App

फेसबुक पर हुआ प्यार, फिर पति की हत्या, पत्नी ने दर्ज कराई गुमशुदगी, बेगूसराय में प्रेमी संग गिरफ्तार

बेगसूराय में पति की गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराने वाली पत्नी ही हत्या की साजिशकर्ता निकली. पुलिस ने पूरे मामले का खुलासा कर दिया. पुलिस ने आरोपी पत्नी और उसके प्रेमी को गिरफ्तार कर लिया.

फेसबुक पर हुआ प्यार, फिर पति की हत्या, पत्नी ने दर्ज कराई गुमशुदगी, बेगूसराय में प्रेमी संग गिरफ्तार
Image Credit: बेगूसराय में पत्नी ने प्रेमी संग मिलकर पति की हत्या कर दी (Photo-AI)

बेगूसराय में एक पत्नी ने पति की हत्या अपने प्रेमी के साथ मिलकर कर दिया. आरोप है कि प्रेमी ने महिला के पति की गला घोंटकर हत्या कर दी. शव को सिमरिया स्थित पुराने पुल से गंगा नदी में फेंक दिया. इसके बाद पत्नी ने पति के गुमशुदगी की रिपोर्ट पुलिस थाना में दर्ज कराई. पुलिस ने पत्नी ने पति को खोजने की गुहार लगाई. हालांकि, पुलिस ने इस पूरे हत्याकांड का खुलासा चोरी हुए ट्रैक्टर की जांच के दौरान किया है. पुलिस ने पत्नी डोली और उसके प्रेमी मुकेश कुमार को गिरफ्तार कर लिया है. मगरर, हत्या के कई दिनों बाद भी मृतक धीरज राय का शव बरामद नहीं हो सका है.

दरअसल, पूरा मामला बेगूसराय के गढ़हरा थाना क्षेत्र अंतर्गत बारो रामपुर टोला का है, जहां के रहने वाले धीरज कुमार राय 14 अक्टूबर 2026 की शाम अपने घर से निकले थे, लेकिन फिर वापस नहीं लौटे. पति के घर नहीं लौटने पर पत्नी डोली ने अगले दिन गढ़हरा थाना पहुंचकर पति की गुमशुदगी की प्राथमिकी दर्ज कराई थी.

इस प्राथमिकी में रामदीरी निवासी मुकेश कुमार पर आर्थिक लेन-देन के विवाद में धीरज को गायब करने की आशंका जताई गई थी. पुलिस ने मामले की जांच शुरू की, लेकिन पर्याप्त साक्ष्य नहीं मिलने के कारण मुकेश ने न्यायालय से जमानत हासिल कर ली. इधर, धीरज के परिजनों को लगातार मुकेश पर शक था. परिवार का आरोप था कि धीरज की पत्नी डोली के नाम पर खरीदा गया ट्रैक्टर मुकेश वापस नहीं कर रहा है. इसके बाद 14 नवंबर को ट्रैक्टर से जुड़े मामले में मुकेश के खिलाफ गढ़हरा थाना में एक और प्राथमिकी दर्ज कराई गई.

पुलिस ने कार्रवाई करते हुए मुकेश कुमार को ट्रैक्टर के साथ गिरफ्तार कर लिया. जब पुलिस ने उससे सख्ती से पूछताछ की, तो धीरज की गुमशुदगी के पीछे छिपे कथित हत्याकांड का खुलासा हुआ. पुलिस के अनुसार, पूछताछ में मुकेश कुमार ने धीरज की हत्या करने की बात स्वीकार की. उसने बताया कि डोली और उसके बीच वर्ष 2022 में फेसबुक के माध्यम से जान-पहचान हुई थी. धीरे-धीरे दोनों के बीच नजदीकियां बढ़ती गईं और दोनों का प्रेम-संबंध हो गया.

बताया जाता है कि धीरज के ड्यूटी पर रहने के दौरान मुकेश का घर आना-जाना भी शुरू हो गया था. जब आसपास के लोग इस पर सवाल उठाते थे तो डोली उसे अपना मौसेरा भाई बताती थी. पुलिस के मुताबिक, धीरज इस रिश्ते का विरोध करता था. इसी बात को लेकर पति-पत्नी के बीच अक्सर विवाद और मारपीट भी होती थी. आखिरकार दोनों ने मिलकर धीरज को रास्ते से हटाने की कथित साजिश रची.

