)
उत्तराखंड में सर्दी का असर अब धीरे-धीरे बढ़ने लगा है. प्रदेश के ज्यादातर इलाकों में दिन के समय धूप निकल रही है, लेकिन सुबह और शाम तापमान गिरने से ठिठुरन महसूस होने लगी है. पहाड़ी क्षेत्रों में पाला पड़ने लगा है, जबकि घाटी वाले इलाकों में हल्का कोहरा छाने की संभावना है. मौसम विभाग के अनुसार, प्रदेश में फिलहाल बारिश या बर्फबारी के आसार नहीं हैं. दो दिसंबर तक मौसम शुष्क बने रहने का अनुमान है. इस बीच गंगोत्री में सुबह का तापमान माइनस 11 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है.
25 नवंबर को कैसा रहेगा उत्तराखंड का मौसम?
मौसम विभाग के मुताबिक, बुधवार 25 नवंबर को उत्तराखंड के ज्यादातर हिस्सों में मौसम साफ और शुष्क रहने का अनुमान है. प्रदेश में बारिश या बर्फबारी को लेकर कोई चेतावनी जारी नहीं की गई है. अगले कुछ दिनों तक भी मौसम का यही रुख बने रहने की संभावना है. हालांकि, पर्वतीय जिलों की घाटियों में सुबह के समय हल्का कोहरा देखने को मिल सकता है. पहाड़ों में पाला पड़ने से सुबह और शाम ठंड का असर ज्यादा महसूस होगा. मौसम विभाग के सात दिवसीय पूर्वानुमान में 30 नवंबर तक कई जगहों पर कोहरे की संभावना जताई गई है.
दिन में धूप, सुबह-शाम बढ़ रही ठंड
देहरादून और आसपास के इलाकों में मंगलवार को दिनभर धूप खिली रही. सुबह कुछ जगहों पर हल्का कोहरा और धुंध देखने को मिली. शाम होते ही तापमान में गिरावट आने से ठिठुरन बढ़ गई. हालांकि, दिन के समय धूप निकलने से लोगों को राहत मिल रही है. देहरादून में अधिकतम और न्यूनतम तापमान फिलहाल सामान्य के आसपास बना हुआ है. आने वाले दिनों में तापमान में और गिरावट होने की संभावना जताई गई है.
गंगोत्री में माइनस 11 डिग्री पहुंचा तापमान
पहाड़ी इलाकों में सर्दी का असर ज्यादा दिखाई दे रहा है. गंगोत्री में बुधवार सुबह तापमान माइनस 11 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया. यहां सुबह और शाम पाला गिरने से ठंड काफी बढ़ गई है. वहीं, नैनीताल और मसूरी में मौसम साफ रहने से पर्यटकों की आवाजाही बढ़ रही है. ऋषिकेश में भी पर्यटक राफ्टिंग के लिए पहुंच रहे हैं.
रुड़की और रुद्रपुर में हवा की गुणवत्ता खराब
उत्तराखंड में ठंड के साथ वायु गुणवत्ता भी चिंता का विषय बनी हुई है. प्रदेश के रुड़की और रुद्रपुर में पिछले एक सप्ताह से हवा की गुणवत्ता खराब दर्ज की जा रही है. बुधवार सुबह रुड़की का AQI 250, रुद्रपुर का 186 और देहरादून के सहस्रधारा का AQI 150 रिकॉर्ड हुआ. वहीं, पहाड़ी जिलों में वायु गुणवत्ता सूचकांक (AQI) ग्रीन जोन में बना हुआ है. यानी प्रदेश के मैदानी शहरों में हवा की गुणवत्ता पहाड़ी इलाकों के मुकाबले ज्यादा खराब दर्ज की गई है.