)
Nashik Fraud Baba Case: महाराष्ट्र के नासिक में एक ढोंगी बाबा को गिरफ्तार किया गया है. शख्स ने बाबा का रूप धारम कर महिला को उसकी बीमारियां ठीक करने और 'पैसों की बारिश' कराने का झांसा दिया और उससे 7.5 लाख रुपये ठग लिए थे. आरोपी के खिलाफ जांच की जा रही है.
पुलिस के मुताबिक आरोपी ढोंगी बाबा ने एक महिला को उसकी बीमारियां ठीक करने और पैसों की बारिश कराने का अनुष्ठान करने का वादा करके 7.5 लाख रुपये की ठगी की. घटना के बाद आरोपी एक महीने से फरार चल रहा था. अब क्राइम ब्रांच की टीम ने उसे अपनी हिरासत में ले लिया है.
आरोपी की पहचान अरुण धोंडू पाटिल के रूप में हुई है. आरोप है कि उसने महिला को उसकी गंभीर बीमारियों को ठीक करने का भरोसा दिलाकर उसका विश्वास जीता था. इसके बाद उसने अघोरी अनुष्ठानों और तरह-तरह के अंधविश्वासों का सहारा लेकर महिला को डराया-धमकाया और उससे 7,50,000 रुपये ठग लिए. गंगापुर पुलिस स्टेशन में मामला दर्ज होने के बाद आरोपी वहां से भाग गया था.
पुलिस ने लगातार आरोपी की तलाश जारी रखी. इस बीच क्राइम ब्रांच के यूनिट 3 की टीम को आरोपी के बारे में गुप्त जानकारी मिली, जिसके बाद टीम ने मसरूल इलाके के मेंढे वस्ती में जाल बिछाया और उसे पकड़ लिया. पुलिस की ओर से ऐसे ढोंगी 'बाबाओं' के खिलाफ यह एक बड़ी कार्रवाई मानी जा रही है, जो इलाज के नाम पर अंधविश्वास फैलाकर महिलाओं का शोषण करते हैं.
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, महिला पनवेल की रहने वाली थी और अस्थमा से पीड़ित थी. उसे कुछ समय पहले ही नासिक के गंगापुर शिवर के अरुण धोंडू पाटिल नाम के एक तांत्रिक के बारे में पता चला. उसने पीड़िता के घर एक गाड़ी भेजी और उसे और उसके पति को आंखों पर काली पट्टी बांधकर पनवेल से नासिक ले आया. अघोरी पूजा के बाद उसने फिर से उनकी आंखों पर पट्टी बांधी और उन्हें पनवेल के लिए छोड़ दिया. उसने दूसरी बार भी यही किया. ढोंगी बाबा ने इसी तरह उसने बार-बार महिला के सामने मंत्र पढ़ने और पूजा करने का ढोंग किया और उससे 7 लाख रुपये ऐंठ लिया. इन सबके बावजूद महिला की बीमारी ठीक नहीं हुई. जब महिला को अपने साथ हुए धोखे का एहसास हुआ, तो उसने ढोंगी बाबा से अपने पैसे वापस मांगे, लेकिन बाबा गोलमोल जवाब देता रहा और भाग गया. घटना को लेकर फिर महिला ने पुलिस में शिकायत दर्ज की और मामले की जांच की गई.