App

उद्योग लगाने के लिए निवेशकों की पहली पसंद बना बिहार: 59 बड़े उद्योग खोलेंगे रोजगार के बड़े अवसर

बिहार की सग्राट चौधरी सरकार हर स्तर पर निवेशकों के साथ निरंतर संवाद कर रही है. नतीजा यह रहा कि आज बिहार में दर्जनों नए उद्योग स्थापित किए जा रहे हैं. बिहार निवेश का बड़ा केंद्र बन रहा है.

उद्योग लगाने के लिए निवेशकों की पहली पसंद बना बिहार: 59 बड़े उद्योग खोलेंगे रोजगार के बड़े अवसर
Image Credit: File Photo

बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के नेतृत्व में राज्य में औद्योगिकरण के क्षेत्र में तेजी से काम हो रहे हैं. मुख्यमंत्री निरंतर निवेशकों के साथ बैठक कर रहे हैं. सभी स्तर के निवेशकों के साथ निरंतर संवाद और निवेश से संबंधित उद्योग के प्रस्तावों को अमलीजामा पहनाने में उद्योग विभाग निरंतर जुटा हुआ है. दर्जनों नए उद्योग स्थापित हो रहे हैं या पिछले कुछ वर्षों से जिनकी कवायद चली आ रही थी, वह अब सरजमीं पर दिखने लगी है. 

  
कानून व्यवस्था की बेहतर स्थिति उद्योग स्थापित करने में निभा रहे सार्थक भूमिका

राज्य सरकार की औद्योगिक नीति, सिंगल विंडो क्लीयरेंस, जमीन की उपलब्धता और कानून-व्यवस्था की बेहतर स्थिति ने उद्योगों को स्थापित करने में सार्थक भूमिका निभा रही है. बिहार औद्योगिक क्षेत्र विकास प्राधिकरण (बियाडा) के मुताबिक, बियाडा की जमीन पर 40 और इससे बाहर कुल 19 बड़े उद्योग राज्यभर में स्थापित किए गए हैं. इस तरह 59 बड़े उद्योग राज्य में स्थापित हुए हैं, जिनसे सैकड़ों की संख्या में लोगों को रोजगार मिले हैं. इसके अतिरिक्त बड़ी संख्या में छोटे और मध्यम स्तर के उद्योग भी लग रहे हैं. अब तक लगाए गए उद्योगों में सबसे ज्यादा खाद्य प्रसंस्करण (फूड प्रोसेसिंग) से संबंधित उद्योग ही स्थापित किए गए हैं. 59 में 24 उद्योग खाद्य प्रसंस्करण से संबंधित हैं. इसकी मुख्य वजह सूबे में धान, मक्का, गन्ना, दूध और मखाना की अच्छी पैदावार का होना है.

11 उद्योग स्थापित किए गए

आंकड़ों के मुताबिक, खाद्य प्रसंस्करण के बाद सामान्य विनिर्माण (जनरल मैन्युफैक्चरिंग) समलन सीमेंट, सीमेंट ग्राइंडिंग, कागज मिल, फर्नीचर जैसे 11 उद्योग स्थापित हुए हैं. इसके अलावा इथेनॉल के 5, जैव ईंधन (बायोफ्यूल) के 4, प्लास्टिक के 5, सूचना प्रौद्योगिकी (आईटी)/इलेक्ट्रॉनिक प्रणाली डिजाइन और विनिर्माण (ईएसडीएम) के 3 उद्योग लग गए हैं या अंतिम चरण में हैं. साथ ही टेक्सटाइल, लॉजिस्टिक्स, स्वास्थ्य सेवा, पर्यटन, सौर ऊर्जा और थर्मल पॉवर के क्षेत्र में भी बड़ी संख्या में निवेश के प्रस्ताव आ रहे हैं. इनकी समीक्षा करके क्रमवार उद्योग लगाने की अनुमति प्रदान की जाएगी. इससे लाखों रोजगार प्रत्यक्ष एवं अप्रत्यक्ष रूप से उत्पन्न होंगे.

