)
पंजाब के उद्योग एवं वाणिज्य मंत्री अमन अरोड़ा ने पंजाब और संयुक्त अरब अमीरात (UAE) के बीच औद्योगिक, व्यापारिक और निवेश साझेदारी को आगे बढ़ाने के लिए एक अहम कदम उठाया है. उन्होंने शारजाह चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री और इंडियन बिजनेस एंड प्रोफेशनल काउंसिल (IBPC) के अधिकारियों के साथ उच्च स्तरीय रणनीतिक बातचीत की.
इस बैठक का मुख्य उद्देश्य दोनों क्षेत्रों के उद्यमियों को आपस में जोड़ना, बिजनेस-टू-बिजनेस (B2B) संबंधों को मजबूत करना और साझा निवेश के लिए एक ठोस ढांचा तैयार करना है. इससे पंजाब और शारजाह के व्यापारियों को नए बाजार तलाशने, संयुक्त उपक्रम (ज्वाइंट वेंचर) स्थापित करने और निर्यात बढ़ाने में मदद मिलेगी.
बातचीत के दौरान 'इन्वेस्ट पंजाब' और IBPC उद्योग-से-उद्योग स्तर पर तालमेल बढ़ाने के लिए सहमत हुए. अमन अरोड़ा ने बताया कि 'इन्वेस्ट पंजाब' शारजाह के निर्माताओं, निर्यातकों और सेवा प्रदाताओं को पंजाब के उद्योगपतियों से सीधे जोड़ने में मदद करेगा. साथ ही, UAE के बाजार में विस्तार की चाह रखने वाली पंजाब की कंपनियों को भी पूरा सहयोग दिया जाएगा.
उद्योग मंत्री ने पंजाब के मजबूत औद्योगिक आधार और रणनीतिक स्थिति को वैश्विक निवेशकों के सामने रखा. उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री भगवंत मान के नेतृत्व में राज्य सरकार ने नियमों को बेहद आसान बनाया है. 'ईज ऑफ डूइंग बिजनेस' को बढ़ावा देकर और सिंगल-विंडो सिस्टम लागू करके पंजाब को देश का एक प्रमुख निवेश केंद्र बनाया गया है.
अमन अरोड़ा ने स्पष्ट किया कि पंजाब केवल पारंपरिक निवेश तक सीमित नहीं रहना चाहता, बल्कि विनिर्माण, प्रौद्योगिकी, निर्यात और सेवाओं जैसे क्षेत्रों में दीर्घकालिक द्विपक्षीय साझेदारी बनाना चाहता है. उन्होंने शारजाह के व्यापारिक समुदाय को पंजाब आकर निवेश की संभावनाएं तलाशने का न्योता भी दिया.
बैठक में भारत-UAE व्यापक आर्थिक भागीदारी समझौते (CEPA) का विशेष जिक्र किया गया. अमन अरोड़ा के अनुसार, पंजाब और UAE के बीच मजबूत संबंध न केवल आपसी व्यापार को बढ़ाएंगे, बल्कि पंजाब के निर्यातकों के लिए मध्य पूर्व और अन्य अंतरराष्ट्रीय बाजारों का दरवाजा भी खोलेंगे. शारजाह का औद्योगिक नेटवर्क भी पंजाब के लिए काफी उपयोगी साबित हो सकता है, जहां 3,000 से अधिक विनिर्माण इकाइयां, 7 फ्री जोन और 18 औद्योगिक जोन मौजूद हैं.
'इन्वेस्ट पंजाब' के सीईओ अमित ढाका ने एक प्रस्तुति के जरिए राज्य की नई औद्योगिक नीतियों और प्रशासनिक सुधारों की जानकारी दी. उन्होंने बताया कि 'फास्ट-ट्रैक पंजाब' पोर्टल के जरिए निवेशकों को सभी जरूरी मंजूरियां, सुविधाएं और आफ्टर-केयर सेवा एक ही जगह से उपलब्ध कराई जाती हैं. इस पूरी पहल से पंजाब और UAE के व्यापारिक संबंध मजबूत होंगे और स्थानीय उद्यमियों को वैश्विक सप्लाई चेन से जुड़ने का सीधा मौका मिलेगा.