)
उत्तराखंड के उत्तरकाशी जिले की मोरी तहसील के पवाणी गांव में भीषण आग लगने से भारी तबाही मच गई. आग इतनी तेजी से फैली कि देखते ही देखते कई मकान इसकी चपेट में आ गए. शुरुआत में ग्रामीणों ने खुद ही आग बुझाने की कोशिश की. इसके बाद आपदा प्रबंधन व जिला प्रशासन को जानकारी दी गई. घटना के बाद गांव में अफरा-तफरी मच गई. आग पर काबू पाने के लिए प्रशासन और राहत-बचाव टीमों को मौके पर भेजा गया.
मिली जानकारी के मुताबिक, इस भीषण अग्निकांड में 33 आवासीय मकान पूरी तरह जलकर राख हो गए. इसके अलावा, गांव का पंचायत भवन और एक प्राथमिक सरकारी स्कूल भी आग की चपेट में आकर नष्ट हो गया. बताया जा रहा है कि इस घटना के बाद से कुल 58 परिवार बेघर हो गए हैं. वहीं आग बुझाने के दौरान एक व्यक्ति के घायल होने की भी खबर सामने आई है. सबसे राहत की बात यह है कि इस अग्निकांड में किसी की जान नहीं गई है और न ही किसी पशु की मौत हुई है.
आग लगने की सूचना मिलते ही तहसील मोरी की राजस्व टीम, फायर सर्विस, SDRF और पुलिस की टीमें घटनास्थल के लिए रवाना की गई थीं. मोरी तहसील से पवाणी गांव की दूरी करीब 55 से 60 किमी है. गांव में मोबाइल नेटवर्क की सुविधा भी नहीं है, जिसके चलते शुरुआत में घटनास्थल से जानकारी जुटाने में परेशानी हुई. देर रात तक राहत और बचाव कार्य जारी रहा. इसके बाद आग पर काबू पा लिया गया.
जनपद उत्तरकाशी की मोरी तहसील के ग्राम पवाणी में भीषण अग्निकांड में कई आवासीय भवनों के जलकर नष्ट होने का समाचार अत्यंत दुःखद एवं पीड़ादायक है। घटना की सूचना मिलते ही जिला प्रशासन द्वारा त्वरित कार्रवाई करते हुए एसडीआरएफ, पुलिस, राजस्व, स्वास्थ्य एवं अग्निशमन विभाग की टीमों को तत्काल घटनास्थल के लिए रवाना किया गया है। साथ ही प्रभावित परिवारों के लिए आवश्यक राहत सामग्री भी भेजी जा रही है। जिला प्रशासन को राहत एवं बचाव कार्यों में तेजी लाने, प्रभावित परिवारों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने तथा उन्हें हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं। अग्निकांड से हुए नुकसान का आकलन कर प्रभावितों को नियमानुसार राहत प्रदान की जाएगी। इस कठिन घड़ी में राज्य सरकार प्रभावित परिवारों के साथ पूरी संवेदनशीलता से खड़ी है। ईश्वर से सभी के सकुशल होने तथा प्रभावित परिवारों को इस संकट से उबरने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना करता हूं।
— Pushkar Singh Dhami (@pushkardhami) November 24, 2026
अग्निकांड के बाद प्रभावित परिवारों की मदद के लिए राहत सामग्री गांव पहुंचाई गई है. जिलाधिकारी प्रशांत आर्य पूरे घटनाक्रम पर नजर बनाए हुए हैं. वहीं मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने भी घटना पर दुख जताया है. उन्होंने जिला प्रशासन को राहत और बचाव कार्य तेज करने, प्रभावित परिवारों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने और हरसंभव मदद देने के निर्देश दिए हैं. प्रशासन अब आग से हुए नुकसान का आकलन कर रहा है, ताकि प्रभावित परिवारों को नियमानुसार सहायता दी जा सके.
(रिपोर्टः हेमंत नौटियाल, उत्तरकाशी)