandhi

दुष्यंत कुमार का एक शेर है..
कहाँ तो तय था चराग़ाँ हर एक घर के लिए
कहाँ चराग़ मयस्सर नहीं शहर के लिए
यूपी विधानसभा चुनाव से पहले सपा-कांग्रेस के दरम्यान चल रही सीटों की रस्साकशी के बीच इस शेर का मौजू समझिए. लखनऊ से लेकर दिल्ली तक की सियासी वाइब टेंस नजर आ रही है. चुनाव की तैयारियों के इतर इंडिया गठबंधन के दो सबसे बड़े साथियों के बीच सीट शेयरिंग को लेकर तगड़ा घमासान छिड़ गया है. हालत ये है कि अमेठी और रायबरेली में भी कांग्रेस को सीटों के लाले पड़ गए.

बात इतनी बढ़ गई है कि बंद कमरे की मीटिंग्स का गुस्सा बाहर आने लगा. पहले तो ये मामला दिखने में इतना सहज लग रहा था कि सब कुछ सही होगा मगर सीट शेयरिंग वाली मीटिंग के बाद मामला कुछ और ही नजर आ रहा है. रही सही कसर सपा ने पूरी कर दी जब उन्होंने पांच प्रत्याशियों की अपनी पहली लिस्ट जारी कर दी.

असल में बैठक के बाद जो तस्वीर सामने आई है, वो गठबंधन के लिए ठीक नहीं दिख रही है. बताया गया कि एक तरफ कांग्रेस ने 403 विधानसभा सीटों में से 131 सीटों पर दावा ठोका था, वहीं दूसरी तरफ अखिलेश यादव की समाजवादी पार्टी ने पलटवार करते हुए कांग्रेस को सिर्फ 26 सीटों का ऑफर थमा दिया है. और सबसे बड़ा झटका तब लगा जब गांधी परिवार के पारंपरिक गढ़ माने जाने वाले अमेठी और रायबरेली में कांग्रेस को मिलाकर सिर्फ एक सीट ऑफर की गई.

मीटिंग में क्या हुआ और क्यों भड़की कांग्रेस?

समाजवादी पार्टी और कांग्रेस के बीच बातचीत हुई. कांग्रेस के सीनियर नेताओं के मुताबिक, मंगलवार को राज्यसभा सांसद प्रमोद तिवारी के आवास पर दोनों पार्टियों के नेताओं की मीटिंग हुई. AICC सूत्रों का कहना है कि इस बैठक में दोनों पक्षों के बीच काफी तीखी बहस और गरमा-गरमी देखने को मिली.

इंडियन एक्सप्रेस की एक रिपोर्ट के मुताबिक सीट शेयरिंग की बातचीत में शामिल एक वरिष्ठ कांग्रेस नेता ने अपनी नाराजगी जाहिर करते हुए कहा कि पार्टी जल्द ही इस पर आधिकारिक बयान देगी, लेकिन फिलहाल यह ऑफर बेहद गुस्सा दिलाने वाला है. उनका सीधा सवाल था कि आखिर अमेठी और रायबरेली जैसी जगहों पर सिर्फ एक सीट कैसे ऑफर की जा सकती है, जहां कांग्रेस सभी विधानसभा सीटों पर चुनाव लड़ने की तैयारी कर रही है. 

कांग्रेस नेताओं का तर्क है कि जब 80 लोकसभा सीटों में से उन्होंने 17 सीटों पर चुनाव लड़ा था, तो 403 विधानसभा सीटों में से सिर्फ 26 सीटों की लिस्ट थमाना किसी भी तरह से जायज नहीं है. हालांकि, मंगलवार की बातचीत खत्म होने तक कांग्रेस ने अपनी 131 सीटों की शुरुआती मांग को थोड़ा कम करते हुए 120 सीटों का नया प्रस्ताव रखा है.

131 सीटों की डिमांड पर SP का काउंटर सवाल क्या है?

