)
मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल के बाद अब छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में भी गोरा करने के दावे के साथ बेची जा रही प्रतिबंधित पाकिस्तानी क्रीम का बड़ा मामला सामने आया है. खाद्य एवं औषधि प्रशासन (FDA) की टीम ने बंजारी मार्केट स्थित एक ब्यूटी सेंटर पर ताबड़तोड़ छापेमारी कर 'मेड इन पाकिस्तान गोरी क्रीम' और अन्य फेयरनेस उत्पादों का भारी जखीरा बरामद किया है. इसके अलावा गोल मार्केट की अन्य दुकानों में भी जांच की गई और साथ ही अन्य इलाकों में भी छापेमारी की तैयारी है.
अधिकारियों ने बताया कि मौके से जब्त किए गए कुल 218 पीस गोरी क्रीम और अन्य उत्पादों की बाजार में कीमत करीब 1 लाख 25 हजार आंकी गई है. इस बड़ी कार्रवाई के बाद प्रशासनिक अमले में हड़कंप मच गया है, क्योंकि बिना लाइसेंस और गुणवत्ता मानकों के विपरीत धड़ल्ले से बिकने वाली ये विदेशी क्रीम त्वचा के लिए बेहद खतरनाक साबित हो सकती हैं.
खाद्य एवं औषधि विभाग (FDA) ने सभी संदिग्ध उत्पादों के नमूने लेकर उन्हें जांच के लिए लैब भेज दिया है. इसके साथ ही अन्य दुकानों की भी बारीकी से जांच की जा रही है. सात दिन में गोरा करने का दावा करने वाली पाकिस्तानी क्रीम 'गोरी' को डॉक्टर खतरनाक बता रहे हैं, जबकि दुकानदार इस क्रीम को सुरक्षित बताते हुए इसके नुकसान से इनकार कर रहे हैं और यह क्रीम दुकानों पर खुलेआम बिक रही है.
पाकिस्तानी क्रीम 'गोरी' के अवैध कॉस्मेटिक नेटवर्क की जड़ें कहां तक फैली हैं, इसका पता लगाने के लिए विभाग अब यूपीआई (UPI) ट्रांजैक्शन और डिजिटल पेमेंट के आधार पर सप्लायरों के नेटवर्क को खंगालने में जुट गया है. विभाग यह पता लगाने की भी कोशिश कर रहा है कि आखिर इसकी सप्लाई चेन कहां से चल रही है? इसके अलावा छत्तीसगढ़ और मध्य प्रदेश समेत दूसरे राज्यों तक यह कैसे पहुंच रही है?
इससे पहले Zee मीडिया ने भोपाल में 7 दिन में गोरेपन का दावा करने वाली पाकिस्तानी कॉस्मेटिक क्रीम 'गोरी' के अवैध और खतरनाक कारोबार का खुलासा किया था. हैरानी की बात यह है कि कथित पाकिस्तानी क्रीम 'गोरी' बाजार में पुलिस चौकियों के इर्द-गिर्द स्थित दुकानों पर भी खुलेआम बिक रही है. Zee मीडिया संवाददाता प्रमोद शर्मा ने भोपाल में इस क्रीम को खरीदा था और खुफिया कैमरे में क्रीम बेचने वाले दुकानदार भी कैद हुए. बड़ा सवाल है की पाकिस्तानी क्रीम इंडिया मार्केट में पहुंच कैसे रही है? हैरानी की बात यह है कि जिस दुकान से क्रीम खरीदी गई, वहां पुलिस जवान की तैनाती के बावजूद कथित पाकिस्तानी उत्पाद धड़ल्ले से बिकता नजर आया.
दुकानदार भले ही इस क्रीम को सुरक्षित बताकर नुकसान के इनकार कर रहे हैं, लेकिन डॉक्टर ने इसको लेकर चेतावनी दी है और बताया कि इस तरह की अमानक क्रीमों में अत्यधिक मात्रा में स्टेरॉयड, हाइड्रोक्विनोन और मरकरी (पारा) मिला होता है. इस तरह की क्रीम त्वचा को भारी नुकसान पहुंचाती है और प्राकृतिक चमक के साथ कोशिकाओं को भी पूरी तरह नष्ट कर देती है. अगर नियमित इसका इस्तेमाल किया जाए, तो त्वचा स्थायी रूप से खराब होने के साथ ही घातक दुष्प्रभाव पड़ने का खतरा रहता है.
छत्तीसगढ़ में पाकिस्तान की प्रतिबंधित क्रीम की बिक्री को लेकर कांग्रेस संचार विभाग प्रमुख सुशील आनंद शुक्ला ने सवाल उठाया और कहा कि प्रतिबंधित पाकिस्तानी क्रीम का बिकना कोई आश्चर्य नहीं है. छत्तीसगढ़ में पाकिस्तान का ड्रग बिक रहा है. यह सरकार नहीं रोक पा रही है. बीजेपी का पाकिस्तान से प्रेम छुपा नहीं है. (इनपुट- राजेश निषाद)