)
कोलकाता से सटे हावड़ा जिले में चोरी की एक बेहद अजीबोगरीब और चौंकाने वाली वारदात सामने आई है. यहां पश्चिम बंगाल राज्य सचिवालय 'नबन्ना' से महज चंद कदमों की दूरी पर स्थित एक रिहायशी सोसाइटी में रविवार तड़के एक शख्स बड़े इत्मीनान से दाखिल हुआ और करीब 40 फ्लैटों के बाहर रखे 1.2 लाख रुपये कीमत के ब्रांडेड जूते और चप्पल समेट कर रफूचक्कर हो गया.
यह पूरी घटना शिबपुर इलाके की 'हैप्पी गार्डन हाउसिंग सोसाइटी' की है, जिसका सीसीटीवी फुटेज अब सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बना हुआ है. सोसाइटी के गलियारों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज देखकर हर कोई हैरान है. वीडियो में दिख रहा है कि यह वारदात रविवार सुबह करीब 5 बजे से ठीक पहले हुई. फुटेज में सुबह 4 बजकर 52 मिनट का समय दर्ज है.
इस वायरल वीडियो में एक शख्स नजर आ रहा है, जिसने सफेद रंग की फुल-स्लीव शर्ट और गहरे रंग की पैंट पहन रखी है. उसके बाल सलीके से कटे हुए हैं और दाढ़ी-मूंछ भी ट्रिम की हुई है. किसी पेशेवर ऑफिसर जैसा दिखने वाला यह चोर नंगे पांव बिना कोई आहट किए कॉरिडोर में टहलता हुआ दिखाई दे रहा है. चोर के चेहरे पर पकड़े जाने का कोई खौफ नजर नहीं आ रहा है. उसने दो मिनट से ज्यादा समय तक बड़े आराम से बंद लकड़ी के शू-रैक और खुले स्टैंड्स की तलाशी ली. उसने चुन-चुनकर महंगे और ब्रांडेड जूते-चप्पल अपने साथ लाए एक चमकदार लाल रंग के कैरी बैग में भरे और सुबह 4 बजकर 54 मिनट पर बड़े आराम से कैमरे की नजर से ओझल हो गया.
सोसाइटी के निवासियों ने इस मामले में शिबपुर पुलिस स्टेशन में सामूहिक शिकायत दर्ज कराई है. शिकायत के मुताबिक, शातिर चोर ने मुख्य द्वार पर तैनात सुरक्षाकर्मियों की नजरों से बचने के लिए उत्तर-पूर्वी हिस्से की चारदीवारी (बाउंड्री वॉल) फांदी और उसी रास्ते से बाहर भी निकल गया. अंदर घुसने के बाद उसने ब्लॉक-ए और ब्लॉक-बी के कई फ्लैटों को निशाना बनाया. रविवार की सुबह जब लोग मॉर्निंग वॉक और अपने काम पर जाने के लिए घरों से बाहर निकले, तो दरवाजे से अपने जूते-चप्पल गायब देखकर सन्न रह गए. दर्जनों लोगों को बिना फुटवियर के परेशान होना पड़ा.
भले ही एक टिप-टॉप कपड़े पहने शख्स द्वारा लाल बोरी में जूते-चप्पल भरने की यह घटना पड़ोस में हंसी-मजाक और चर्चा का विषय बनी हुई है, लेकिन सोसाइटी के लोग अपनी सुरक्षा को लेकर गहरे सदमे और चिंता में हैं. इस इमारत में कई बुजुर्ग दंपति अकेले रहते हैं. ऐसे में बाहरी व्यक्ति का इतनी आसानी से सुरक्षा घेरा तोड़कर अंदर आ जाना गंभीर सवाल खड़े करता है. सोसाइटी में रहने वाले एक बुजुर्ग शख्स ने बताया, 'चोर मेरे यूएस पोलो के जूते और मेरी पत्नी की नई सैंडल ले गया, जो काफी महंगी थीं. उसने खासतौर पर ब्रांडेड फुटवियर को ही निशाना बनाया. लोगों को यह भले ही मजेदार लग रहा हो, लेकिन इस इलाके में यह इस तरह की तीसरी घटना है.'
एक अन्य स्थानीय निवासी ने सुरक्षा व्यवस्था पर चिंता जताते हुए कहा, 'ऐसा लगता है कि वह इस इलाके से अच्छी तरह वाकिफ है. आज वह सिर्फ महंगे जूते-चप्पल चुरा रहा है, कल को वह किसी बड़ी डकैती या लूट की वारदात को भी अंजाम दे सकता है. यह हमारी सुरक्षा के लिए बेहद खतरनाक है.' फिलहाल, सोसाइटी के लोगों ने सीसीटीवी की रिकॉर्डिंग शिबपुर पुलिस को सौंप दी है, जिसमें आरोपी का चेहरा साफ दिखाई दे रहा है. निवासियों ने पुलिस से तत्काल एफआईआर दर्ज करने, आरोपी की जल्द गिरफ्तारी सुनिश्चित करने और इलाके में रात की गश्त बढ़ाने की मांग की है.