)
ऑनलाइन गेमिंग की लत किस तरह इंसान को अपराध की राह पर ले जा सकती है, इसका एक मामला राजनांदगांव जिले में सामने आया है. ऑनलाइन गेमिंग में करीब 10 लाख रुपये का कर्ज होने के बाद उसे चुकाने के लिए दो युवकों ने चोरी की वारदात को अंजाम दे दिया. पुलिस ने मामले में दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है. आरोपियों के कब्जे से करीब साढ़े आठ लाख रुपये कीमत के सोने-चांदी की ज्वेलरी और चोरी में इस्तेमाल की गई कार भी बरामद की गई है.
कर्ज चुकाने सूने मकान में की चोरी
दरअसल, पूरा मामला पुलिस चौकी मोहारा अंतर्गत ग्राम ठाकुरटोला का है. गांव के रहने वाले दीपक वर्मा के सूने मकान को चोरों ने निशाना बनाया था. दीपक वर्मा के गांव से बाहर जाने के दौरान आरोपियों ने उनके मकान में चोरी की वारदात को अंजाम दिया. पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की.
ऑनलाइन गेमिंग की लत ने बनाया चोर
मामले की जांच के दौरान पुलिस को गांव के ही रहने वाले सुरेंद्र साहू और गणेश्वर नेताम पर संदेह हुआ. पुलिस ने दोनों को हिरासत में लेकर पूछताछ की तो चोरी की पूरी कहानी सामने आ गई. पूछताछ में खुलासा हुआ कि सुरेंद्र साहू को ऑनलाइन गेमिंग की लत थी, जिसके चलते उस पर करीब 10 लाख रुपये का कर्ज हो गया था. इसी कर्ज को चुकाने के लिए उसने अपने साथी गणेश्वर नेताम के साथ मिलकर चोरी की योजना बनाई.
पहले मकान की रेकी की, फिर मकान मालिक के गांव से बाहर जाते ही की चोरी
दोनों आरोपियों ने पहले दीपक वर्मा के मकान की रेकी की और उनके गांव से बाहर जाने का इंतजार किया. मौका मिलते ही दोनों ने सूने मकान में चोरी की वारदात को अंजाम दे दिया.
करीब 8.5 लाख के सोने-चांदी की ज्वेलरी, चोरी में इस्तेमाल की गई कार भी बरामद
राजनांदगांव के उप पुलिस अधीक्षक सत्य प्रकाश तिवारी ने बताया कि पुलिस ने दोनों आरोपियों के कब्जे से करीब साढ़े आठ लाख रुपये कीमत के सोने-चांदी के ज्वेलरी और घटना में प्रयुक्त कार बरामद की है. दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है.
(राजनांदगांव से किशोर शिल्लेदार की रिपोर्ट)