)
छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में नवजात शिशु की खरीद-फरोख्त की कोशिश का सनसनीखेज मामला सामने आया है और एक बड़े अंतरराज्यीय गिरोह का भंडाफोड़ हुआ है. पुलिस ने मास्टरमाइंड कृतिका साहू समेत तीन महिला आरोपियों (अहिल्या नामदेव और गीतिका नाग) को गिरफ्तार किया है. यह गिरोह गरीब और अवैध संबंधों से गर्भवती हुई महिलाओं को निशुल्क प्रसव और बेहतर उपचार का झांसा देकर अपने जाल में फंसाता था और डिलीवरी के बाद उनके नवजात बच्चों को 5 से 10 लाख रुपये में निःसंतान दंपतियों को बेच देता था.
इस पूरे रैकेट का खुलासा तब हुआ जब ओडिशा के सुंदरगढ़ की रहने वाली एक गर्भवती महिला को निःशुल्क प्रसव और इलाज का झांसा देकर रायपुर बुलाया गया. आरोप है कि रायपुर में तीन महिलाओं ने महिला की आर्थिक मजबूरी का फायदा उठाकर उसके नवजात बच्चे को निःसंतान दंपत्ति को बेचने की साजिश रची. 4 नवंबर 2026 को प्रसव के बाद जब महिला ने बच्चा बेचने से मना किया, तो उसे डराया-धमकाया गया. महिला के विरोध करने पर उसे बच्चे समेत बंधक बनाकर रखा गया और प्रसव में हुए खर्च की भरपाई बच्चे को बेचकर करने की धमकी दी गई.
किसी तरह आजाद चौक थाने पहुंचकर पुलिस को अपनी आपबीती सुनाई. मामले में पुलिस ने तीन महिला आरोपियों कृतिका साहू, अहिल्या नामदेव और गीतिका नाग को गिरफ्तार किया है. पुलिस की प्रारंभिक पूछताछ में अन्य नवजात बच्चों की खरीद-फरोख्त में भी इनकी संलिप्तता के संकेत मिले हैं. फिलहाल पुलिस पूरे नेटवर्क और इसमें शामिल अन्य लोगों की तलाश में जुटी है.
पुलिस की प्रारंभिक जांच में उड़ीसा, हैदराबाद और अहमदाबाद समेत कई राज्यों में फैले इस नेटवर्क के जरिए अब तक 15 से 20 नवजात शिशुओं को बेचे जाने के सबूत मिले हैं. चौंकाने वाली बात यह है कि आरोपी फर्जी तरीके से जन्म प्रमाण पत्र में सीधे बच्चे को खरीदने वाले दंपति का नाम दर्ज करा देते थे, जिसमें कई निजी अस्पतालों, डॉक्टरों और दलालों की संलिप्तता भी सामने आई है, जिनकी पुलिस अब तलाश कर रही है.
गिरफ्तार महिलाओं में से कृतिका साहू को गिरोह का मास्टरमाइंड बताया जा रहा है, जो पेशे से लैब टेक्नीशियन है. पुलिस गिरफ्तार महिलाओं से पूछताछ कर रही है और गिरोह के अन्य सदस्यों, दलालों और अस्पतालों से जुड़े लोगों के बारे में पता लगाने की कोशिश कर रही है. पुलिस ने केस में शामिल लोगों के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की चेतावनी दी है. (इनपुट- राजेश निषाद)