)
बिहार के सरकारी स्कूलों में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा सुनिश्चित करने के लिए शिक्षा विभाग ने नया निर्देश जारी किया है. अब स्कूलों में पढ़ाई के दौरान शिक्षकों को बैठक, प्रशिक्षण, वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग या किसी अन्य विभागीय काम के लिए नहीं बुलाया जाएगा. हर घंटी में बच्चों की पढ़ाई अनिवार्य होगी. बैठक और प्रशिक्षण का आयोजन स्कूल खुलने से पहले या छुट्टी के बाद किया जाएगा. शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी ने भी कहा है कि सरकार की पहली प्राथमिकता बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा देना है.
बीजेपी नेता मृत्युंजय तिवारी ने कहा कि बिहार के सरकारी विद्यालयों में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा कैसे दी जाए, पठन-पाठन के कार्यों में कोई बाधा उत्पन्न न हो, इसके लिए सरकार संकल्पित है. शिक्षा मंत्री श्री मिथिलेश तिवारी ने स्पष्ट किया है कि अब सरकारी विद्यालयों में शिक्षकों को क्लास के समय, जिस समय क्लास होते रहेंगे, पठन-पाठन का कार्य होता रहेगा, उस दौरान किसी भी कार्य में, किसी भी बैठक में नहीं लगाया जाएगा. मृत्युंजय तिवारी ने कहा कि उन्हें किसी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग में भी नहीं लगाया जाएगा, तो यह लगातार शिक्षा में सुधार के लिए सरकार प्रयत्नशील है, काम कर रही है. इसका नतीजा भी दिख रहा है कि आज बिहार में शिक्षा व्यवस्था चुस्त और दुरुस्त है.
सरकार के इस फैसले का जेडीयू ने स्वागत किया है. पार्टी की प्रदेश प्रवक्ता पूजा पैट्रिक ने कहा कि बच्चे बिहार और देश का भविष्य हैं, इसलिए स्कूल के समय में शिक्षकों का पूरा ध्यान पढ़ाई पर होना चाहिए.
वहीं, आरजेडी प्रवक्ता एजाज अहमद ने सरकार के फैसले पर सवाल उठाते हुए कहा कि शिक्षकों को चुनाव, जनगणना और सर्वे जैसे कामों में भी लगाया जाता है. उन्होंने शिक्षा व्यवस्था में भ्रष्टाचार और बिहार की खराब शैक्षणिक स्थिति का मुद्दा उठाया.
वहीं, कांग्रेस के मीडिया चेयरपर्सन अजय पासवान ने इस फैसले को देर से उठाया गया कदम बताया. उन्होंने कहा कि शिक्षा मंत्री का यह फैसला अपनी ही सरकार के पिछले दो दशक के कार्यकाल पर सवाल खड़ा करता है. कांग्रेस ने फैसले का स्वागत करते हुए इसके क्रियान्वयन पर लगातार नजर रखने की बात कही है.
रिपोर्ट: शिवम राज