App

शिमला में बर्फबारी से पहले अलर्ट! 5 सेक्टर में बंटा शहर, पर्यटकों की भीड़ से निपटने का बना प्लान

शिमला में संभावित बर्फबारी को लेकर प्रशासन ने संबंधित विभागों को खास निर्देश जारी किए है. वहीं 25 से 31 दिसंबर तक होने वाले विंटर कार्निवाल को देखते हुए प्रशासन ने शहर को 5 सेक्टर में बांटकर सड़क, बिजली, पानी, स्वास्थ्य और सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने के निर्देश दिए हैं.

शिमला में बर्फबारी से पहले अलर्ट! 5 सेक्टर में बंटा शहर, पर्यटकों की भीड़ से निपटने का बना प्लान
Image Credit: AI IMAGE

हिमाचल की राजधानी शिमला में सर्दियों के दौरान संभावित बर्फबारी और आपातकालीन परिस्थितियों से निपटने के लिए जिला प्रशासन ने तैयारियां शुरू कर दी हैं. उपायुक्त एवं जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के अध्यक्ष अनुपम कश्यप की अध्यक्षता में बुधवार को इस संबंध में बैठक आयोजित की गई. उपायुक्त ने सभी विभागों को बर्फबारी के दौरान त्वरित कार्रवाई और बेहतर समन्वय के साथ काम करने के निर्देश दिए, ताकि स्थानीय लोगों और पर्यटकों को परेशानी का सामना न करना पड़े.

सर्दियों में आग और अलाव से आगजनी का खतरा, सेफ्टी ऑडिट के निर्देश 
उपायुक्त ने सभी कार्यालयाध्यक्षों के साथ जिला के स्कूलों और शिक्षण संस्थानों को सेफ्टी ऑडिट करवाने के निर्देश दिए. उन्होंने सर्दियों में आगजनी की घटनाओं को रोकने के लिए जागरूकता अभियान चलाने पर भी जोर दिया. उन्होंने कहा कि सर्दियों में आग और अलाव जलाने से आगजनी का खतरा रहता है, इसलिए लोगों को इस बारे में जागरूक करना जरूरी है.

बर्फबारी के इन बातों पर ध्यान रखने के निर्देश 
उपायुक्त ने सभी एसडीएम को अपने-अपने क्षेत्रों में बैठक कर आपातकालीन योजना तैयार करने के निर्देश दिए. साथ ही आर्मी, आईटीबीपी, एनडीआरएफ और एसडीआरएफ के साथ समन्वय बनाए रखने को कहा. बर्फबारी के दौरान राशन, गैस सिलेंडर और डीजल जैसी आवश्यक वस्तुओं का पर्याप्त भंडारण समय रहते सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए.

आपदा प्रबंधन किट
उन्होंने आपदा मित्रों के साथ तालमेल बनाए रखने और जरूरत पड़ने पर उनकी सेवाएं लेने को कहा. जिला की विभिन्न पंचायतों को आपदा प्रबंधन किट भी वितरित की गई हैं. इनमें छोहारा की 30, रोहड़ू की 27, जुब्बल की 25, कुपवी की 15, चौपाल की 48, रामपुर की 37 और ननखड़ी की 17 पंचायतें शामिल हैं. उपायुक्त ने सभी एसडीएम को बर्फबारी से निपटने के लिए आवश्यक सामान की सूची 26 नवंबर तक उपलब्ध करवाने के निर्देश दिए, ताकि मामला राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के समक्ष उठाया जा सके.

25 से 31 दिसंबर 2026 तक शिमला विंटर कार्निवाल, सुरक्षा की खास तैयारियां 
इसके साथ ही 25 से 31 दिसंबर 2026 तक आयोजित होने वाले शिमला विंटर कार्निवाल को लेकर भी उपायुक्त ने सभी विभागों को तैयारियां पूरी रखने के निर्देश दिए. उन्होंने कहा कि इस दौरान शहर में प्रतिदिन करीब 12 हजार वाहनों के पहुंचने की उम्मीद है. ऐसे में पर्यटकों और स्थानीय लोगों की सुविधा के लिए सभी विभागों को समन्वय के साथ काम करना होगा. पुलिस विभाग को कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए सतर्क रहने और शहर के सभी सीसीटीवी कैमरों की जांच करने के निर्देश दिए गए. जरूरत के अनुसार नए कैमरे लगाने को भी कहा गया.

उपायुक्त ने जल शक्ति विभाग और शिमला जल प्रबंधन निगम लिमिटेड को बर्फबारी के दौरान पेयजल आपूर्ति सुचारू रखने के निर्देश दिए. बिजली विभाग को निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने और वन क्षेत्रों से गुजरने वाली बिजली लाइनों पर विशेष ध्यान देने को कहा. उन्होंने बिजली, पानी और सड़क सुविधाओं को जल्द बहाल करने के निर्देश भी दिए.