पटना एवं आसपास के क्षेत्रों में 8 उद्योग

बियाडा की जमीन पर राजधानी पटना एवं आसपास के क्षेत्रों में 8 बड़े उद्योग लगे हैं, जिसमें खाद्य प्रसंस्करण (राइस मिल, दाल मिल, मक्का प्रोसेसिंग, स्नैक्स) की तीन इकाई शामिल है. वहीं, प्लास्टिक के 2, आईटी और ईएसडीएम के उद्योग शामिल हैं. गोपालगंज में इथेनॉल, डेयरी, पोल्ट्री फीड और वेयरहाउस, समस्तीपुर में कॉम्फेड डेयरी, मुंगेर में मदर डेयरी और आईटीसी डेयरी, खगड़िया में प्रिस्टीन मेगा फूड पार्क जैसे उद्योग इसी कड़ी का हिस्सा हैं. मुजफ्फरपुर जिले में 7 उद्योग (3 इथेनॉल, 2 सामान्य विनिर्माण, जैव ईंधन और नवीकरणीय ऊर्जा) लगेंगे. मधुबनी एवं बेगूसराय में भी 4-4 उद्योग लग रहे हैं. सूचना प्रौद्योगिकी और इलेक्ट्रॉनिक प्रणाली डिजाइन और विनिर्माण (ईएसडीएम) की कंपनियों ने भी बिहार में निवेश किया है. पटना में सीटीआरएलएस डाटा सेंटर इसका सफल उदाहरण है.

नवादा में लग रहा अंबुजा सीमेंट का प्लांट

बड़े निवेश की बात करें, तो नवादा में अंबुजा सीमेंट उद्योग लगा रहा है, जिससे 2320 रोजगार विकसित होंगे. इसी तरह भागलपुर में अडानी पॉवर, पटना में सीटीआरएलएस डाटा सेंटर एवं एसएलएमजी बेवरेजेस, पूर्णिया में निरानी सुगर्स, गोपालगंज में मगध शुगर और वेस्टवेल बायो रिफाइनरीज जैसे बड़े नाम बिहार में निवेश कर रहे हैं. अकेले एसएलएमजी बेवरेजेस से 1099 और निरानी सुगर्स से 1200 लोगों को रोजगार मिलेगा.

राज्य में अब तक के पांच बड़े निवेश

1. अडानी पावर लिमिटेड, भागलपुर में 28 हजार 225 करोड़ रुपये की लागत से (थर्मल पावर प्लांट)

2. मगध शुगर एंड एनर्जी लिमिटेड, गोपालगंज में 12 हजार 187 करोड़ 98 लाख रुपये की लगात (खाद्य प्रसंस्करण/इथेनॉल)

3. वेस्टवेल बायोरिफाइनरीज प्राइवेट लिमिटेड, गोपालगंज में 9 हजार 533 करोड़ की लागत (खाद्य प्रसंस्करण/इथेनॉल)

4. एम्पेरा लाइफ इंडिया प्राइवेट लिमिटेड, पटना में 5 हजार 600 करोड़ रुपये की लागत से

5. मेडिवर्सल हेल्थकेयर प्राइवेट लिमिटेड, पटना में 2 हजार 422 करोड़ 60 लाख रुपये की लागत से (स्वास्थ्य सेवा/मल्टी स्पेशलिटी अस्पताल क्षेत्र में)

 

Add Zee News as a Preferred Source

About the Author

Amitesh Pandey

Amitesh Pandey

अमितेश कुमार पांडेय डिजिटल पत्रकार हैं और ज़ी डिजिटल टीम में सीनियर सब-एडिटर के पद पर काम कर रहे हैं. वे हाइपर-लोकल खबरों, क्राइम, प्रशासनिक गतिविधियों, राजनीतिक उठापटक और खेल जगत के मुद्दों पर पैनी नजर रखते हैं. खबरों की गहराई, ग्राउंड रियलिटी और तथ्य-आधारित डिजिटल कवरेज के लिए वे जाने जाते हैं.अमितेश के पास डेस्क एडिटिंग के साथ-साथ ग्राउंड रिपोर्टिंग का भी व्यावहारिक अनुभव है. अमितेश ने उत्तर प्रदेश के तीन प्रमुख शहरों- लखनऊ, प्रयागराज और गाज़ियाबाद में जमीनी स्तर पर रिपोर्टिंग की है. स्थानीय प्रशासन, जनसमस्याओं और राजनीतिक हलचलों की बेहतर समझ उन्हें ज़मीनी वास्तविकताओं को सटीक रूप से प्रस्तुत करने में मदद करती है. ज़ी मीडिया से पहले उन्होंने भारत के लिडिंग हिंदी न्यूज़ पेपर अमर उजाला, दैनिक जागरण और हिन्दुस्तान में काम करने का अनुभव है. उत्तर प्रदेश के प्रयागराज से ताल्लुक रखने वाले अमितेश को मीडिया जगत में 8 वर्षों से ज्यादा का अनुभव है. पत्रकारिता की पढ़ाई भी प्रयागराज से की है.अमितेश पांडेय से आप amitesh.pandey@india.com पर सीधे ईमेल कर संपर्क कर सकते हैं. इसके अलावा आप अमितेश से एक्स (ट्विटर) और लिंक्डइन पर कनेक्ट कर सकते हैं.
Read More