)
लखनऊ: उत्तर प्रदेश में आज मौसम शुष्क रहने का अनुमान है. दिन में आसमान साफ रहेगा और धूप निकलेगी, लेकिन सुबह के समय कई जिलों में घना कोहरा लोगों की परेशानी बढ़ा सकता है. मौसम विभाग ने पश्चिमी और पूर्वी यूपी के कुछ इलाकों में कोहरे को लेकर चेतावनी जारी की है. कोहरे का असर 30 नवंबर तक बना रह सकता है. सुबह के समय खासकर तराई और पूर्वांचल के जिलों में दृश्यता कम हो सकती है. ऐसे में हाईवे और एक्सप्रेसवे पर सफर करने वालों को सावधानी बरतने की जरूरत है. फिलहाल प्रदेश में बारिश की कोई संभावना नहीं है.
मौसम विभाग के ताजा पूर्वानुमान के अनुसार प्रदेश के दोनों हिस्सों में आज मौसम शुष्क रहने की संभावना है. हालांकि सुबह के समय कई जगह हल्का से मध्यम कोहरा और धुंध देखने को मिल सकती है. 28 नवंबर को जारी ताजा पूर्वानुमान में 29 नवंबर के लिए पूर्वी और पश्चिमी यूपी में घने कोहरे की अलग से चेतावनी नहीं दी गई है. इससे पहले शनिवार को प्रदेश के कई जिलों में ठंड का असर दिखा. कानपुर, इटावा, हरदोई, अयोध्या और बस्ती में न्यूनतम तापमान करीब 10 डिग्री के आसपास रहा. वहीं बरेली में कोहरे के कारण दृश्यता घटकर 50 मीटर तक पहुंच गई थी.
लखनऊ में आज सुबह हल्का से मध्यम कोहरा छाने और बाद में आसमान साफ रहने का अनुमान है. यहां अधिकतम तापमान 26 डिग्री और न्यूनतम तापमान 12 डिग्री के आसपास रह सकता है.
लखनऊ: अधिकतम 26°C, न्यूनतम 12°C
नोएडा: दिन में मौसम साफ रहेगा, सुबह धुंध छाने की संभावना
वाराणसी: सुबह कोहरे के बाद दिन में धूप निकलने के आसार
दिल्ली-NCR: आसमान साफ रहेगा, लेकिन सुबह धुंध और कुछ जगह मध्यम कोहरा छा सकता है. अधिकतम तापमान 25 से 27°C और न्यूनतम 9 से 11°C रहने का अनुमान
मौसम विभाग के अनुसार फिलहाल प्रदेश में बारिश की संभावना नहीं है. अगले कुछ दिनों तक मौसम शुष्क बना रह सकता है. सुबह और रात के समय ठंड का असर धीरे-धीरे बढ़ेगा. वहीं सुबह के समय धुंध और कोहरे की स्थिति बनी रह सकती है. ऐसे में वाहन चालकों को सावधानी बरतने की सलाह दी गई है.