)
गुजरात में एक शर्मसार कर देने वाला मामला सामने आया है. एक महिला ने अपने पति के दोस्त के साथ अवैध संबंध बनाने से इनकार किया, तो बदला लेने की भावना से उसने एक भयानक काम को अंजाम दे डाला.आरोपी महिला की दो साल की बच्ची को चॉकलेट का लालच देकर अपने साथ ले गया और उसके साथ बलात्कार किया.
इंडिया टुडे की रिपोर्ट के मुताबिक, यह घटना गुजरात के भरूच जिले की है. आरोपी ने महिला के बार-बार प्रस्तावों को ठुकराए जाने का बदला लेने के लिए उसकी बच्ची को निशाना बनाया. बच्ची की मां की ओर से दर्ज कराई गई पुलिस शिकायत के अनुसार, आरोपी सुरेंद्रकुमार उसके पति का दोस्त था और उस पर अपने साथ संबंध बनाने का दबाव डाल रहा था.
पुलिस ने बताया कि जब महिला ने मना कर दिया, तो आरोपी ने फोन पर उसे गंभीर नतीजे भुगतने की धमकी दी और महिला से बदला लेने के लिए उसकी बच्ची को निशाना बनाया. शिकायत के मुताबिक, इस घटना में बच्ची के निजी अंगों पर गंभीर चोटें आईं.
घटना का पता चलने पर बच्ची के परिवार ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई. इसके बाद,'प्रोटेक्शन ऑफ चिल्ड्रन फ्रॉम सेक्सुअल ऑफेंसेस' (POCSO) एक्ट और अन्य संबंधित कानूनों के तहत मामला दर्ज किया गया और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया. उसे भरूच की एक विशेष POCSO अदालत में पेश किया गया, जहां पुलिस ने आगे की पूछताछ के लिए उसकी रिमांड की मांग की.
बाद में उसे भरूच की एक स्पेशल कोर्ट में पेश किया गया, जहां पुलिस ने उससे और पूछताछ करने के लिए उसकी रिमांड मांगी. मामले की आगे की जांच चल रही है.
अहमदाबाद मिरर की रिपोर्ट के मुताबिक, 1 मार्च 2024 से 28 फरवरी 2025 के बीच, गुजरात में पूर्व IPC की धारा 376 और उससे संबंधित भारतीय न्याय संहिता (BNS) व पॉक्सो (POCSO) अधिनियम (उप-धारा 4 और 6) के प्रावधानों के तहत 2,756 मामले दर्ज किए गए. इस अवधि के दौरान सूरत में 288 FIR और अहमदाबाद में 270 FIR दर्ज की गईं.
नेशनल क्राइम रिकॉर्ड्स ब्यूरो (NCRB) के 2024 के आंकड़ों में गुजरात के लिए बलात्कार के लिए सजा के तहत 427 मामले दर्ज हैं, जबकि 2024 के NCRB आंकड़ों पर आधारित 'गुजरात समाचार' की एक अलग रिपोर्ट में राज्य में बलात्कार के 661 मामले बताए गए हैं.