दूसरी तरफ, समाजवादी पार्टी के खेमे की अपनी ही दलीलें हैं. एसपी सूत्रों के मुताबिक कांग्रेस बिना किसी ठोस आधार के बहुत ज्यादा सीटों की मांग कर रही है. एसपी के एक सूत्र ने बताया कि सोमवार की मीटिंग में भी उन्होंने कांग्रेस नेताओं से साफ पूछा था कि वे किस फॉर्मूले के तहत 131 सीटें मांग रहे हैं.

एसपी खेमे का कहना है कि कांग्रेस नेताओं ने करीब 30 सीटों के लिए यह तर्क दिया कि 2024 के लोकसभा चुनाव में पार्टी इन विधानसभा क्षेत्रों में आगे (lead) रही थी. इस पर एसपी ने सीधा सवाल दागा कि बाकी की बची हुई 90 से ज्यादा सीटों का आधार क्या है.

सपा का मानना है कि यह बेहद अहम चुनाव है और सिर्फ हवा-हवाई मांगों के बजाय सीट मांगने का कोई लॉजिकल फॉर्मूला होना चाहिए. इसी के जवाब में समाजवादी पार्टी ने अपना खुद का फॉर्मूला तैयार किया और 26 सीटों की लिस्ट कांग्रेस के सामने रख दी.

क्या है अखिलेश यादव का '26 सीटों वाला फॉर्मूला'?

समाजवादी पार्टी ने यूं ही रैंडम तरीके से 26 सीटें नहीं चुनी हैं, बल्कि इसके पीछे 2022 के विधानसभा चुनाव के आंकड़ों का पूरा गणित लगाया गया है. एसपी सूत्रों के अनुसार, इन 26 सीटों को तीन कैटेगरी में बांटा गया है.

2022 में जीती हुई 2 सीटें: सबसे पहले वे दो सीटें दी गई हैं, जिन पर कांग्रेस ने 2022 के विधानसभा चुनाव में जीत दर्ज की थी. ये सीटें हैं रामपुर खास और फरेंदा. पूरे यूपी में कांग्रेस पिछले चुनाव में सिर्फ यही दो सीटें जीत पाई थी.

नंबर-2 रही 4 सीटें: इसके अलावा वे चार सीटें शामिल की गई हैं, जहां 2022 में कांग्रेस दूसरे नंबर (runner-up) पर रही थी. इनमें मथुरा, खेरागढ़ (आगरा), जगदीशपुर (अमेठी) और किदवई नगर (कानपुर) शामिल हैं. यहां गौर करने वाली बात यह है कि अमेठी जिले की जगदीशपुर सीट ही वह इकलौती सीट है, जो एसपी ने अमेठी-रायबरेली इलाके से कांग्रेस को ऑफर की है.

अन्य 20 सीटों का बोनस: इन 6 सीटों के अलावा एसपी ने कांग्रेस को 20 और सीटों का ऑफर दिया है, लेकिन इन 20 सीटों की लिस्ट देखकर ही कांग्रेस नेताओं का पारा सातवें आसमान पर पहुंच गया है.

उन 20 सीटों की लिस्ट में ऐसा क्या है जो कांग्रेस को रास नहीं आ रहा?

अगर हम एसपी द्वारा दी गई बाकी 20 सीटों की लिस्ट को डिकोड करें, तो पूरा खेल समझ में आता है. इस लिस्ट में बागपत, मोदीनगर (गाजियाबाद), हापुड़, जेवर (गौतमबुद्ध नगर), स्याना (बुलंदशहर), खुर्जा (बुलंदशहर), खैर (अलीगढ़), इगलास (हाथरस), मांट (मथुरा), आगरा नॉर्थ, फतेहपुर सीकरी (आगरा), बिलग्राम-मल्लावां (हरदोई), गोविंद नगर (कानपुर), नानपारा (बहराइच), गोरखपुर शहर, खजनी (संत कबीर नगर), पडरौना (कुशीनगर), फाजिलनगर (कुशीनगर), पिंडरा (वाराणसी) और वाराणसी कैंट शामिल हैं.

इस लिस्ट को ज्योग्राफी और पुराने चुनावी नतीजों के एंगल से देखें तो तीन बड़ी बातें सामने आती हैं.

