App

धौलपुर में कांग्रेस के बहुमत पर गुटबाजी पड़ सकती है भारी! अपनों की खींचतान से कहीं फिसल न जाए जिला प्रमुख की कुर्सी

धौलपुर जिला परिषद में 29 में से 21 सीटें जीतने के बावजूद कांग्रेस की चिंता बढ़ी हुई है. जिला प्रमुख चुनाव से पहले पार्टी ने सदस्यों की बाड़ेबंदी की है. वहीं भाजपा की नजर कांग्रेस की अंदरूनी गुटबाजी और संभावित सेंधमारी पर टिकी है.

धौलपुर में कांग्रेस के बहुमत पर गुटबाजी पड़ सकती है भारी! अपनों की खींचतान से कहीं फिसल न जाए जिला प्रमुख की कुर्सी
Image Credit: Dholpur Zila Pramukh Election 2026 (AI Image)

Dholpur Zila Pramukh Election 2026: राजस्थान के धौलपुर में पंचायत चुनाव के नतीजे आने के बाद अब जिला प्रमुख की कुर्सी को लेकर सियासी हलचल तेज हो गई है. जिला परिषद की 29 सीटों में से कांग्रेस ने 21 सीटों पर जीत दर्ज की है, जबकि भाजपा के पास सिर्फ 5 और बसपा के पास 3 सदस्य हैं. स्पष्ट बहुमत होने के बावजूद कांग्रेस जिला प्रमुख चुनाव को लेकर कोई जोखिम नहीं लेना चाहती. इसकी सबसे बड़ी वजह पार्टी के भीतर चल रही गुटबाजी बताई जा रही है. वहीं भाजपा की नजर कांग्रेस की इसी कमजोरी पर टिकी है.

बहुमत के बावजूद कांग्रेस ने क्यों की बाड़ेबंदी?

कांग्रेस नेताओं का दावा है कि जनता ने उन्हें स्पष्ट बहुमत दिया है और जिला प्रमुख उनकी पार्टी का ही बनेगा. भाजपा की सेंधमारी की कोई भी कोशिश कामयाब नहीं होगी. इसके बावजूद कांग्रेस ने अपने निर्वाचित सदस्यों की बाड़ेबंदी कर रखी है. सदस्यों को बाहरी नेताओं और फोन कॉल से दूर रखने की कोशिश की जा रही है. प्रत्येक सदस्य पर भरोसेमंद नेताओं की नजर है. बैठकों में भी सदस्यों को एकजुट रहने का संदेश दिया जा रहा है.

नगर परिषद वाला दांव आजमाएगी भाजपा?

धौलपुर नगर परिषद चुनाव में कांग्रेस बहुमत के करीब थी, लेकिन भाजपा राजनीतिक जोड़तोड़ के जरिए अपना बोर्ड बनाने में कामयाब रही थी. अब जिला परिषद में भी भाजपा द्वारा उसी रणनीति को आजमाने की चर्चा है. बताया जा रहा है कि भाजपा के रणनीतिकार कांग्रेस के निर्वाचित सदस्यों के साथ-साथ बसपा सदस्यों से भी संपर्क साधने की कोशिश कर रहे हैं. हालांकि भाजपा नेता इस संबंध में खुलकर कुछ नहीं कह रहे हैं.

कांग्रेस के लिए अपनों को साधना बड़ी चुनौती

पंचायत चुनाव के दौरान ही कांग्रेस के पूर्व विधायक और वर्तमान विधायक के बीच जुबानी जंग देखने को मिली थी. अब जिला प्रमुख पद पर अपनी पसंद का उम्मीदवार बैठाने को लेकर अलग-अलग गुटों के बीच खींचतान की चर्चा है. सूत्रों के मुताबिक, कांग्रेस के कुछ निर्वाचित सदस्य भी असमंजस में हैं. ऐसे में पार्टी के लिए सभी गुटों के बीच सहमति बनाना और सदस्यों को एकजुट रखना बड़ी चुनौती है.

शोभारानी और रोहित बोहरा के गुटों पर नजर

राजाखेड़ा विधायक रोहित बोहरा और बसेड़ी विधायक संजय कुमार जाटव कांग्रेस की रणनीति के केंद्र में नजर आ रहे हैं. वहीं पूर्व विधायक बीएल कुशवाह के तेवरों ने पार्टी की मुश्किलें बढ़ा दी हैं. धौलपुर विधायक शोभारानी कुशवाह और रोहित बोहरा के गुटों के बीच चल रही खींचतान से भाजपा को राजनीतिक फायदा मिलने की उम्मीद है. अब देखना होगा कि कांग्रेस अपने स्पष्ट बहुमत के दम पर जिला प्रमुख की कुर्सी हासिल करती है या भाजपा नगर परिषद चुनाव की तरह कोई सियासी उलटफेर करने में कामयाब होती है.

Add Zee News as a Preferred Source

About the Author

Ansh Raj

Ansh Raj

अंश राज Zee News में सब-एडिटर के तौर पर कार्यरत हैं. रीजनल की हर छोटी-बड़ी खबर पर उनकी पैनी नजर रहती है. क्राइम, पॉलिटिक्स और पावर कॉरिडोर से जुड़ी खबरों में उनकी खास दिलचस्पी है. नई चीजों को सीखने की अक्सर फिराक में रहते हैं. डिजिटल मीडिया में करीब 3 साल का अनुभव रखने वाले अंश राज ने चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय से जर्नलिज्म में मास्टर्स किया है. खबरों की गंध को सबसे पहले पहचानना, उसकी तह तक पहुंचना, उसे सबसे पहले, सबसे तेज और सबसे बेहतर तरीके से दर्शकों तक पहुंचाना ही इनका मकसद है. यही अंश राज है.अंश राज से आप ansh.raj@india.com पर ईमेल के माध्यम से संपर्क कर सकते हैं. इसके अलावा, एक्स (ट्विटर) और फेसबुक के जरिए भी उनसे सीधा संवाद कर सकते हैं.
Read More