पुलिस पूछताछ में मुकेश ने बताया कि वह धीरज को अपनी कार में बैठाकर ले गया था. इसके बाद कार के अंदर मोबाइल चार्जर से गला घोंटकर उसकी हत्या कर दी गई. हत्या के बाद शव को सिमरिया स्थित पुराने पुल से गंगा नदी में फेंक दिया गया.

मुकेश कुमार ने बाद में डोली को उसके नए मोबाइल सिम पर हत्या की जानकारी भी दी थी. वहीं, इस हत्याकांड के पीछे आर्थिक लेन-देन का मामला भी सामने आया है. पुलिस की जांच में पता चला कि मुकेश ने धीरज और डोली को आर्थिक रूप से मजबूत बनाने का सपना दिखाया था. पत्तल बनाने की फैक्ट्री शुरू कराने के नाम पर लोगों से कर्ज दिलवाया गया था.

मृतक के भाई विकास राय के अनुसार, फैक्ट्री लगाने के लिए परिवार की जमीन तक बैंक में गिरवी रखवाई गई थी. इसके बाद मुकेश ने ठेकेदारी के काम में ट्रैक्टर लगाकर कमाई करने का सपना दिखाया और डोली के नाम पर ट्रैक्टर खरीदा गया. इसी ट्रैक्टर को लेकर विवाद और प्राथमिकी के बाद पुलिस की जांच में हत्या की साजिश का खुलासा हुआ.

वहीं, इस पूरे हत्याकांड का सबसे दर्दनाक पहलू मृतक धीरज राय के दो मासूम बच्चों का भविष्य है. जिस उम्र में बच्चों को माता-पिता का प्यार और सुरक्षा मिलनी चाहिए, उस उम्र में उनके सिर से पिता का साया उठ गया और मां भी हत्या के आरोप में जेल पहुंच गई. फिलहाल, दोनों बच्चे परिवार के अन्य सदस्यों के पास रह रहे हैं. परिजनों ने बताया कि धीरज की पत्नी ने ही अपने प्रेमी के साथ मिलकर उसकी हत्या करवाई है. परिवार ने आरोपियों के खिलाफ कड़ी से कड़ी कार्रवाई की मांग की है.

वहीं, पुलिस ने इस मामले में पत्नी डोली और उसके कथित प्रेमी मुकेश कुमार को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है. हालांकि, पुलिस के सामने अब सबसे बड़ी चुनौती धीरज राय के शव को गंगा नदी से बरामद करना है. इस संबंध में मुख्यालय डीएसपी निखिल कुमार ने बताया कि धीरज राय की गुमशुदगी का मामला उसकी पत्नी ने ही दर्ज कराया था. पुलिस ने मोबाइल सर्विलांस और तकनीकी जांच के आधार पर मुकेश कुमार को गिरफ्तार किया. पूछताछ में मुकेश ने धीरज की हत्या करने और पत्नी के साथ मिलकर शव को गंगा नदी में फेंकने की बात स्वीकार की है.

रिपोर्ट: जितेंद्र कुमार चौधरी

Add Zee News as a Preferred Source

About the Author

Shailendra

Shailendra

शैलेंद्र जी न्यूज के रीजनल चैनल, जी बिहार झारखंड की डिजिटल टीम में चीफ सब एडिटर के तौर पर काम करते हैं. वह बिहार और झारखंड की सियासत और क्राइम समेत कई समसामयिक मुद्दों पर न्यूज लिखते हैं. वह कभी-कभी राष्ट्रीय मुद्दों पर भी लिखते हैं. उनको मीडिया के तीनों प्रारूप प्रिंट, टेलीविजन और डिजिटल में काम करने का अनुभव. जनसंदेश टाइम्स, स्वतंत्र चेतना, टीवी 100, साधना न्यूज, एफएम न्यूज आदि न्यूज चैनलों से होते हुए न्यूज नेशन, इंडिया अहेड, ईटीवी भारत और न्यूज स्ट्रीट मीडिया (NYOOOZ) में अहम जिम्मेदारी निभाई. मीडिया जगत में सफर पिछले 12 सालों से बिना रुके जारी है.
Read More