बर्फबारी में अस्पतालों तक आसानी से पहुंचने के इंतजाम
बर्फबारी के दौरान अस्पतालों तक पहुंचने वाले रास्तों को प्राथमिकता के आधार पर खोलने के निर्देश दिए गए हैं. स्वास्थ्य विभाग को आपातकालीन एंबुलेंस के टायरों पर चेन लगाने, सभी स्वास्थ्य संस्थानों में पर्याप्त दवाइयां और चोट लगने की स्थिति में जरूरी सामान उपलब्ध रखने को कहा गया है. जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण की ओर से जिला आपातकालीन परिचालन केंद्र 24 घंटे संचालित किया जा रहा है. किसी भी आपदा की सूचना टोल फ्री नंबर 1077 पर दी जा सकती है.

जिला प्रशासन ने बर्फबारी से निपटने के लिए शिमला शहर और आसपास के क्षेत्रों को पांच सेक्टर में बांटा है. प्रत्येक सेक्टर में एक नोडल अधिकारी तैनात किया जाएगा.

सेक्टर-1: संजौली, छोटा शिमला, ढली, कुफरी, नालदेहरा, मशोबरा और बल्देयां.

सेक्टर-2: ढली-संजौली बाईपास, आईजीएमसी, लक्कड़ बाजार से विक्ट्री टनल, कैथू, भराड़ी, चौड़ा मैदान, एजी ऑफिस, अनाडेल और हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय.
सेक्टर-3: टूटीकंडी बाईपास से शोघी, चक्कर, बालूगंज, टूटू, जतोग, नाभा, फागली, खलीणी, बीसीएस और विकास नगर.

सेक्टर-4: डीसी ऑफिस, विक्ट्री टनल से कार्ट रोड होते हुए छोटा शिमला, ओक ओवर, यूएस क्लब, रिज, होली लॉज, जाखू, रिच माउंट, रामचन्द्र चौक, कमला नेहरू अस्पताल और उच्च न्यायालय.
सेक्टर-5: हिमाचल प्रदेश सचिवालय, छोटा शिमला, ब्रॉकहॉस्ट, मेहली, कसुम्पटी, पंथाघाटी और नवबहार.


प्रशासन ने बर्फबारी के दौरान यातायात और आपातकालीन सेवाओं को सुचारू रखने के लिए कई मार्गों को प्राथमिकता सूची में रखा है. इनमें संजौली से आईजीएमसी, चम्याणा अस्पताल रोड, आईजीएमसी से कैंसर अस्पताल, केएनएच से कार्ट रोड, राजभवन से ओक ओवर, होली लॉज से रिज, रिच माउंट, यूएस क्लब, ओक ओवर और सचिवालय तक का मार्ग शामिल है.

इसके अलावा बालूगंज से पीटरहॉफ होते हुए चौड़ा मैदान और एजी ऑफिस, लिफ्ट से हाईकोर्ट होते हुए ओक ओवर और छोटा शिमला, कार्ट रोड से विक्ट्री टनल होते हुए सचिवालय, कार्ट रोड से विक्ट्री टनल और लक्कड़ बाजार होते हुए संजौली, कैनेडी चौक से अनाडेल, छोटा शिमला से कसुम्पटी और पंथाघाटी तथा मेहली से शोघी होते हुए टूटीकंडी मार्ग को भी प्राथमिकता से खोला जाएगा.

(शिमला से अंकुश डोबाल की रिपोर्ट)

Add Zee News as a Preferred Source

About the Author

Renu Akarniya

Renu Akarniya

रेनू अकर्णिया, वर्तमान में Zee News में सब-एडिटर के पद पर कार्यरत हैं और हाइपर लोकल की लेटेस्ट, ट्रेंडिंग, यूटिलिटी से जुड़ी खबरों पर काम कर रही हैं. रेनू पिछले 4 सालों से डिजिटल मीडिया में सक्रिय हैं. DU से पत्रकारिता में ग्रेजुएशन करने के बाद उन्होंने 2022 में Zee News से अपने करियर की शुरुआत की. लोकल चैनल समाचार प्लस में इंटर्न से शुरुआत की और कारवां बढ़ता हुआ जी न्यूज पहुंचा है.रेनू अकर्णिया से आप renu.akarniya@india.com पर ईमेल के माध्यम से संपर्क कर सकते हैं. इसके अलावा, एक्स (ट्विटर) के जरिए भी उनसे सीधा संवाद कर सकते हैं. 
Read More