1. वेस्ट यूपी की 11 सीटें, जहां एसपी खुद कमजोर मानी जाती है
ऑफर की गई 20 में से 11 सीटें पश्चिमी उत्तर प्रदेश (West UP) की हैं, जहां संगठनात्मक तौर पर एसपी को थोड़ा कमजोर माना जाता है. 2022 के चुनाव में इन सभी 11 सीटों पर बीजेपी (BJP) ने जीत दर्ज की थी. तब एसपी के साथ गठबंधन में रही जयंत चौधरी की आरएलडी (RLD) इनमें से 7 सीटों पर दूसरे नंबर पर थी, जबकि 2 सीटों पर बीएसपी (BSP) और सिर्फ 2 सीटों पर एसपी रनर-अप रही थी.

2. सेंट्रल यूपी की 2 बेहद मुश्किल सीटें
सेंट्रल यूपी से जो दो सीटें दी गई हैं, उनमें हरदोई की बिलग्राम-मल्लावां सीट पर 2022 में एसपी दूसरे नंबर पर थी. वहीं कानपुर की गोविंद नगर सीट पर पिछले चुनाव में एसपी को बीजेपी के हाथों 80,896 वोटों के भारी अंतर से हार का सामना करना पड़ा था.

3. ईस्ट यूपी की 7 सीटें और सीएम योगी का गढ़
पूर्वांचल यानी ईस्ट यूपी से दी गई सभी 7 सीटों पर 2022 में एनडीए (NDA) का कब्जा रहा था. इनमें से 6 सीटें बीजेपी ने जीती थीं और एक सीट (नानपारा) उसकी सहयोगी अपना दल (सोनेलाल) के खाते में गई थी. इन सभी सीटों पर पिछली बार एसपी दूसरे नंबर पर रही थी. दिलचस्प बात यह है कि इस लिस्ट में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की खुद की विधानसभा सीट गोरखपुर शहर (Gorakhpur Urban) भी शामिल है, जिसे एसपी ने कांग्रेस के पाले में डाल दिया है.

प्रेशर पॉलिटिक्स या गठबंधन की नई परीक्षा?

राजनीतिक जानकारों का मानना है कि यह पूरा घटनाक्रम सीटों के मोलभाव यानी बार्गेनिंग का हिस्सा भी हो सकता है. एक तरफ कांग्रेस 2024 के लोकसभा चुनाव के बेहतर प्रदर्शन के दम पर यूपी में अपनी जमीन फिर से मजबूत करना चाहती है, इसलिए वह 120 से 131 सीटों पर अड़ी है. वहीं दूसरी तरफ अखिलेश यादव अपनी पार्टी के मजबूत वोट बैंक के भरोसे ड्राइविंग सीट पर बने रहना चाहते हैं और सिर्फ उन्हीं सीटों पर समझौता करने के मूड में हैं जहां कांग्रेस का सीधा असर हो.

फिलहाल गेंद दोनों पार्टियों के शीर्ष नेतृत्व के पाले में है. अमेठी और रायबरेली जैसे इमोशनल और पॉलिटिकल गढ़ में सिर्फ एक सीट का ऑफर कांग्रेस के लिए स्वीकार करना लगभग नामुमकिन दिख रहा है. आने वाले दिनों में होने वाली बैठकों से ही साफ हो पाएगा कि दोनों दल बीच का कोई रास्ता निकाल पाते हैं या नहीं.

Add Zee News as a Preferred Source

About the Author

Gaurav Pandey

Gaurav Pandey

Gaurav is a multimedia journalist writing across a wide range of subjects, including politics, sports, cinema, explainers, opinion and Delhi Haryana civic issues. With analysis, he regularly covers social issues and public policy through in-depth. With around nine years of experience, he has worked with India Today, Hindustan Times, and Network18, producing stories with a strong focus on facts and ground reality. He studied journalism at IIMC Delhi.
Read More

ट्रेंडिंग

  • न्यूज़
  • फोटो
  • वीडियो