)
एक दुकान से खड़ा किया 15 करोड़ का कारोबार, फिर ऐसे जगा वैराग्य ?
मूल रूप से जसवंतगढ़ के रहने वाले दिलीप भाई ने सूरत के टेक्सटाइल मार्केट में महज एक दुकान से अपने सफर की शुरुआत की थी. दिन-रात की मेहनत से उन्होंने इस काम को तीन दुकानों और कई मशीनों तक फैलाया, जिससे उनका सालाना टर्नओवर करीब 15 करोड़ रुपये तक पहुंच गया. लेकिन इसी बीच जब वे आचार्यश्री के संपर्क में आए, तो उनका झुकाव धर्म की ओर बढ़ने लगा. मन में वैराग्य का भाव जागा तो उन्होंने कारोबार को आगे बढ़ाने के बजाय उसे समेटना शुरू कर दिया. खास बात यह रही कि इस बड़े फैसले में उनकी पत्नी और दोनों बेटियों ने भी पूरा साथ दिया.
बड़ी बेटी पहले ही बन चुकी हैं साध्वी
इस परिवार के लिए संयम की राह नई नहीं है. दिलीप भाई की बड़ी बेटी शैली साल 2023 में ही सांसारिक जीवन त्यागकर दीक्षा ले चुकी हैं और अब वे साध्वी दर्शिता के नाम से जानी जाती हैं. बेटी के संन्यास लेने के बाद दिलीप भाई का धर्म के प्रति लगाव और गहरा होता चला गया, जिसका नतीजा यह हुआ कि अब पूरा परिवार ही इसी मार्ग पर चलने को तैयार है.
एक बेटी ने छोड़ा जमता बिजनेस, दूसरी ने फुटबॉल का मैदान
दीक्षा लेने जा रही बेटी छवि ने बीबीए में ग्राफिक डिजाइन की पढ़ाई की है. उन्होंने क्रोशिया कला से कलाकृतियां और उपयोगी सामान बनाकर अपना खुद का व्यवसाय शुरू किया था. काम अच्छा चल निकला था, लेकिन परिवार के दीक्षा के फैसले के चलते उन्होंने महज चार महीने बाद ही अपना बिजनेस छोड़ दिया. वहीं, सबसे छोटी बेटी चार्वी सूरत में जिला स्तर पर फुटबॉल खेल चुकी हैं. खेल के मैदान और नौवीं की पढ़ाई को बीच में छोड़कर उन्होंने भी धर्म की राह चुन ली है.
पैतृक गांव में भावुक माहौल, चल रही कठिन साधना की तैयारी
इन दिनों भोगर परिवार अपने पैतृक गांव जसवंतगढ़ पहुंचा हुआ है. परिवार के इस त्याग को देखकर गांव और आसपास के इलाकों में बेहद भावनात्मक माहौल है और जगह-जगह उनका स्वागत-अभिनंदन किया जा रहा है. दीक्षा से पहले पूरा परिवार खुद को नए जीवन के लिए तैयार कर रहा है और पैदल विहार, आहार-विहार व जैन संतों की कठिन दिनचर्या व साधना का प्रशिक्षण ले रहा है.